Tuesday, 3 March 2026

झांसी देवर से अफेयर, युवक ने भाभी को चाकू से गोदा, फिर खुद ने भी दी जान 7 साल पहले लव मैरिज करके लाया था राकेश


 झांसी देवर से अफेयर, युवक ने भाभी को चाकू से गोदा, फिर खुद ने भी दी जान


7 साल पहले लव मैरिज करके लाया था राकेश



उत्तर प्रदेश के झांसी शहर के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के नैनागढ़ इलाके में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां मौसेरे देवर ने अपनी भाभी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के कुछ घंटों बाद आरोपी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार, नैनागढ़ निवासी राकेश साहू लोडिंग गाड़ी चलाने का काम करता है। शनिवार सुबह वह रोज की तरह काम पर निकल गया था। घर पर उसकी पत्नी माया (32) और पांच साल की बेटी मौजूद थीं। इसी दौरान राकेश का मौसेरा भाई महेंद्र साहू (36) पीछे के रास्ते से घर में घुस आया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उसके हाथ में चाकू था। बिना कुछ कहे उसने माया पर पेट और सीने में कई वार कर दिए। हमले में माया गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। बच्ची के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। 


सूचना पर सीओ सदर रामवीर सिंह और प्रेमनगर थाना प्रभारी तुलसी राम पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल माया को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात तक उसकी हालत नाजुक बनी रही। घटना के कुछ घंटे बाद ही महेंद्र का शव प्रेमनगर थाने के पीछे एक गली में पेड़ से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लिया। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ सदर रामवीर सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि माया और महेंद्र के बीच करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध थे। हाल के दिनों में दोनों के बीच विवाद और दूरी बढ़ गई थी। इसी से आक्रोशित होकर महेंद्र ने वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि माया मूल रूप से अहमदाबाद (गुजरात) की रहने वाली है। राकेश और महेंद्र पहले वहीं साथ में नौकरी करते थे। इसी दौरान राकेश की माया से पहचान हुई और दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया। विवाह के बाद दंपती झांसी लौट आए। बाद में महेंद्र भी झांसी आकर उसी मोहल्ले में रहने लगा। 


पति राकेश के अनुसार, दो साल पहले महेंद्र और माया के बीच संबंध बन गए थे। माया कुछ समय के लिए महेंद्र के साथ दिल्ली भी गई, जहां उसके साथ मारपीट हुई। इसके बाद वह झांसी लौट आई और रिश्तेदारों के समझाने पर राकेश ने उसे दोबारा अपने साथ रख लिया। राकेश ने यह भी बताया कि दो दिन पहले महेंद्र ने फोन कर उसे और उसकी पत्नी को जान से मारने की धमकी दी थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। इलाके में घटना के बाद दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

No comments:

Post a Comment