Sunday, 4 October 2026

गोरखपुर थप्पड़ काण्ड के बाद एक्शन में आये सपा मुखिया अखिलेश यादव सपा की गोरखपुर जिला और महानगर इकाई में मचा हड़कंप, प्रेस वार्ता के दौरान हुआ था विवाद


 गोरखपुर थप्पड़ काण्ड के बाद एक्शन में आये सपा मुखिया अखिलेश यादव


सपा की गोरखपुर जिला और महानगर इकाई में मचा हड़कंप, प्रेस वार्ता के दौरान हुआ था विवाद



उत्तर प्रदेश गोरखपुर, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोरखपुर जिले और महानगर की पार्टी इकाइयों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। पार्टी का यह फैसला एक दिन पहले आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दो नेताओं के बीच हुए विवाद और मारपीट की घटना के बाद सामने आया है। इस कार्रवाई को संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने और पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जारी निर्देश के अनुसार, गोरखपुर के जिला अध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष सहित दोनों इकाइयों की पूरी कार्यकारिणी को भंग कर दिया गया है। इसके साथ ही फ्रंटल संगठनों तथा प्रदेश और राज्य स्तर की कार्यकारिणियों में गोरखपुर से जुड़े सभी पदाधिकारियों को भी तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया गया है। इस फैसले से जिले और महानगर में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में व्यापक बदलाव की स्थिति बन गई है। दरअसल, विवाद की शुरूआत एक दिन पहले आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान हुई थी। गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने की दावेदारी कर रहे अंशुमान सिंह और पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना साहनी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसी दौरान अंशुमान सिंह के बेटे ने कथित तौर पर पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना साहनी को थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद प्रेस वार्ता में मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को शांत कराया। इस घटनाक्रम से पार्टी के स्थानीय संगठन की किरकिरी हुई।


 मामले की जानकारी समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव तक पहुंचाई गई। इसके बाद पार्टी नेतृत्व ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की। विवाद के दिन ही शाम तक अंशुमान सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। इसके अगले दिन शनिवार को राष्ट्रीय नेतृत्व ने गोरखपुर जिले और महानगर की सभी संबंधित इकाइयों को भंग करने का निर्णय लिया। इस कार्रवाई को केवल एक व्यक्ति के खिलाफ अनुशासनात्मक कदम तक सीमित न मानकर संगठन के स्तर पर उठाई गई व्यापक कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी की इस कार्रवाई के बाद अब गोरखपुर में नए संगठनात्मक गठन को लेकर चचार्एं तेज हो गई हैं। जिला और महानगर इकाइयों के भंग होने से नए पदाधिकारियों की नियुक्ति और संगठन को दोबारा व्यवस्थित करने की प्रक्रिया महत्वपूर्ण होगी। हालांकि, नए अध्यक्षों और कार्यकारिणी के गठन को लेकर आगे की स्थिति पार्टी नेतृत्व के निर्णय पर निर्भर करेगी। राजनीतिक दृष्टि से भी इस घटनाक्रम को अहम माना जा रहा है। आगामी चुनावों और संगठन की मजबूती के लिहाज से पार्टी नेतृत्व के सामने स्थानीय स्तर पर एकजुटता बनाए रखने की चुनौती है। प्रेस वार्ता में हुआ विवाद और उसके बाद की गई कार्रवाई ने गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के संगठनात्मक हालात को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

आजमगढ़ जीयनपुर एयरटेल टावर पर चढ़ी युवती, एक घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा राजूपट्टी गांव के पास टावर पर चढ़ी युवती, पुलिस ने समझाकर सुरक्षित नीचे उतारा


 आजमगढ़ जीयनपुर एयरटेल टावर पर चढ़ी युवती, एक घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा



राजूपट्टी गांव के पास टावर पर चढ़ी युवती, पुलिस ने समझाकर सुरक्षित नीचे उतारा


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के सगड़ी क्षेत्र के जीयनपुर कोतवाली अंतर्गत राजूपट्टी गांव के पास रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती एयरटेल के मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती को टावर पर चढ़ा देख आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए समझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे तक मौके पर हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। जानकारी के अनुसार, युवती रविवार सुबह करीब 11 बजे राजूपट्टी गांव के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। देखते ही देखते वह टावर पर काफी ऊंचाई तक पहुंच गई। आसपास मौजूद लोगों की नजर जब उस पर पड़ी तो मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना जीयनपुर कोतवाली पुलिस को दी। 


सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और टावर पर चढ़ी युवती से नीचे उतरने की अपील करने लगी। पुलिसकर्मियों के साथ ही मौके पर मौजूद लोगों ने भी उसे काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवती नीचे आने को तैयार नहीं हुई। इससे पुलिस और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई। इस दौरान युवती अपने मोबाइल फोन पर किसी व्यक्ति से लगातार बातचीत करती रही। वह फोन पर किससे और क्या बातचीत कर रही थी, इसकी तत्काल जानकारी नहीं हो सकी। युवती को टावर पर चढ़ा देखकर मौके पर मौजूद लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं भी होती रहीं। पुलिस की समझाइश और प्रयास के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। घटना के दौरान किसी तरह की अनहोनी नहीं हुई। युवती टावर पर क्यों चढ़ी थी, इसे लेकर पुलिस जानकारी जुटा रही है।

आजमगढ़ निजामाबाद खड़ी कार में अचानक लगी भीषण आग, जलकर हुई खाक गुरुद्वारा मोड़ पर आधी रात हुआ हादसा, कार में रखे आरसी, बीमा कागजात, पासपोर्ट, वीजा और फ्लाइट टिकट भी जले


 आजमगढ़ निजामाबाद खड़ी कार में अचानक लगी भीषण आग, जलकर हुई खाक



गुरुद्वारा मोड़ पर आधी रात हुआ हादसा, कार में रखे आरसी, बीमा कागजात, पासपोर्ट, वीजा और फ्लाइट टिकट भी जले


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा मोड़ के पास रविवार की देर रात खड़ी कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और कार जलकर पूरी तरह राख हो गई। आबादी के बीच कार में आग लगने से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।


 बताया गया कि मऊ जनपद के कम्हरिया गांव निवासी मोहम्मद आमिर अपने दोस्त को बलिया से लेकर लखनऊ एयरपोर्ट छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान निजामाबाद निवासी एक अन्य दोस्त को लेने के लिए वे गुरुद्वारा मोड़ पहुंचे। कार खड़ी करने के बाद तीनों लोग वाहन से उतरकर अपने दोस्त के घर मिलने चले गए। इसी दौरान कार में अचानक आग लग गई। आग की तेज लपटें देखकर आसपास के लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। 


बताया गया कि कार संख्या यूपी 60 एएक्स 6897 में आरसी सर्टिफिकेट, बीमा दस्तावेज समेत वाहन से संबंधित अन्य कागजात रखे थे। इसके अलावा अनिल कुमार शर्मा का पासपोर्ट, वीजा और फ्लाइट टिकट भी कार में रखा हुआ था, जो आग की चपेट में आकर जल गए। कार मालिक ने घटना की सूचना निजामाबाद थाने में दे दी है। फिलहाल कार में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। अचानक खड़ी कार में लगी भीषण आग से आसपास के लोग भी भयभीत नजर आए। लोगों का कहना था कि आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी कार के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था।

आजमगढ़ सिधारी पुलिस मुठभेड़ में बकरी चोरी गिरोह के सदस्य को लगी गोली तमंचा-कारतूस व 1,560 रुपये बरामद


 आजमगढ़ सिधारी पुलिस मुठभेड़ में बकरी चोरी गिरोह के सदस्य को लगी गोली


तमंचा-कारतूस व 1,560 रुपये बरामद


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के थाना सिधारी पुलिस ने रविवार को बकरी चोरी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी की बकरी बेचने से मिले 1,560 रुपये और घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान शाहगढ़ चौराहे पर मुखबिर से सूचना मिली कि बकरी चोरी गिरोह के दो सदस्य बाइक से समेंदा होते हुए शाहगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना पर इटौरा चौकी प्रभारी रंजन कुमार साव, उपनिरीक्षक बालेन्द्र कुमार यादव समेत पुलिस टीम ने समेंदा-पूरा ठकुराई मार्ग स्थित लोहारी मोड़ पुलिया के पास घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि बाइक को रोकने का इशारा करने पर चालक ने अचानक ब्रेक लगाया और बाइक गिर गई। चालक कलीम अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला, जबकि बाइक पर पीछे बैठे आसिफ ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस के मुताबिक आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद दोबारा फायरिंग का प्रयास करने पर आत्मरक्षार्थ की गई नियंत्रित फायरिंग में गोली आसिफ के दाहिने पैर में घुटने के नीचे लगी। उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। 


पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आसिफ ने पूछताछ में बताया कि वह कलीम और अन्य साथियों के साथ मिलकर बकरी चोरी करता था। आरोपी ने 29 सितंबर 2026 को सिधारी के दौलतपुर से दो बकरी, 20 सितंबर 2026 को समेंदा से एक बकरी और 16 सितंबर 2026 को जीयनपुर के बैरियाडिह से तीन बकरी चोरी करने की बात स्वीकार की है। समेंदा से चोरी की गई बकरी बेचने पर उसके हिस्से में आए 1,560 रुपये भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने आसिफ के खिलाफ सिधारी थाने में हत्या के प्रयास, चोरी, चोरी की संपत्ति रखने और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक आसिफ के विरुद्ध पहले से छह मुकदमे दर्ज हैं, जबकि फरार कलीम के खिलाफ 38 अभियोग पंजीकृत हैं। कलीम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने निरीक्षण कर तमंचा, कारतूस, खोखा, मिसफायर कारतूस, चप्पल और अन्य साक्ष्य सुरक्षित किए। बरामदगी की वीडियोग्राफी भी कराई गई।