Monday, 30 March 2026

आजमगढ़ फूलपुर 25 हजार का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार, अवैध तमंचा व कारतूस बरामद


 आजमगढ़ फूलपुर 25 हजार का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार, अवैध तमंचा व कारतूस बरामद



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के फूलपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹25,000 के इनामी व गैंगस्टर एक्ट में वांछित शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से अवैध तमंचा .315 बोर व एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन व क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरन पाल सिंह के पर्यवेक्षण में यह सफलता मिली।


 पुलिस के अनुसार, गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में वांछित अभियुक्त सलीम पुत्र इम्तियाज निवासी सतुवहिया की गिरफ्तारी पर ₹25,000 का इनाम घोषित था। रविवार देर रात मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी सच्चिदानंद व उनकी टीम ने किठावें नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर उसे करीब 12:17 बजे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से अवैध तमंचा व कारतूस बरामद हुआ, जिसके आधार पर आर्म्स एक्ट में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है।


 पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह अपने गैंग के साथ मिलकर गोवध जैसे संगठित अपराध में संलिप्त है और बचाव के लिए अवैध हथियार रखता है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से ही गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, आर्म्स एक्ट व गैंगस्टर एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। इस गिरफ्तारी में कोतवाल फूलपुर सच्चिदानंद के साथ उपनिरीक्षक अजीज खान व अन्य पुलिसकर्मियों की टीम शामिल रही।

आजमगढ़ कन्धरापुर पुलिस मुठभेड़ में 2 अंतरजनपदीय शातिर बदमाशों को लगी गोली अवैध तमंचा, कारतूस व लूटी गई चैन बरामद, 1 आरोपी फरार

आजमगढ़ कन्धरापुर पुलिस मुठभेड़ में 2 अंतरजनपदीय शातिर बदमाशों को लगी गोली



अवैध तमंचा, कारतूस व लूटी गई चैन बरामद, 1 आरोपी फरार



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के थाना कन्धरापुर क्षेत्र में पुलिस और शातिर अपराधियों के बीच देर रात हुई मुठभेड़ में दो बदमाश घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिए गए, जबकि उनका एक साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके से अवैध असलहे, कारतूस, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा लूटी गई सोने की चैन बरामद की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अंतरजनपदीय स्तर पर सक्रिय थे और आजमगढ़ समेत आसपास के जिलों में चोरी, लूट और छिनैती की घटनाओं को अंजाम देते थे। घटना की शुरुआत 26 मार्च 2026 को हुई, जब एक महिला ने थाना कन्धरापुर में शिकायत दर्ज कराई कि भंवरनाथ मंदिर से लौटते समय बिजौरा कॉलोनी के पास बाइक सवार बदमाशों ने उसके गले से सोने की चैन छीन ली। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। 


जांच के दौरान सामने आया कि इस वारदात में शामिल आरोपी शातिर अपराधी हैं, जो विभिन्न जनपदों में सक्रिय रहकर लगातार घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। 30 मार्च 2026 की देर रात पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी, तभी सूचना मिली कि संदिग्ध बदमाश मोटरसाइकिल से किशुनदासपुर से कम्हेनपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने चन्द्रमा ऋषि आश्रम के पास पुलिया पर घेराबंदी की। कुछ देर बाद बाइक सवार तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने झाड़ियों की आड़ लेकर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बावजूद फायरिंग जारी रहने पर आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें दो बदमाशों के पैरों में गोली लग गई और उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। तीसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे अपने फरार साथी छोटू सिंह के साथ मिलकर विभिन्न जनपदों में छिनैती और लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे।


 उन्होंने 26 मार्च 2026 को भंवरनाथ क्षेत्र में महिला से चैन छीनने की वारदात भी स्वीकार की। पुलिस के अनुसार आरोपी फिर से किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे, लेकिन समय रहते उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे (.315 बोर), मिस व खोखा कारतूस, एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और लूटी गई चैन बरामद की है। घायल आरोपियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।