Monday, 9 November 2026

आजमगढ़ रौनापार, 2 बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, 15 वर्षीय किशोर की मौत, 3 गंभीर रूप से घायल केशवपुर गांव के पास हुआ हादसा, मृतक के सिर से पहले ही उठ चुका था पिता का साया


 आजमगढ़ रौनापार, 2 बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, 15 वर्षीय किशोर की मौत, 3 गंभीर रूप से घायल 


केशवपुर गांव के पास हुआ हादसा, मृतक के सिर से पहले ही उठ चुका था पिता का साया


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र में आजमगढ़-गोरखपुर मार्ग पर सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोर की जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा केशवपुर गांव के पास शारदा सहायक खंड-32 नहर के समीप दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर के कारण हुआ। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाटघाट पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक किशोर को मृत घोषित कर दिया।


 जानकारी के अनुसार, दोहरीघाट थाना क्षेत्र के चिऊटीडाड़ गांव निवासी गोलू (15) पुत्र स्व. राजू अपने साथी करन कुमार (24) निवासी हरदौली के साथ बाइक से लाटघाट से दोहरीघाट की ओर जा रहा था। इसी दौरान दूसरी बाइक पर सवार जीयनपुर थाना क्षेत्र के करमड़ी गांव निवासी मनीष सिंह (27) और लाटघाट के मोचीपुर निवासी सूर्यांशु चौरसिया (28) काखभार की तरफ से लाटघाट आ रहे थे। सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे केशवपुर गांव के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को सीएचसी लाटघाट पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने गोलू को मृत घोषित कर दिया, जबकि करन, मनीष और सूर्यांशु की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद आजमगढ़ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।


 हादसे में जान गंवाने वाला गोलू दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी दो छोटी बहनें और एक छोटा भाई है। पिता की बचपन में ही मौत हो जाने के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति में सहयोग करने के लिए वह दोहरीघाट की एक किराना दुकान पर काम करता था। सोमवार को वह अपने दोस्त के साथ किसी काम से लाटघाट आया था। घर लौटते समय रास्ते में हुए हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में थाना प्रभारी सुनील कुमार दुबे ने बताया कि हादसे के समय दोनों बाइकों पर सवार किसी भी व्यक्ति ने हेलमेट नहीं पहना था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम सहित अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

आजमगढ़ गंभीरपुर पटाखा फेंकने के विवाद में 2 पक्षों में खूनी संघर्ष, महिलाओं और किशोरों समेत कई घायल घर पर धावा बोलकर लाठी-डंडों से किया हमला, 2 गंभीर घायलों को सदर अस्पताल किया गया रेफर


 आजमगढ़ गंभीरपुर पटाखा फेंकने के विवाद में 2 पक्षों में खूनी संघर्ष, महिलाओं और किशोरों समेत कई घायल


घर पर धावा बोलकर लाठी-डंडों से किया हमला, 2 गंभीर घायलों को सदर अस्पताल किया गया रेफर 


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के हरिश्चन्द्रपुर गांव में दीपावली की रात पटाखा फेंकने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि विरोध करने से नाराज एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के घर पर धावा बोल दिया और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में महिलाओं और किशोरों समेत परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


पीड़ित राम प्रताप सरोज पुत्र लालबहादुर सरोज के मुताबिक, 8 नवंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे उनके घर के सामने सड़क पर दीपावली के पटाखे जलाए जा रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोग उनके घर की ओर पटाखे फेंकने लगे। इसका विरोध करने पर आरोपित पक्ष के लोग गाली-गलौज करने लगे और फिर मारपीट शुरू कर दी।


शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे तो आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस घटना में राम प्रताप (48) पुत्र लालबहादुर, निखिल (18) पुत्र राम प्रताप, करन (17) पुत्र भानू प्रताप और कुसुम (22) पुत्री राम अवतार समेत कई लोग घायल हो गए।


घटना के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदपुर ले जाया गया। वहां कुसुम के सिर में गंभीर चोट और बार-बार बेहोश होने की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल आजमगढ़ रेफर कर दिया। वहीं करन के हाथ में फ्रैक्चर होने के कारण उसे भी बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। दोनों का उपचार जारी है। इस मामले में पीड़ित ने गंभीरपुर थानाध्यक्ष को प्रार्थना पत्र देकर मिथुन सरोज, बबलू, रमेश, आशीष, वशिष्ठ सरोज, सचिन सरोज, सतीश सरोज, विपिन सरोज और राममिलन सरोज समेत अन्य लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में गोसाई की बाजार पुलिस चौकी प्रभारी अश्वनी मिश्रा ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।