Thursday, 29 January 2026

आजमगढ़ बिलरियागंज अवैध सोनोग्राफी सेंटर सीज, स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई बिना पंजीकरण और लाइसेंस के चल रहा था सेंटर, शिकायत पर हुई जांच गलत रिपोर्टों से जनस्वास्थ्य को खतरा, पीसीपीएनडीटी नियमों का उल्लंघन पाया गया


 आजमगढ़ बिलरियागंज अवैध सोनोग्राफी सेंटर सीज, स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई



बिना पंजीकरण और लाइसेंस के चल रहा था सेंटर, शिकायत पर हुई जांच


गलत रिपोर्टों से जनस्वास्थ्य को खतरा, पीसीपीएनडीटी नियमों का उल्लंघन पाया गया


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित एक सोनोग्राफी सेंटर के विरुद्ध स्वास्थ्य विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया। यह कार्रवाई प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई है। 


प्राप्त जानकारी के अनुसार बिलरियागंज क्षेत्र में स्टेट बैंक के बगल पूर्व पटरी पर स्थित सोनोग्राफी सेंटर बिना किसी वैध पंजीकरण, लाइसेंस और अधिकृत चिकित्सक के संचालित किया जा रहा था। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया था कि उक्त सेंटर द्वारा गलत एवं भ्रामक सोनोग्राफी रिपोर्टें जारी की जा रही हैं, जिससे आम जनता के जीवन और स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता था। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी के आदेश तथा मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा के निर्देश पर डिप्टी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आलेन्द कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर निरीक्षण किया। 


निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सेंटर के पास न तो पीसीपीएनडीटी अधिनियम के तहत आवश्यक अभिलेख थे और न ही कोई वैध लाइसेंस अथवा पंजीकृत चिकित्सक से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध थे। टीम के पहुंचने पर सेंटर संचालक भी मौके से अनुपस्थित मिला। इन तथ्यों के आधार पर जनहित को ध्यान में रखते हुए संबंधित सोनोग्राफी सेंटर को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया। मामले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में अवैध, अपंजीकृत और गैर-मानक स्वास्थ्य संस्थानों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

आजमगढ़ कप्तानगंज पुलिस मुठभेड़ में अंतर्जनपदीय जहरखुरानी-नकबजनी गिरोह का बदमाश घायल, 2 गिरफ्तार जहरखुरानी, झपट्टामारी व नकबजनी की कई वारदातों का खुलासा, अवैध तमंचा व चोरी का सामान बरामद


 आजमगढ़ कप्तानगंज पुलिस मुठभेड़ में अंतर्जनपदीय जहरखुरानी-नकबजनी गिरोह का बदमाश घायल, 2 गिरफ्तार




जहरखुरानी, झपट्टामारी व नकबजनी की कई वारदातों का खुलासा, अवैध तमंचा व चोरी का सामान बरामद



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के थाना कप्तानगंज पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जहरखुरानी, झपट्टामारी और नकबजनी की घटनाओं में शामिल एक अंतर्जनपदीय गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसके दो अन्य साथियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। दो अभियुक्त अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। 


प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 जनवरी 2026 को थाना कप्तानगंज पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने, वांछित अभियुक्तों की तलाश और संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जहरखुरानी व नकबजनी की घटनाओं में संलिप्त अभियुक्त गौरा पुलिया के पास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की, तभी बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक अभियुक्त अमन निषाद (21) के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल अमन निषाद पुत्र हनुमान निषाद निवासी डाही शम्भूपुर थाना अहरौला सहित उसके दो साथियों—आनन्द उर्फ बाबी और अमन निषाद पुत्र दशमी निषाद—को गिरफ्तार कर लिया। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मौके पर फील्ड यूनिट द्वारा साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की गई। पूछताछ में अभियुक्तों ने थाना कप्तानगंज और थाना अहरौला क्षेत्र में हुई कई आपराधिक घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।


 अभियुक्तों ने बताया कि 24 जनवरी 2026 को ग्राम भवानीपट्टी में एक महिला को नशीला पदार्थ खिलाकर उसके नाक की सोने की कील झपट ली गई थी। इसके अलावा 25/26 जनवरी 2026 और 27 जनवरी 2026 की रात में दुकानों में सेंध लगाकर नकदी और सामान चोरी किया गया था। मुठभेड़ के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से एक देशी तमंचा, कारतूस, नकबजनी के औजार, सोने की नाक की कील, किराना सामान, लगभग 10 किलो अरहर की दाल, तेल तथा ₹5300 नगद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध बीएनएस की सुसंगत धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और गिरोह के अन्य आपराधिक कनेक्शनों की भी जांच की जा रही है।