Monday, 13 July 2026

आजमगढ़ में रातभर चला पुलिस का अभियान, 13 गैर-जमानती वारंटी गिरफ्तार सर्किल नगर के 4 थानों में दबिश देकर की गई कार्रवाई, एसएसपी बोले—वारंटियों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी


 आजमगढ़ में रातभर चला पुलिस का अभियान, 13 गैर-जमानती वारंटी गिरफ्तार


सर्किल नगर के 4 थानों में दबिश देकर की गई कार्रवाई, एसएसपी बोले—वारंटियों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले मे न्यायालयों द्वारा जारी गैर-जमानती वारंटों (एनबीडब्ल्यू) के शत-प्रतिशत अनुपालन के लिए आजमगढ़ पुलिस ने रविवार रात सर्किल नगर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर 13 वारंटियों को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की विधिक कार्रवाई की जा रही है। 


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में संचालित अभियान अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी की निगरानी में चलाया गया। अभियान शुरू होने से पहले क्षेत्राधिकारी नगर ने सभी थाना प्रभारियों और पुलिस टीमों की ब्रीफिंग कर न्यायालयों से जारी गैर-जमानती वारंटों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में वारंटियों के संभावित ठिकानों पर सघन दबिश दी। 


अभियान के दौरान थाना कोतवाली से चार, थाना सिधारी से एक, थाना रानी की सराय से सात तथा थाना कंधरापुर से एक वारंटी को गिरफ्तार किया गया। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि न्यायालयों द्वारा जारी वारंटों का समयबद्ध निष्पादन आजमगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि कानून से बचने का प्रयास करने वाले वारंटियों और वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि न्यायालय के आदेशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित हो और जनपद में कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे।

हापुड़ होटल में दूसरी महिला के साथ पति को पत्नी ने रंगेहाथ पकड़ा, जमकर की पिटाई जीपीएस से पति का पीछा कर होटल पहुंची पत्नी, कोर्ट और बस में भी हुआ हंगामा


 हापुड़ होटल में दूसरी महिला के साथ पति को पत्नी ने रंगेहाथ पकड़ा, जमकर की पिटाई



जीपीएस से पति का पीछा कर होटल पहुंची पत्नी, कोर्ट और बस में भी हुआ हंगामा



उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में पति-पत्नी के विवाद का हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। कोतवाली क्षेत्र के मोदीनगर रोड स्थित एक होटल में पत्नी ने अपने पति को कथित तौर पर दूसरी महिला के साथ रंगेहाथ पकड़ लिया। इसके बाद होटल में जमकर हंगामा हुआ और पत्नी ने पति की पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।


 जानकारी के अनुसार, बागपत जिले की रहने वाली महिला को काफी समय से अपने पति पर किसी अन्य महिला के साथ संबंध होने का शक था। पति की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए परिजनों ने उसकी गाड़ी में जीपीएस सिस्टम लगा दिया था। रविवार को पति घर से बाहर जाने की बात कहकर निकला तो पत्नी और परिजन जीपीएस की मदद से उसका पीछा करते हुए हापुड़ के एक होटल पहुंच गए। पत्नी का आरोप है कि होटल के कमरे में उसका पति दूसरी महिला के साथ मौजूद था। इसके बाद उसने होटल में ही पति की पिटाई कर दी, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले गई और शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई की।बताया जा रहा है कि जमानत के लिए एसडीएम कोर्ट पहुंचने पर भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जहां पत्नी ने फिर पति की पिटाई कर दी। इसके बाद बस में भी दोनों के बीच मारपीट होने की बात सामने आई। महिला ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि पति के साथ पकड़ी गई महिला बुलंदशहर जिले के एक सरकारी अस्पताल में नर्स है। पुलिस का कहना है कि मामले में प्राप्त तहरीर का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।क्षेत्राधिकारी अनीता चौहान ने बताया कि पति-पत्नी के विवाद का मामला संज्ञान में आया है। शांतिभंग की कार्रवाई की गई है तथा तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।