उत्तर प्रदेश में सीट बंटवारे पर भाजपा का बड़ा प्लान
आगामी चुनाव में लाभकारी साबित हो सकता है यह फैसला
दिसंबर में गठबंधन के सहयोगियों के साथ रणनीति को अंतिम रूप देने की तैयारी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एनडीए के सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारे को लेकर कवायद तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। गठबंधन में एकजुटता बनाए रखने और चुनाव से पहले किसी तरह की असहज स्थिति से बचने के लिए पार्टी जल्द ही सहयोगी दलों को दी जाने वाली सीटों का प्रस्ताव तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजेगी। सीटों के बंटवारे पर अंतिम निर्णय केंद्रीय नेतृत्व ही करेगा।
दरअसल, विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही एनडीए के सहयोगी दलों ने अपनी चुनावी रणनीति में बदलाव शुरू कर दिया है। गठबंधन के तीनों सहयोगी दल इस बार अधिक सीटों की मांग कर रहे हैं। वे समय-समय पर अपनी मांगों के जरिए भाजपा पर दबाव भी बना रहे हैं। ऐसे में भाजपा प्रदेश के बदलते राजनीतिक समीकरणों और सहयोगी दलों की चुनावी ताकत का आकलन कर रही है।
लोकसभा चुनाव के परिणामों को ध्यान में रखते हुए भाजपा इस बार सीटों के बंटवारे में विशेष सतर्कता बरतना चाहती है। पार्टी की रणनीति है कि सहयोगी दलों को उन्हीं विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का अवसर दिया जाए, जहां उनकी जीत की संभावनाएं अधिक हों। वहीं, कड़े मुकाबले वाली सीटों पर भाजपा अपने उम्मीदवार उतारने की रणनीति अपना सकती है।
सूत्रों के मुताबिक, जरूरत पड़ने पर सहयोगी दलों के प्रत्याशियों को भाजपा के चुनाव चिह्न पर भी मैदान में उतारा जा सकता है। इससे गठबंधन के भीतर सीटों के तालमेल के साथ-साथ चुनावी संभावनाओं को भी मजबूत करने की कोशिश होगी। भाजपा की ओर से दिसंबर में सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारे की रणनीति को अंतिम रूप देने की तैयारी है। हालांकि, सीटों के बंटवारे का फार्मूला तय होने के बावजूद इसकी आधिकारिक घोषणा उचित समय पर ही की जाएगी।
