Saturday, 8 August 2026

आजमगढ़ मुबारकपुर अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को मारी टक्कर, मौत बहन के घर से लौटते समय हुआ हादसा, परिवार में मचा कोहराम


 आजमगढ़ मुबारकपुर अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को मारी टक्कर, मौत



बहन के घर से लौटते समय हुआ हादसा, परिवार में मचा कोहराम


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सठियांव में जहानागंज मोड़ के पास शुक्रवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बहन के घर से बाइक से अपने घर लौट रहे युवक को सामने से आए अनियंत्रित ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। 


जानकारी के अनुसार मऊ जनपद के मोहम्मदाबाद गोहना थाना क्षेत्र के सैय्यबड़ा गांव निवासी पवन कुमार पुत्र विजय कुमार (19) शुक्रवार को जहानागंज थाना क्षेत्र के कुंजी गांव स्थित अपनी बहन रंजना के घर गया था। शाम को वह बाइक से अपने घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान सठियांव में जहानागंज मोड़ के पास सामने से आए अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पवन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। 


हादसे की सूचना मिलते ही मुबारकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पवन तीन भाइयों और दो बहनों में चौथे नंबर पर था। कम उम्र में उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।मुबारकपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच करने के साथ ही दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

आजमगढ़ के परिषदीय विद्यालयों में बाहरी लोगों और यू-ट्यूबर्स की एंट्री पर रोक बीएसए ने जारी किया आदेश, अनुमति के बिना फोटो-वीडियोग्राफी करने पर प्रतिबंध पठन-पाठन प्रभावित होने और शिक्षक पद की गरिमा को ठेस पहुंचने का हवाला


 आजमगढ़ के परिषदीय विद्यालयों में बाहरी लोगों और यू-ट्यूबर्स की एंट्री पर रोक



बीएसए ने जारी किया आदेश, अनुमति के बिना फोटो-वीडियोग्राफी करने पर प्रतिबंध


पठन-पाठन प्रभावित होने और शिक्षक पद की गरिमा को ठेस पहुंचने का हवाला



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के परिषदीय विद्यालयों में अब बाहरी व्यक्तियों, यू-ट्यूबर्स और सोशल मीडिया से जुड़े लोगों के अनधिकृत प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आजमगढ़ की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि बिना अनुमति किसी भी बाहरी व्यक्ति को विद्यालय परिसर में प्रवेश कर फोटो या वीडियोग्राफी करने की अनुमति नहीं होगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, विभाग के संज्ञान में यह बात आई है कि कई बाहरी व्यक्ति, यू-ट्यूबर एवं सोशल मीडिया से जुड़े लोग परिषदीय विद्यालयों में पहुंचकर विद्यालय परिसर और स्टाफ के फोटो एवं वीडियो बनाकर उन्हें सोशल मीडिया पर साझा करते हैं। इससे विद्यालयों में संचालित पठन-पाठन कार्य प्रभावित होता है। 


आदेश में यह भी कहा गया है कि इस प्रकार की गतिविधियों से शिक्षक पद की गरिमा को ठेस पहुंचने के साथ-साथ विभाग की छवि भी प्रभावित होती है। शासन और प्रशासन की ओर से परिषदीय विद्यालयों के निरीक्षण के लिए पहले से ही अधिकारियों को नामित किया गया है। नामित अधिकारियों द्वारा समय-समय पर विद्यालयों का निरीक्षण और अनुश्रवण किया जाता है। बीएसए ने विद्यालयों में पठन-पाठन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा शिक्षक पद की गरिमा बनाए रखने के दृष्टिगत जनपद के सभी परिषदीय विद्यालयों में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश को तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित किया है। 


जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि कोई भी बाहरी व्यक्ति, यू-ट्यूबर अथवा सोशल मीडिया से जुड़ा व्यक्ति जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अथवा सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना परिषदीय विद्यालय में प्रवेश कर फोटो या वीडियोग्राफी नहीं करेगा। आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।