Friday, 20 March 2026

आजमगढ़ बूढ़नपुर अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़, दुकान संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज पूर्ति विभाग की छापेमारी में घरेलू व कमर्शियल सिलेंडर सहित उपकरण बरामद


 आजमगढ़ बूढ़नपुर अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़, दुकान संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज


पूर्ति विभाग की छापेमारी में घरेलू व कमर्शियल सिलेंडर सहित उपकरण बरामद


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के बूढ़नपुर कस्बे में घरेलू एलपीजी गैस की अवैध कालाबाजारी और रिफिलिंग के खिलाफ पूर्ति विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के निर्देश पर 19 मार्च 2026 को पूर्ति निरीक्षक इन्द्रजीत प्रसाद और कृष्ण कुमार मिश्रा की टीम ने औचक निरीक्षण किया।


 छापेमारी के दौरान आजमगढ़-फैजाबाद हाईवे स्थित एक दुकान के पास गली में संचालित गैस चूल्हा व स्टोव रिपेयर की दुकान पर राजू गुप्ता नामक व्यक्ति को अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। मौके से इंडियन गैस और भारत गैस के कुल पांच सिलेंडर (घरेलू व कमर्शियल), एक छोटा सिलेंडर और गैस रिफिलिंग के उपकरण (बासुरी) बरामद किए गए। जांच के दौरान मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने बताया कि वह अपने सिलेंडर में गैस भरवाने आया था, तभी टीम ने छापा मार दिया। इससे स्पष्ट हुआ कि लंबे समय से यहां अवैध रूप से घरेलू गैस की रिफिलिंग का कार्य चल रहा था।


 पूर्ति विभाग के अनुसार यह कृत्य द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियम) आदेश 2000 का उल्लंघन है और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत दंडनीय अपराध है। जब्त किए गए सिलेंडर और उपकरणों को सुरक्षित रखने के लिए अधिकृत वितरक को सुपुर्द कर दिया गया है। इस मामले में जिलाधिकारी से अनुमोदन प्राप्त होने के बाद आरोपी राजू गुप्ता के खिलाफ संबंधित धाराओं में थाना अतरौलिया में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

आजमगढ़ अगर हुई यह गलती तो रद्द हो सकती है स्कूलों की मान्यता 15 अप्रैल तक चलेगा विशेष जांच अभियान, प्रशासन ने किया स्पष्ट


 आजमगढ़ अगर हुई यह गलती तो रद्द हो सकती है स्कूलों की मान्यता



15 अप्रैल तक चलेगा विशेष जांच अभियान, प्रशासन ने किया स्पष्ट



उत्तर प्रदेश आजमगढ़, स्कूली बच्चों के सुरक्षित आवागमन को ध्यान में रखते हुए 1 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव एवं परिवहन आयुक्त के निर्देश पर संचालित होगा, जिसके तहत जिले में चल रहे सभी स्कूली वाहनों की शत-प्रतिशत फिटनेस और परमिट की जांच की जाएगी।


 प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन स्कूली वाहनों के दस्तावेज अपूर्ण पाए जाएंगे या जो निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं होंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में वाहन को जब्त करने के साथ-साथ वाहन मालिक पर भी कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, जनपद के सभी स्कूल प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने यहां संचालित सभी वाहनों को शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार ही चलाएं। बिना वैध प्रपत्रों या नियमों के विपरीत पाए जाने पर संबंधित स्कूल के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी और उसकी मान्यता निरस्त करने की संस्तुति की जा सकती है। प्रशासन ने सभी विद्यालयों से अपील की है कि वे अभियान शुरू होने से पहले अपने वाहनों के दस्तावेज एवं मानकों को पूर्ण कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की कार्रवाई से बचा जा सके।

आजमगढ़ बिलरियागंज संदिग्ध परिस्थितियों में महिला ने लगाई फांसी पति ने पहुंचाया अस्पताल, डाक्टर ने घोषित किया मृत, पुलिस जांच में जुटी


 आजमगढ़ बिलरियागंज संदिग्ध परिस्थितियों में महिला ने लगाई फांसी


पति ने पहुंचाया अस्पताल, डाक्टर ने घोषित किया मृत, पुलिस जांच में जुटी



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के कस्बा खास बाजार में एक 28 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर मौत का मामला सामने आया है। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बा खास बाजार निवासी सुनीता (28 वर्ष), पत्नी अजय विश्वकर्मा, ने शुक्रवार को लगभग सुबह 10 बजे अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि घटना के समय कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। परिजनों के अनुसार, पति अजय विश्वकर्मा ने पत्नी को फांसी के फंदे से उतारकर तत्काल एक निजी अस्पताल मुकर्रम में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। 


घटना की सूचना मिलने पर पति ने अपने ससुराल पक्ष, जो कि गददीपुर गांव (थाना कंधरापुर) में स्थित है, को दी। इसके बाद मृतका के चचेरे भाई ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर बिलरियागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही पुलिस ने परिजनों को थाने बुलाकर मामले की पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।

आजमगढ़ दुष्कर्म व हत्या के दोषी को आजीवन कारावास "आपरेशन कनविक्शन" के तहत प्रभावी पैरवी से मिला न्याय, 1.20 लाख रुपये का जुमार्ना भी लगाया गया


 आजमगढ़ दुष्कर्म व हत्या के दोषी को आजीवन कारावास



"आपरेशन कनविक्शन" के तहत प्रभावी पैरवी से मिला न्याय, 1.20 लाख रुपये का जुमार्ना भी लगाया गया



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद में "आपरेशन कनविक्शन" अभियान के तहत पुलिस, मॉनिटरिंग सेल एवं अभियोजन की प्रभावी कार्रवाई के परिणामस्वरूप दुष्कर्म एवं हत्या के एक मामले में आरोपी को न्यायालय ने दोषी करार देते हुए कड़ी सजा सुनाई है। 


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना मुबारकपुर में दर्ज मुकदमे में आरोपी शुभम गौड़ पुत्र चन्द्रभान निवासी बनकट जगदीशपुर, थाना कप्तानगंज, जनपद आजमगढ़ के खिलाफ दुष्कर्म और हत्या का आरोप था। यह मामला 17 अगस्त 2020 को उस समय दर्ज हुआ था जब वादी अवध मुनि गौड़ ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि अभियुक्त उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म कर हत्या कर दी।


 इस मामले में पुलिस द्वारा धारा 366, 376, 302, 201 एवं 120बी भारतीय दंड संहिता के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना की गई। जांच पूर्ण होने के बाद आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जिसमें कुल 11 गवाहों के बयान दर्ज किए गए। आज, 20 मार्च 2026 को अपर सत्र न्यायाधीश/एफटीसी-1, आजमगढ़ की अदालत ने मामले की सुनवाई पूरी करते हुए आरोपी को दोषी पाया। न्यायालय ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई तथा 1,20,000 रुपये का अर्थदंड भी लगाया। इस निर्णय को "आपरेशन कनविक्शन" अभियान के तहत पुलिस और अभियोजन की समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई का महत्वपूर्ण परिणाम माना जा रहा है।