Sunday, 10 May 2026

आजमगढ़ मार्टीनगंज फर्जी टीईटी प्रमाण पत्र पर नौकरी कर रहे शिक्षक को किया बर्खास्त खण्ड शिक्षा अधिकारी ने थाने में तहरीर देकर दर्ज कराया मुकदमा


 आजमगढ़ मार्टीनगंज फर्जी टीईटी प्रमाण पत्र पर नौकरी कर रहे शिक्षक को किया बर्खास्त



खण्ड शिक्षा अधिकारी ने थाने में तहरीर देकर दर्ज कराया मुकदमा


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के मार्टीनगंज विकास खण्ड क्षेत्र स्थित कम्पोजिट विद्यालय देहदुआर में तैनात सहायक अध्यापक राजकुमार गौतम पर फर्जी एवं कूटरचित शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) प्रमाणपत्र के आधार पर नौकरी करने का आरोप सिद्ध होने के बाद खंड शिक्षा अधिकारी मार्टीनगंज ने बरदह थानाध्यक्ष को पत्र भेजकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने का अनुरोध किया है। पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार राजकुमार गौतम की नियुक्ति वर्ष 2016 में तत्कालीन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के आदेश पर की गई थी। नियुक्ति के समय स्पष्ट शर्त रखी गई थी कि यदि प्रस्तुत प्रमाणपत्र जांच में फर्जी पाए जाते हैं तो नियुक्ति निरस्त कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


 मामले की शुरुआत मऊ जनपद निवासी जयप्रकाश द्वारा की गई शिकायत से हुई, जिसमें आरोप लगाया गया कि शिक्षक फर्जी प्रमाणपत्र के आधार पर नौकरी कर रहे हैं। शिकायत जिलाधिकारी शिकायत प्रकोष्ठ में दर्ज होने के बाद जांच खंड शिक्षा अधिकारी मार्टीनगंज को सौंपी गई। जांच के दौरान शिक्षक पात्रता परीक्षा-2013 के अनुक्रमांक का सत्यापन परीक्षा नियामक प्राधिकारी प्रयागराज से कराया गया। विभाग से प्राप्त रिपोर्ट में बताया गया कि संबंधित अनुक्रमांक कार्यालय अभिलेखों में आवंटित ही नहीं है। शिक्षक द्वारा पुनः सत्यापन की मांग पर दोबारा जांच कराई गई, जिसमें भी प्रमाणपत्र को फर्जी और कूटरचित बताया गया। इसके बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने राजकुमार गौतम की नियुक्ति को नियुक्ति तिथि से शून्य घोषित करते हुए सेवा समाप्त कर दी तथा उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश जारी किए। खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा बरदह थाने को दिए गए पत्र के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

आजमगढ़ प्रशासनिक अभियानों में आजमगढ़ का शानदार प्रदर्शन, फार्मर रजिस्ट्री में प्रदेश में प्रथम जनगणना 2027 की स्वगणना में भी जनपद ने हासिल किया दूसरा स्थान, डीएम ने टीम और नागरिकों को दी बधाई


 आजमगढ़ प्रशासनिक अभियानों में आजमगढ़ का शानदार प्रदर्शन, फार्मर रजिस्ट्री में प्रदेश में प्रथम


जनगणना 2027 की स्वगणना में भी जनपद ने हासिल किया दूसरा स्थान, डीएम ने टीम और नागरिकों को दी बधाई



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद ने प्रशासनिक अभियानों के प्रभावी क्रियान्वयन में प्रदेश स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। किसान हित में चलाए जा रहे फार्मर रजिस्ट्री अभियान में जनपद आजमगढ़ प्रदेश में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है, जबकि जनगणना 2027 के अंतर्गत संचालित स्वगणना अभियान में जनपद ने प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इन उपलब्धियों को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के सतत पर्यवेक्षण, प्रभावी कार्ययोजना और प्रशासनिक समन्वय का परिणाम माना जा रहा है। उप कृषि निदेशक आशीष कुमार ने बताया कि जनपद में अब तक 7 लाख 12 हजार से अधिक किसानों की सफलतापूर्वक फार्मर रजिस्ट्री की जा चुकी है, जो प्रदेश में सर्वाधिक है।


 प्रदेश स्तर से जारी प्रगति रिपोर्ट के अनुसार 9 मई 2026 तक आजमगढ़ ने यह उपलब्धि हासिल की। फार्मर रजिस्ट्री अभियान के माध्यम से किसानों का डिजिटल डाटाबेस तैयार किया जा रहा है, जिससे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, फसल बीमा योजना, कृषि अनुदान, बीज एवं उर्वरक वितरण, किसान क्रेडिट कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ किसानों तक पारदर्शी और सुगम तरीके से पहुंचाया जा सकेगा। अभियान की सफलता में कृषि विभाग, राजस्व विभाग, ग्राम पंचायतों और अन्य विभागों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। 


वहीं जनगणना 2027 के तहत संचालित स्वगणना अभियान में जनपद ने 50 हजार से अधिक स्वगणना का आंकड़ा पार कर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि यह उपलब्धि प्रशासनिक समन्वय, जनभागीदारी और तकनीकी सशक्तिकरण का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से स्वगणना पोर्टल पर अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। जनपद प्रशासन द्वारा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को स्वगणना के लिए प्रेरित किया जा रहा है।