Friday, 6 March 2026

आजमगढ़ अतरौलिया जमीन विवाद में लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की कार्रवाई


 आजमगढ़ अतरौलिया जमीन विवाद में लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला



मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की कार्रवाई



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के सेखौना गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कई लोग एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। 


थाने में दी गई शिकायत के अनुसार सेखौना गांव की निवासी गुलशन पत्नी सालिम ने आरोप लगाया कि होली के दिन शाम करीब 4:30 बजे जमीन को लेकर चल रहे पुराने विवाद के कारण उनके ही रिश्तेदार फिरोज, अब्दुल रहीम पुत्रगण मो. नवी, मकतुला पत्नी मो. नवी, अंजुम पत्नी रईस तथा हिना पुत्री रईस ने मिलकर उनके परिवार पर हमला कर दिया। गुलशन का आरोप है कि विवाद के दौरान सभी आरोपियों ने एकजुट होकर लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। शोर-शराबा सुनकर उनकी सास नूरजहां पत्नी नूरअली बीच-बचाव के लिए पहुंचीं, लेकिन आरोपियों ने उन्हें भी नहीं बख्शा। आरोप है कि इस दौरान जान से मारने की नीयत से उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं।


 पीड़िता ने बताया कि हमलावरों ने उन्हें और उनके पति सालिम को भी बुरी तरह पीटा, जिससे दोनों को चोटें आई हैं। घटना के बाद आसपास के लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घायल नूरजहां को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। उधर, मारपीट की पूरी घटना का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों पक्षों के लोग आपस में लाठी-डंडों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। इस संबंध में अतरौलिया थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दूबे ने बताया कि सेखौना गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई थी। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

आजमगढ़ रौनापार में जाली करेंसी गिरोह का भंडाफोड़, 8 गिरफ्तार पुलिस ने 1.19 लाख की नकली मुद्रा, लैपटॉप-प्रिंटर व कार समेत कई उपकरण किए बरामद, लैपटॉप-प्रिंटर से A-4 पेपर पर छापते थे नोट


 आजमगढ़ रौनापार में जाली करेंसी गिरोह का भंडाफोड़, 8 गिरफ्तार



पुलिस ने 1.19 लाख की नकली मुद्रा, लैपटॉप-प्रिंटर व कार समेत कई उपकरण किए बरामद, लैपटॉप-प्रिंटर से A-4 पेपर पर छापते थे नोट



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र में पुलिस ने जाली करेंसी बनाने और उसे बाजार में खपाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 1.19 लाख रुपये की जाली मुद्रा, नोट छापने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, लैपटॉप-प्रिंटर, एक कार और सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर अपराध नियंत्रण और नकली नोटों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन और क्षेत्राधिकारी सगड़ी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष रौनापार मन्तोष सिंह पुलिस टीम के साथ होली के मद्देनजर क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि टेकनपुर पुलिया के पास एक सफेद कार में कुछ लोग जाली नोटों का लेन-देन कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर टेकनपुर पुलिया के पास से छह आरोपितों को पकड़ लिया। पूछताछ और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने ग्राम जगदीशपुर थाना जीयनपुर से दो अन्य आरोपितों को जाली नोट बनाने में प्रयुक्त उपकरणों के साथ गिरफ्तार कर लिया। 


पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि गिरोह का सरगना मनीष मिश्रा है, जो बरडीहा गांव का रहने वाला है। उसके निर्देशन में सभी लोग लैपटॉप और प्रिंटर की मदद से A-4 साइज के पेपर पर जाली नोट छापते थे। बाद में पेपर कटर से उन्हें असली नोटों के आकार में काटकर तैयार किया जाता था। गिरोह के सदस्य असली नोटों की गड्डियों के बीच जाली नोट रखकर बाजारों और दुकानों में चलाते थे, जिससे आम लोग आसानी से पहचान नहीं कर पाते थे। पुलिस ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ थाना रौनापार में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।