Friday, 10 April 2026

आजमगढ़ अतरौलिया फर्जी डॉक्टर बनकर चला रहा था नर्सिंग होम, पुलिस ने दबोचा डीएनसी ऑपरेशन में लापरवाही से महिला की हालत गंभीर, फर्जी डिग्री के सहारे कर रहा था इलाज


 आजमगढ़ अतरौलिया फर्जी डॉक्टर बनकर चला रहा था नर्सिंग होम, पुलिस ने दबोचा



डीएनसी ऑपरेशन में लापरवाही से महिला की हालत गंभीर, फर्जी डिग्री के सहारे कर रहा था इलाज



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के अतरौलिया थाना क्षेत्र में फर्जी चिकित्सक बनकर मरीजों का इलाज करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अवैध रूप से नर्सिंग होम संचालित कर लोगों के जीवन से खिलवाड़ कर रहा था।


 पुलिस के अनुसार, न्यायालय के आदेश पर दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान यह मामला सामने आया कि कुछ लोग खुद को मान्यता प्राप्त डॉक्टर बताकर अवैध रूप से मरीजों का इलाज कर रहे थे। इसी दौरान एक महिला का डीएनसी ऑपरेशन करते समय गंभीर लापरवाही बरती गई, जिससे उसकी आंत को भारी नुकसान पहुंचा और उसकी जान खतरे में पड़ गई। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी फर्जी चिकित्सकीय डिग्री के सहारे इलाज कर रहा था। इस मामले में थाना अतरौलिया पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। 


शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर पीजीआई तिराहा से आरोपी मुकेश यादव (37) निवासी बसहिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया गया और आरोपी को न्यायालय भेजा जा रहा है। फिलहाल, मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि अवैध चिकित्सा गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

आजमगढ़ कप्तानगंज संदिग्ध हालात में युवक की मौत, पिटाई की आशंका से सनसनी पियारिया धर्मशाला के पास घायल मिला था रोशन, इलाज के दौरान जिला अस्पताल में तोड़ा दम


 आजमगढ़ कप्तानगंज संदिग्ध हालात में युवक की मौत, पिटाई की आशंका से सनसनी


पियारिया धर्मशाला के पास घायल मिला था रोशन, इलाज के दौरान जिला अस्पताल में तोड़ा दम




उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान भरौली निवासी 26 वर्षीय रोशन के रूप में हुई है, जो दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।


 प्राप्त जानकारी के अनुसार रोशन बीती शाम अपनी मां से बाजार में लौंगलता खाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात करीब 9 बजे उसके चचेरे भाई को फोन के जरिए सूचना मिली कि पियारिया धर्मशाला के पास कुछ लोग रोशन को बांधकर मार रहे हैं। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचा, जहां रोशन गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। रोशन की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।


 उसकी मां प्रभावती का रो-रोकर बुरा हाल है। रोशन तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। इस संबंध में थानाध्यक्ष जयप्रकाश ने बताया कि एक युवक के घायल होने की सूचना मिली थी, जिसकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

देवरिया स्पा सेंटर पर छापा, दर्जन भर युवक-युवतियां हिरासत में आपत्तिजनक सामग्री बरामद, कार्रवाई के बाद पूरे जिले में हड़कंप


 देवरिया स्पा सेंटर पर छापा, दर्जन भर युवक-युवतियां हिरासत में


आपत्तिजनक सामग्री बरामद, कार्रवाई के बाद पूरे जिले में हड़कंप



उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में स्पा मसाज सेंटर की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। शिकायत मिलने के बाद गुरुवार को पुलिस ने शहर और उपनगरों के कई स्पा सेंटरों पर एक साथ छापेमारी की, जहां से युवक-युवतियों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया। सीओ सिटी संजय रेड्डी के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस टीम ने पुरवा चौराहा स्थित एक स्पा सेंटर पर छापा मारा, जहां से तीन युवतियां और एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। इसके बाद रुद्रपुर मोड़ के पास स्थित स्पा सेंटर पर कार्रवाई की गई, जहां से पांच युवतियों समेत कई लोगों को हिरासत में लिया गया। 


वहीं सलेमपुर उपनगर में सीओ मनोज कुमार ने कोतवाली पुलिस के साथ जमुआ वार्ड नंबर दो स्थित स्पा सेंटर पर छापेमारी की। यहां कमरे से दो जोड़ों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया, जिसमें सेंटर का एक मैनेजर भी शामिल बताया जा रहा है। पुलिस को मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है। कार्रवाई के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने इन स्पा सेंटरों में लंबे समय से अवैध गतिविधियां संचालित होने की शिकायत की थी, जिसके बाद पुलिस ने सख्त कदम उठाया।


 सीओ संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि स्पा सेंटरों की शिकायत मिलने पर छापेमारी की गई है और कई युवक-युवतियों को हिरासत में लिया गया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है। गौरतलब है कि इससे पहले भी पुलिस ने शहर के कई स्पा सेंटरों पर कार्रवाई कर उन्हें बंद कराया था। वहीं सिविल लाइंस थाना प्रभारी ओंकार सिंह ने बताया कि हाल ही में चेकिंग अभियान चलाया गया था, लेकिन उस दौरान कोई भी स्पा सेंटर संचालित नहीं पाया गया।