आजमगढ़ कप्तानगंज संदिग्ध हालात में युवक की मौत, पिटाई की आशंका से सनसनी
पियारिया धर्मशाला के पास घायल मिला था रोशन, इलाज के दौरान जिला अस्पताल में तोड़ा दम
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान भरौली निवासी 26 वर्षीय रोशन के रूप में हुई है, जो दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रोशन बीती शाम अपनी मां से बाजार में लौंगलता खाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात करीब 9 बजे उसके चचेरे भाई को फोन के जरिए सूचना मिली कि पियारिया धर्मशाला के पास कुछ लोग रोशन को बांधकर मार रहे हैं। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचा, जहां रोशन गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। रोशन की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
उसकी मां प्रभावती का रो-रोकर बुरा हाल है। रोशन तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। इस संबंध में थानाध्यक्ष जयप्रकाश ने बताया कि एक युवक के घायल होने की सूचना मिली थी, जिसकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

No comments:
Post a Comment