Wednesday, 18 November 2026

आजमगढ़ में 22 नवंबर को होगा एयर रेड मॉक ड्रिल, सायरन बजते ही ब्लैकआउट और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचेंगे नागरिक पुलिस लाइन में शाम 6 बजे होगा विशेष अभ्यास, हवाई हमले की चेतावनी से लेकर घायलों के रेस्क्यू और आग बुझाने तक की होगी तैयारी


 आजमगढ़ में 22 नवंबर को होगा एयर रेड मॉक ड्रिल, सायरन बजते ही ब्लैकआउट और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचेंगे नागरिक



पुलिस लाइन में शाम 6 बजे होगा विशेष अभ्यास, हवाई हमले की चेतावनी से लेकर घायलों के रेस्क्यू और आग बुझाने तक की होगी तैयारी


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने और नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए 22 नवंबर 2026 को विशेष मॉक एक्सरसाइज (अभ्यास) आयोजित की जाएगी। यह अभ्यास रविवार की शाम 6 बजे पुलिस लाइन आजमगढ़ में आयोजित होगा। जिलाधिकारी एवं नियंत्रक नागरिक सुरक्षा आजमगढ़ के नेतृत्व में होने वाले इस अभ्यास में नागरिक सुरक्षा विभाग के स्वयंसेवकों के साथ पुलिस, पीएसी, अग्निशमन, स्वास्थ्य, विद्युत, आपूर्ति विभाग, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड, एनएसएस, आपदा प्रबंधन सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल होंगे। 


कार्यालयी ज्ञाप के अनुसार, भारत सरकार के गृह मंत्रालय के निर्देशों के क्रम में हवाई हमले की चेतावनी, ब्लैकआउट, सुरक्षित स्थानों पर लोगों को पहुंचाने, तलाशी एवं बचाव अभियान तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया का प्रदर्शन किया जाएगा। इसका उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और बचाव कार्यों की तैयारियों को परखना है। मॉक ड्रिल के दौरान सबसे पहले हवाई हमले की चेतावनी देने के लिए दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में सायरन बजाया जाएगा। सायरन बजते ही निर्धारित क्षेत्रों और स्थलों की विद्युत व्यवस्था बाधित कर ब्लैकआउट किया जाएगा। इसके बाद नागरिक सुरक्षित स्थानों और शेल्टरों में शरण लेंगे। हवाई हमले का खतरा समाप्त होने पर ऑल क्लियर की ध्वनि के साथ दोबारा सायरन बजाया जाएगा। इसके बाद नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवक छोटी आग बुझाने के लिए फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल करेंगे, जबकि बड़ी आग पर काबू पाने के लिए अग्निशमन विभाग की ओर से फायर टेंडर वाहन का प्रयोग किया जाएगा। अभ्यास के दौरान हमले में घायल लोगों को नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों द्वारा प्राथमिक उपचार दिया जाएगा। वहीं, ध्वस्त एवं क्षतिग्रस्त इमारतों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और गंभीर रूप से घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास भी किया जाएगा। मॉक ड्रिल के सभी निर्धारित चरण पूरे होने के बाद इसके समापन की घोषणा की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य इस अभ्यास के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा, राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को मजबूत करना है।