Sunday, 11 October 2026

जौनपुर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति-6 अभियान के तहत शारदीय नवरात्रि के दृष्टिगत महिला सुरक्षा हेतु विशेष पुलिस तैनाती एवं पूजा पण्डालों में महिला चौपालों का आयोजन किया गया


 जौनपुर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति-6 अभियान के तहत शारदीय नवरात्रि के दृष्टिगत महिला सुरक्षा हेतु विशेष पुलिस तैनाती एवं पूजा पण्डालों में महिला चौपालों का आयोजन किया गया



उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले मे शारदीय नवरात्रि के दृष्टिगत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु जौनपुर पुलिस द्वारा विभिन्न मंदिरों, धार्मिक स्थलों, पूजा पंडालों, मेलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर महिला पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई।


 इस दौरान एंटी रोमियो स्क्वाड एवं पुलिस टीमों द्वारा आयोजन स्थलों तथा आसपास के क्षेत्रों में मनचलों, शोहदों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की गई। अनावश्यक रूप से घूमने एवं खड़े रहने वाले व्यक्तियों से पूछताछ कर उन्हें महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ छेड़छाड़, अभद्र टिप्पणी अथवा किसी भी प्रकार का उत्पीड़न न करने की सख्त हिदायत दी गई। 



पूजा पंडालों एवं अन्य आयोजन स्थलों पर महिला चौपालों का आयोजन कर महिलाओं एवं बालिकाओं को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं तथा सहायता हेल्पलाइन नम्बरों (ट्वीटर सेवा, डॉयल-112, हेल्प लाइन-181, वुमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्प लाइन-1098, सी0एम0 हेल्पलाइन-1076, वन स्टॉप सेन्टर-181, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन-102, एंबुलेंस सेवा-108 आदि) तथा जनसुनवाई पोर्टल, स्थानीय थाने पर महिला हेल्प डेस्क आदि के सम्बन्ध में जानकारी दी गयी।। संबंधित पम्पलेट वितरित कर उन्हें उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया तथा किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, अभद्रता अथवा उत्पीड़न की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया। जौनपुर पुलिस द्वारा आयोजकों एवं आमजन से शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।

आजमगढ़ लालगंज 19 साल से अधूरी सड़क, ग्रामीणों ने बुलंद की आवाज, ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ 2027 के विधानसभा चुनाव में मतदान बहिष्कार का ऐलान, कई बार गुहार लगाने के बावजूद नहीं हुआ सड़क का निर्माण


 आजमगढ़ लालगंज 19 साल से अधूरी सड़क, ग्रामीणों ने बुलंद की आवाज, ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’


2027 के विधानसभा चुनाव में मतदान बहिष्कार का ऐलान, कई बार गुहार लगाने के बावजूद नहीं हुआ सड़क का निर्माण


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के लालगंज विकास खंड के संभा उपेन्दा गांव में करीब 19 साल से अधूरी पड़ी सड़क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। रविवार को ग्रामीणों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया और आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ का नारा बुलंद किया। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि यदि चुनाव से पहले सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो वे किसी भी राजनीतिक दल को वोट नहीं देंगे। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अधिकारी और जनप्रतिनिधि उनकी समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। इससे गांव के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


 गांव के प्रधान पति रामबचन राम ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2005-06 में तत्कालीन राज्यसभा सांसद स्वर्गीय अमर सिंह की निधि से करीब तीन किलोमीटर सड़क स्वीकृत की गई थी। निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर पत्थर और रोड़ी डालकर काम कराया गया, लेकिन पेंटिंग नहीं होने के कारण सड़क का निर्माण अधूरा रह गया। समय बीतने के साथ मार्ग की स्थिति और खराब होती चली गई। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण के लिए विधायक को तीन बार, सांसद को दो बार और जिला पंचायत अध्यक्ष को एक बार पत्र देकर समस्या से अवगत कराया गया। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सड़क से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए आरटीआई की भी प्रक्रिया की गई, लेकिन निर्माण कराने वाले विभाग के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। ग्रामीणों ने कहा कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि विकास के बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन गांव की बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान नहीं दिया जाता। अब ग्रामीणों ने सड़क निर्माण को लेकर आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। उनका कहना है कि यदि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सड़क नहीं बनी तो वे मतदान के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर करेंगे। 


प्रदर्शन में अमृत सिंह, चंद्रभूषण सिंह, कृष्णपाल सिंह, सिद्धार्थ, राजेंद्र बनवासी, रमाशंकर, नरेंद्र सिंह, ऋतिक त्रिपाठी, राजा शर्मा, रामबचन राम, धर्मेंद्र सिंह, अजय सिंह गब्बर, सुधांशु सिंह और हर्षवर्धन सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

आजमगढ़ जीयनपुर अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की हुई मौत अंजान शहीद बाजार में हादसा, जिला अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम


 आजमगढ़ जीयनपुर अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की हुई मौत


अंजान शहीद बाजार में हादसा, जिला अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अंजान शहीद बाजार में शनिवार की रात अज्ञात वाहन की टक्कर से 55 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां रात करीब 10 बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।


 जानकारी के अनुसार, समुद्रपुर गांव निवासी विमला देवी (55) पुत्री सुमेर राजभर शनिवार की रात करीब आठ बजे घर से जीयनपुर बाजार आई थीं। वह पैदल अंजान शहीद बाजार पहुंच गईं, जहां सड़क पर अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची जीयनपुर पुलिस ने उन्हें 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। वहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, विमला देवी मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं और अपने मायके में रहती थीं। उनका 25 वर्षीय पुत्र नगीना राजभर भी उनके साथ रहता था। महिला के भाई रमेश ने जीयनपुर कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। घटना के बाद दर्जनों ग्रामीण कोतवाली पहुंच गए। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।