Monday, 13 April 2026

आजमगढ़ अतरौलिया गेहूं के खेत में भीषण आग, ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर पाया काबू दमकल और पुलिस के देर से पहुंचने पर लोगों में आक्रोश, कई किसानों की फसल व भूसा जलकर खाक


 आजमगढ़ अतरौलिया गेहूं के खेत में भीषण आग, ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर पाया काबू



दमकल और पुलिस के देर से पहुंचने पर लोगों में आक्रोश, कई किसानों की फसल व भूसा जलकर खाक



उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ जनपद के अतरौलिया थाना क्षेत्र के लोहरा और तेजापुर गांव के सिवान में सोमवार दोपहर करीब 1 बजे अज्ञात कारणों से गेहूं के खेत में अचानक भीषण आग लग गई। पछुआ हवा के चलते आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और तेजी से भरसानी गांव की ओर बढ़ने लगी। आग की सूचना मिलते ही आसपास के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने में जुट गए। स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब आग गांव की ओर बढ़ने लगी। इसी दौरान स्थानीय ट्रैक्टर चालक सोनू और नागेंद्र यादव ने साहस का परिचय देते हुए अपनी जान जोखिम में डालकर ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर आग को आगे बढ़ने से रोक दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस और दमकल की गाड़ियां समय पर नहीं पहुंचीं। डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आग के करीब जाने से बचती रही। 


अंततः ग्रामीणों के प्रयास से आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक कई किसानों को भारी नुकसान हो चुका था। किसान ओमप्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि उनका लगभग 5 बीघा कटा हुआ गेहूं खेत में ही पड़ा था, जो जलकर नष्ट हो गया। उन्होंने करीब 70 से 80 हजार रुपये के नुकसान की बात कही। इसके अलावा नरेंद्र यादव (ढाई बीघा), सुरेंद्र यादव (ढाई बीघा), सतीश पाठक (डेढ़ बीघा) और सोनी यादव (डेढ़ बीघा) समेत करीब दो दर्जन किसानों के खेतों में पड़ा भूसा भी आग की चपेट में आ गया। सूचना पर लेखपाल सुनील मिश्र और हरिनाथ मौर्य मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने में सहयोग किया। आग बुझने के बाद पुलिस और दमकल की गाड़ियां पहुंचीं, लेकिन खेतों तक नहीं जा सकीं, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बनी रही।

आजमगढ़ निजामाबाद बिना अनुमति लगी डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति हटाई गई, 23 पर कार्रवाई मुस्लिम पट्टी गांव में पुलिस की कार्रवाई, विरोध के बीच 5 लोग हिरासत में


 आजमगढ़ निजामाबाद बिना अनुमति लगी डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति हटाई गई, 23 पर कार्रवाई



मुस्लिम पट्टी गांव में पुलिस की कार्रवाई, विरोध के बीच 5 लोग हिरासत में


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत मुस्लिम पट्टी गांव में 5 अप्रैल 2026 को ग्राम समाज की जमीन पर बिना अनुमति डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति स्थापित किए जाने का मामला सामने आया। जानकारी होने पर पुलिस प्रशासन ने स्थानीय लोगों को बुलाकर मूर्ति हटाने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण इसके लिए तैयार नहीं हुए।


 पुलिस के अनुसार, शासनादेश के तहत बिना अनुमति किसी भी सार्वजनिक स्थल या ग्राम समाज की जमीन पर मूर्ति स्थापित करना नियमों के विरुद्ध है। साथ ही, मूर्ति के आसपास अन्य समुदाय की जमीन होने के कारण भविष्य में विवाद की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात निजामाबाद पुलिस ने फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर मूर्ति को वहां से हटाकर अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान गांव के कुछ लोगों ने विरोध किया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस ने शांति भंग की आशंका के तहत 23 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है, जबकि 5 लोगों को हिरासत में लिया गया है। थानाध्यक्ष निजामाबाद ने बताया कि मामले में आगे भी विधिक कार्रवाई जारी रहेगी और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है।

आजमगढ़ जहानागंज 21 किलो से अधिक गांजा के साथ 2 अंतरजनपदीय तस्कर गिरफ्तार बरामद गांजा की कीमत करीब 3 लाख रुपये आंकी गई

आजमगढ़ जहानागंज 21 किलो से अधिक गांजा के साथ 2 अंतरजनपदीय तस्कर गिरफ्तार


बरामद गांजा की कीमत करीब 3 लाख रुपये आंकी गई


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जहानागंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए दो अंतरजनपदीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लगभग 21 किलो 667 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई जा रही है। 


पुलिस के अनुसार, थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध व्यक्ति कादीपुर से चक्रपानपुर मार्ग पर स्थित तरछा पुलिया के पास खड़े हैं और गांजा तस्करी में संलिप्त हैं। सूचना पर तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही दोनों संदिग्ध भागने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।


 गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अंकित यादव (20 वर्ष), निवासी कोड़रा, थाना चितबड़ागांव, जिला बलिया तथा रजनीश यादव (25 वर्ष), निवासी रूदवापुर, थाना सिकंदरपुर, जिला बलिया के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से 20 बंडलों में कुल 21.667 किलोग्राम गांजा तथा तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए। इस संबंध में थाना जहानागंज में मु0अ0सं0 86/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर दोनों अभियुक्तों को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विनय कुमार, उपनिरीक्षक बीरबल यादव, कांस्टेबल ऋषि कुमार, ओमप्रकाश यादव, पवन सिंह एवं सोनू गोड़ शामिल रहे।

 

अमरोहा एक दुल्हन के लिए आईं 2 बरातें, शादी समारोह बना तमाशा हॉल के बाहर हो गया तनावपूर्ण माहौल, पुलिस ने संभाला मामला


 अमरोहा एक दुल्हन के लिए आईं 2 बरातें, शादी समारोह बना तमाशा


हॉल के बाहर हो गया तनावपूर्ण माहौल, पुलिस ने संभाला मामला


उत्तर प्रदेश के अमरोहा शहर में रविवार को एक शादी समारोह उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब एक ही दुल्हन के लिए दो अलग-अलग बरातें एक ही बैंक्वेट हॉल में पहुंच गईं। अचानक बने इस असामान्य हालात से मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित करना पड़ा।


 जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले निवासी व्यक्ति ने अपनी बेटी का रिश्ता पिछले वर्ष मुरादाबाद निवासी युवक के साथ तय किया था। दोनों परिवारों के बीच मंगनी भी हो चुकी थी और शादी की तारीख 12 अप्रैल 2026 निर्धारित थी। इसी बीच किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया, जिसके बाद लड़की पक्ष ने यह रिश्ता तोड़ दिया। हालांकि शादी के कार्ड छप चुके थे और निमंत्रण भी बांटे जा चुके थे, जिससे मामला सामाजिक प्रतिष्ठा से जुड़ गया। इसी स्थिति में परिजनों ने जल्दबाजी में संभल निवासी दूसरे युवक से बेटी का रिश्ता तय कर दिया और तय तिथि पर ही विवाह की तैयारी शुरू कर दी। रविवार को कैलसा बाईपास स्थित एक बैंक्वेट हॉल में शादी समारोह आयोजित किया गया, जहां दोपहर करीब दो बजे संभल से बरात पहुंची और निकाह की तैयारियां शुरू हो गईं। इसी दौरान मुरादाबाद से पहले तय दूल्हा भी सेहरा बांधकर बरातियों के साथ मौके पर पहुंच गया। एक ही दुल्हन के लिए दो बरातें आमने-सामने आने से माहौल तनावपूर्ण हो गया और अफरा-तफरी मच गई।


 सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने दुल्हन से उसकी इच्छा जानी, जिस पर उसने अपने परिजनों की सहमति से संभल से आए दूल्हे के साथ निकाह करने की बात कही। इसके बाद पुलिस मुरादाबाद से आए दूल्हे को कोतवाली ले गई, जहां उसे शाम तक बैठाया गया, जबकि उसके बराती बाहर इंतजार करते रहे। उधर, निकाह की रस्म पूरी होने के बाद दुल्हन को लेकर संभल की बरात रवाना हो गई। बाद में स्थिति सामान्य होने पर पुलिस ने मुरादाबाद से आए दूल्हे को भी वापस भेज दिया। सीओ अभिषेक यादव ने बताया कि मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है। यह अनोखी घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।