Thursday, 3 July 2025

आजमगढ़ में बोले अखिलेश, दी जायेगी 300 यूनिट मुफ्त बिजली, 3000 रुपये मासिक समाजवादी पेंशन सपा मुखिया ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, 2027 के लिए किए बड़े वादे अनवरगंज में नए आवासीय भवन और पार्टी कार्यालय का किया उद्घाटन


 आजमगढ़ में बोले अखिलेश, दी जायेगी 300 यूनिट मुफ्त बिजली, 3000 रुपये मासिक समाजवादी पेंशन



सपा मुखिया ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, 2027 के लिए किए बड़े वादे


अनवरगंज में नए आवासीय भवन और पार्टी कार्यालय का किया उद्घाटन


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज आजमगढ़ के अनवरगंज में अपने नए आवासीय भवन और पार्टी कार्यालय के उद्घाटन समारोह में केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। इस अवसर पर उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर समाजवादी पार्टी का रोडमैप पेश किया और कई बड़े वादे किए, जिनमें हर परिवार को 300 यूनिट मुफ्त बिजली, युवाओं को आईपैड, और महिलाओं को 3000 रुपये मासिक समाजवादी पेंशन देने की घोषणा शामिल है। इसके अलावा, उन्होंने केंद्र की अग्निवीर योजना को समाप्त करने और सीमा की सुरक्षा को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई।


अखिलेश यादव ने अपने भाषण में भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मौजूदा सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, और बुनियादी सुविधाओं के मामले में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा उन बूथों को चिन्हित कर बंद करा रही है, जहां उसे हाल के चुनावों में हार का सामना करना पड़ा था। उन्होंने कहा, "भाजपा लोकतंत्र को कमजोर करने का काम कर रही है। जहां उन्हें वोट नहीं मिले, वहां बूथ बंद किए जा रहे हैं।" उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में हो रही अनदेखी पर भी गहरी चिंता जताई। अखिलेश ने कहा, "हजारों विद्यालय बंद किए जा रहे हैं, लेकिन शराब की दुकानें धड़ल्ले से खोली जा रही हैं। यह दिखाता है कि भाजपा की प्राथमिकताएं क्या हैं।" उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत गांवों में बनाई गई पानी की टंकियों को भ्रष्टाचार का प्रतीक बताते हुए कहा कि ये टंकियां गुणवत्ता के अभाव में बार-बार फट रही हैं। "हर महीने किसी न किसी जिले में टंकी फटने की खबर आ रही है। यह सरकार की नाकामी और भ्रष्टाचार का सबूत है," उन्होंने तंज कसा।


अखिलेश यादव ने अपने शासनकाल में बनाए गए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की तुलना वर्तमान सरकार के गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे से करते हुए समाजवादी सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, "हमारी सरकार ने छह लेन की सड़कें बनाईं, जो गुणवत्ता और सुरक्षा के मामले में बेहतर थीं। लेकिन आज की सरकार केवल प्रचार में व्यस्त है, काम में नहीं।" अखिलेश ने भाजपा पर आरक्षण और धर्मनिरपेक्षता के मुद्दे पर दोगली नीति अपनाने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का काम कर रही है। "भाजपा की नीतियां समाज को बांटने वाली हैं। हम समाजवादी लोग एकता और समानता में विश्वास रखते हैं," उन्होंने जोर देकर कहा। 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) गठबंधन को मजबूत करेगी और गाजियाबाद से सोनभद्र तक सभी सीटों पर जीत हासिल करने का लक्ष्य रखेगी। उन्होंने गाजीपुर में मंडी के निर्माण का वादा किया, जिससे स्थानीय किसानों और व्यापारियों को लाभ होगा। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर शिक्षा, स्वास्थ्य, और रोजगार को प्राथमिकता दी जाएगी।


 अखिलेश ने जनता को लुभाने के लिए कई बड़े वादे किए। उन्होंने कहा, "2027 में समाजवादी सरकार बनने पर हर परिवार को 300 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी। युवाओं को डिजिटल सशक्तिकरण के लिए आईपैड दिए जाएंगे, और महिलाओं को 3000 रुपये मासिक समाजवादी पेंशन मिलेगी।" इसके अलावा, उन्होंने केंद्र की अग्निवीर योजना को समाप्त करने की बात दोहराई और कहा कि उनकी सरकार सीमा की सुरक्षा को और मजबूत करेगी। अनवरगंज में आयोजित इस समारोह में समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। अखिलेश यादव ने इस अवसर पर कार्यकतार्ओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ही उत्तर प्रदेश को विकास और समृद्धि के रास्ते पर ले जा सकती है। उन्होंने कार्यकतार्ओं से 2027 के लिए अभी से जुट जाने का आह्वान किया।

आजमगढ़ अखिलेश यादव के कार्यक्रम में सुरक्षा में बड़ी चूक मंच के करीब पहुंचा युवक, पुलिसकर्मियों ने लिया हिरासत में सपा ने प्रशासन पर सवाल उठाए, बताया कार्यक्रम को खराब करने की साजिश

आजमगढ़ अखिलेश यादव के कार्यक्रम में सुरक्षा में बड़ी चूक



मंच के करीब पहुंचा युवक, पुलिसकर्मियों ने लिया हिरासत में


सपा ने प्रशासन पर सवाल उठाए, बताया कार्यक्रम को खराब करने की साजिश


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के कार्यक्रम के दौरान एक बड़ी सुरक्षा चूक सामने आई। गुरुवार, 3 जुलाई 2025 को अखिलेश के कार्यक्रम में एक युवक सभी सुरक्षा घेरों को तोड़कर मंच के करीब पहुंच गया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को रोका और हिरासत में लिया। इस घटना के बाद समाजवादी पार्टी ने प्रशासन पर सवाल उठाए और इसे कार्यक्रम को खराब करने की साजिश करार दिया। सपा नेताओं का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण यह चूक हुई। घटना के समय अखिलेश यादव मंच पर अन्य नेताओं के साथ मौजूद थे। पुलिस को कड़ी मशक्कत के बाद 5 मिनट में युवक को बाहर निकालना पड़ा। समाचार लिखे जाने तक स्थानीय प्रशासन और पुलिस का आधिकारिक बयान नहीं मिल सका था।


अखिलेश यादव आजमगढ़ में अपने नए दफ्तर और आवास परिसर के भूमि पूजन के लिए पहुंचे थे। इस दौरान ब्राह्मण महासभा और विश्व हिंदू महासंघ के सदस्यों ने उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अपने घरों पर काले झंडे लगाकर नाराजगी जताई। बता दें, आजमगढ़ समाजवादी पार्टी का गढ़ माना जाता है, जहां जिले की सभी 10 विधानसभा सीटों और दोनों लोकसभा सीटों पर सपा का कब्जा है। इस सुरक्षा चूक और विरोध के बीच अखिलेश के कार्यक्रम ने सुर्खियां बटोरीं। सपा नेताओं ने हिरासत में लिए गए युवक को लेकर पुलिस से चर्चा की, लेकिन इस मामले में अभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

 

आजमगढ़ अखिलेश यादव के आने से पहले आजमगढ़ में घरों पर लगाए गए काले झंडे भाजपा नेता ने अखिलेश यादव को लिया निशाने पर कहा आज जनेश्वर मिश्र की आत्मा रो रही होगी। सपा प्रवक्ता अशोक यादव ने कहा यह आम ब्राह्मण समाज नहीं, बीजेपी के लोग हैं।


 आजमगढ़ अखिलेश यादव के आने से पहले आजमगढ़ में घरों पर लगाए गए काले झंडे




भाजपा नेता ने अखिलेश यादव को लिया निशाने पर कहा आज जनेश्वर मिश्र की आत्मा रो रही होगी।


सपा प्रवक्ता अशोक यादव ने कहा यह आम ब्राह्मण समाज नहीं, बीजेपी के लोग हैं।



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज आजमगढ़ जनपद में आ रहे हैं, वे आजमगढ़ में अपने नए पार्टी कार्यालय व आवास का उद्घाटन करेंगे। उनके आगमन को लेकर जहां जनपद के सपाई पूरी तैयारी में जुट गए हैं, वही उनके आगमन के विरोध में पूरे जिले में जगह-जगह ब्राह्मणों ने अपने घरों पर काले झंडे लगाए।


भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष हरिवंश मिश्रा ने बताया कि ब्राह्मण महासभा व विश्व हिंदू महासंघ के आह्वान पर आजमगढ़ जनपद में ब्राह्मणों ने अपने घरों पर काला झंडा लगाकर शांतिपूर्वक अपना विरोध व्यक्त किया है। उन्होंने अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि अपने आप को पीडीए का महानायक कहने वाले सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अगर चाहे होते तो इटावा में यादव और ब्राह्मणों के बीच हुए विवाद को बैठकर शांतिपूर्वक सुलह समझौते के आधार पर शांत कर दिए होते हैं लेकिन उनके द्वारा ऐसा न कर यादव और ब्राह्मणों के बीच गहरी खाई पैदा करने के लिए इस मामले को तूल दे दिया गया। उन्होंने कहा कि यादव और ब्राह्मणों के बीच पूर्व से ही मधुर संबंध रहे हैं, अगर ब्राह्मण पूजा पाठ करता है तो यादव उस पूजा पाठ में अपना सकारात्मक सहयोग करता है। आज जिस तरह से सोशल मीडिया पर ब्राह्मणों के खिलाफ बयानबाजी की जा रही है उससे यह साफ जाहिर हो रहा है कि अखिलेश यादव जाति और वर्ग में बंटवारा की राजनीति कर रहे हैं।


भाजपा जिला उपाध्यक्ष हरिवंश मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अक्सर यह कहा जाता है कि बटोगे तो कटोगे, एक रहोगे तो सुरक्षित रहोगे। सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा हिंदुओं को एक मंच पर लाने की मुहिम अखिलेश यादव को नहीं रास आ रही है।



 समाजवादी पार्टी द्वारा ब्राह्मणों के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी पर हरिवंश मिश्रा ने कहा कि आज जनेश्वर मिश्र की आत्मा रो रही होगी कि उनके खून पसीने से बनाई गई समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर अखिलेश यादव आज आसीन है, उनके द्वारा आज ब्राह्मणों को ही अपमानित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से सांसद द्वारा यह बात कही गई थी पूरे मंत्र उच्चारण के साथ आज के उद्घाटन की प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। हरिवंश मिश्रा ने कहा कि वहां पर मौजूद ब्राह्मण अपने उदारवादी व्यवहार के चलते पूजा पाठ को जरूर पूरा कर आएगा लेकिन वह वहां दिल से मौजूद नहीं रहेगा।


इस बाबत सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अशोक यादव द्वारा बताया गया कि यह कृत्य भारतीय जनता पार्टी के लोगों द्वारा किया जा रहा है, यह आम ब्राह्मण समाज के लोग नहीं है, भाजपा जब यादव बनाम ब्राह्मण की अपनी मुहिम में कामयाब नहीं हो पाई, तब उनके द्वारा मकानों पर काले झंडे लगाकर गलत संदेश देने की कोशिश की जा रही है।