Sunday, 1 March 2026

आजमगढ़ फूलपुर ड्यूटी के दौरान पीआरडी जवान की तबीयत बिगड़ी, मौत कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में थे तैनात, परिवार में मचा कोहराम


 आजमगढ़ फूलपुर ड्यूटी के दौरान पीआरडी जवान की तबीयत बिगड़ी, मौत



कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में थे तैनात, परिवार में मचा कोहराम



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के मेजवा गांव स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में ड्यूटी के दौरान शनिवार की रात करीब 8 बजे एक पीआरडी जवान की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें आनन-फानन में फूलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 


जानकारी के अनुसार, दीदारगंज थाना क्षेत्र के हैदराबाद गांव निवासी अमर सिंह यादव (54) की हाल ही में एक फरवरी को मेजवा स्थित विद्यालय में तैनाती हुई थी। शनिवार रात ड्यूटी के दौरान उनके शरीर में अचानक गर्मी और घबराहट महसूस होने लगी। देखते ही देखते उनकी हालत बिगड़ने लगी। विद्यालय की वार्डन रीता और सुरक्षा गार्ड रमेश ने तत्काल एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस से उन्हें सीएचसी पहुंचाया गया, जहां रात करीब 9 बजे उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी सच्चिदानंद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुटी है। अमर सिंह यादव अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। तीनों बच्चे अविवाहित हैं। घटना के बाद से परिवार में शोक की लहर है।

आजमगढ़ मुबारकपुर जानलेवा हमले की घटना का खुलासा, 2 अभियुक्ता गिरफ्तार जमीन पर लोन को लेकर विवाद में लाठी-डंडा, कुल्हाड़ी व लोहे की पाइप से किया गया था हमला

आजमगढ़ मुबारकपुर जानलेवा हमले की घटना का खुलासा, 2 अभियुक्ता गिरफ्तार



जमीन पर लोन को लेकर विवाद में लाठी-डंडा, कुल्हाड़ी व लोहे की पाइप से किया गया था हमला


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के थाना मुबारकपुर क्षेत्र के अलीनगर मोहल्ले में जमीन पर लोन लेने के विवाद को लेकर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने दो अभियुक्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, लोहे की पाइप और लकड़ी का डंडा भी बरामद किया है।


 प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 फरवरी 2026 को सायं करीब छह बजे सुमन देवी पत्नी सत्यनारायण गोंड, निवासी मोहल्ला अलीनगर, अपनी सास से घर के बाहर बातचीत कर रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान उनकी देवरानी रूना देवी पत्नी विनोद गोंड जमीन पर लोन लेने की बात को लेकर गाली-गलौज करने लगीं। विरोध करने पर आरोपी पक्ष ने एक राय होकर सुमन देवी, उनके पति सत्यनारायण गोंड तथा पुत्र सर्वजीत और अर्पित पर लाठी-डंडा, लोहे की पाइप एवं कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में सभी को गंभीर चोटें आईं तथा जान से मारने की धमकी भी दी गई। 


पीड़िता की तहरीर पर थाना मुबारकपुर में मु0अ0सं0 74/2026 संबंधित धारा के तहत दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक कमला सिंह यादव द्वारा की जा रही है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 1 मार्च 2026 को अलीनगर स्थित घर से रूना देवी पत्नी विनोद गोंड एवं मुस्कान उर्फ रोली पुत्री विनोद गोंड को गिरफ्तार कर लिया। मौके से एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया गया। अभियुक्ताओं की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, लोहे की पाइप एवं लकड़ी का डंडा बरामद कर कब्जे में लिया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य विधिक कार्रवाई प्रचलित है। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कमला सिंह यादव मय हमराह कर्मचारीगण शामिल रहे।

 

आजमगढ़ मार्टीनगंज एसडीएम चेंबर में जाम छलकाने के वीडियो वायरल मामले में संविदाकर्मी की सेवा समाप्त सरकारी दफ्तरों में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं : राहुल विश्वकर्मा, एडीएम प्रशासन


 आजमगढ़ मार्टीनगंज एसडीएम चेंबर में जाम छलकाने के वीडियो वायरल मामले में संविदाकर्मी की सेवा समाप्त


सरकारी दफ्तरों में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं : राहुल विश्वकर्मा, एडीएम प्रशासन


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के तहसील परिसर स्थित मार्टीनगंज एसडीएम चेंबर में जाम छलकाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मार्टीनगंज तहसील में तैनात संविदाकर्मी अंकित सिंह की सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है।


 वायरल वीडियो कथित रूप से एसडीएम के चेंबर के भीतर का बताया जा रहा है। वीडियो में मेज पर एक शराब की बोतल, तीन पानी की बोतलें, एक नमकीन का पैकेट और तीन गिलास रखे दिखाई दे रहे हैं। साथ ही एक व्यक्ति दूसरे से सिगरेट लेते हुए भी नजर आ रहा है। सरकारी कार्यालय के भीतर इस तरह की गतिविधि सामने आने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप की स्थिति बन गई है और प्रशासन की छवि पर भी सवाल खड़े हुए हैं।


 मामले को लेकर एडीएम प्रशासन राहुल विश्वकर्मा ने बताया कि मार्टीनगंज तहसील में तैनात संविदाकर्मी अंकित सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो का संज्ञान लेते हुए प्रारंभिक जांच कराई गई, जिसके बाद संबंधित संविदाकर्मी की सेवा समाप्त कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यालयों में अनुशासनहीनता, अमर्यादित आचरण और नियमों के उल्लंघन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने संकेत दिया है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।



https://www.news9up.com/2026/02/blog-post_28.html