Saturday, 14 March 2026

आजमगढ़ पुलिस भर्ती परीक्षा-डीएवी पीजी कॉलेज में 3 बायोमेट्रिक मशीन मिलीं खराब डीएम बोले-परीक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, मजिस्ट्रेटों को लगातार निगरानी के निर्देश


 आजमगढ़ पुलिस भर्ती परीक्षा-डीएवी पीजी कॉलेज में 3 बायोमेट्रिक मशीन मिलीं खराब


डीएम बोले-परीक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, मजिस्ट्रेटों को लगातार निगरानी के निर्देश


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस के पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के साथ विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और डीएवी पीजी कॉलेज, आजमगढ़ में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर बनाए गए सीसीटीवी कंट्रोल रूम का अवलोकन किया तथा परीक्षार्थियों की बायोमेट्रिक प्रक्रिया कर रही टीम से भी जानकारी ली। डीएवी पीजी कॉलेज में निरीक्षण के दौरान 11 बायोमेट्रिक मशीनों में से तीन मशीनें खराब पाई गईं। वहीं सभी कक्षाओं में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे सक्रिय पाए गए। 


जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा के दौरान सभी परीक्षा कक्षों में लगे सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह सक्रिय रहने चाहिए और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी लगातार निगरानी करते रहें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि वे पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि पुलिस भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हो सके। जिलाधिकारी ने सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर लगातार भ्रमणशील रहकर निगरानी सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गंभीर सिंह, सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा केंद्र व्यवस्थापक भी मौजूद रहे।

उत्तर प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, हटाए गए कई जिलों के कप्तान


 उत्तर प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, हटाए गए कई जिलों के कप्तान



उत्तर प्रदेश लखनऊ, बदायूं में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी के दो अधिकारियों की हत्या की सनसनीखेज वारदात के बाद राज्य सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए सरकार ने बदायूं के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. बृजेश कुमार सिंह को पद से हटा दिया है। उन्हें डीजीपी मुख्यालय की लॉजिस्टिक शाखा से संबद्ध कर दिया गया है। 


सरकार ने कासगंज की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा को बदायूं का नया एसएसपी नियुक्त किया है। वहीं फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह को भी हटाकर डीजीपी मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। प्रशासनिक बदलाव के तहत भदोही के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक को फतेहपुर का नया एसपी बनाया गया है। वहीं एसपी लॉजिस्टिक ओम प्रकाश सिंह प्रथम को कासगंज जिले की कमान सौंपी गई है। 


इसके अलावा गोरखपुर में तैनात एडिशनल एसपी अभिनव त्यागी को भदोही का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है, जबकि गाजियाबाद में तैनात अधिकारी पाटिल निमिष दशरथ को गोरखपुर भेजा गया है। बताया जा रहा है कि बदायूं में हुई दोहरे हत्याकांड की घटना के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए यह बड़े स्तर का प्रशासनिक फेरबदल किया है।