आजमगढ़ पुलिस भर्ती परीक्षा-डीएवी पीजी कॉलेज में 3 बायोमेट्रिक मशीन मिलीं खराब
डीएम बोले-परीक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, मजिस्ट्रेटों को लगातार निगरानी के निर्देश
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस के पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के साथ विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और डीएवी पीजी कॉलेज, आजमगढ़ में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर बनाए गए सीसीटीवी कंट्रोल रूम का अवलोकन किया तथा परीक्षार्थियों की बायोमेट्रिक प्रक्रिया कर रही टीम से भी जानकारी ली। डीएवी पीजी कॉलेज में निरीक्षण के दौरान 11 बायोमेट्रिक मशीनों में से तीन मशीनें खराब पाई गईं। वहीं सभी कक्षाओं में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे सक्रिय पाए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा के दौरान सभी परीक्षा कक्षों में लगे सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह सक्रिय रहने चाहिए और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी लगातार निगरानी करते रहें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि वे पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि पुलिस भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हो सके। जिलाधिकारी ने सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर लगातार भ्रमणशील रहकर निगरानी सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गंभीर सिंह, सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा केंद्र व्यवस्थापक भी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment