Thursday, 21 May 2026

आजमगढ़ जीयनपुर/निजामाबाद पुलिस की गैंगस्टर एक्ट में बड़ी कार्रवाई, 07 शातिर अभियुक्त गिरफ्तार संगठित चोरी गिरोहों पर शिकंजा, 39 मुकदमों में वांछित अभियुक्त भेजे गए जेल

आजमगढ़ जीयनपुर/निजामाबाद पुलिस की गैंगस्टर एक्ट में बड़ी कार्रवाई, 07 शातिर अभियुक्त गिरफ्तार




संगठित चोरी गिरोहों पर शिकंजा, 39 मुकदमों में वांछित अभियुक्त भेजे गए जेल


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में थाना जीयनपुर और थाना निजामाबाद पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित कुल सात शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार अभियुक्त लंबे समय से चोरी, जेवर चोरी और संगठित आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त थे तथा इनके खिलाफ विभिन्न थानों में कुल 39 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार थाना जीयनपुर पुलिस ने जेवर चोरी एवं संगठित अपराध से जुड़े गिरोह के तीन सदस्यों जयभीम, राजन कुमार और सुरेन्द्र कुमार को गिरफ्तार किया। 


थाना निजामाबाद पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के चार अभियुक्तों रोहित चौहान, राहुल चौहान, अभिषेक चौहान और संदीप कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्तों पर चोरी, जेवर चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम तथा बीएनएस एवं भादवि की विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। अभियुक्त रोहित चौहान पर सर्वाधिक 15 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि राहुल चौहान और अभिषेक चौहान पर पांच-पांच, संदीप कुमार पर छह, सुरेन्द्र कुमार पर चार तथा जयभीम और राजन कुमार पर तीन-तीन मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों गिरोहों के खिलाफ जिलाधिकारी की ओर से गैंगचार्ट अनुमोदित किए जाने के बाद संबंधित थानों में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए गए थे। इसके बाद पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों को नियमानुसार न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।


 इस कार्रवाई में थाना जीयनपुर पुलिस टीम से वरिष्ठ उपनिरीक्षक परमात्मा मिश्रा, कांस्टेबल अक्षय प्रसाद, अवधेश कुशवाहा और प्रदुम्न यादव शामिल रहे। वहीं थाना निजामाबाद पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक राजनरायण पाण्डेय, कांस्टेबल दीपक कुमार पासवान, मुकेश विश्वकर्मा, महिला कांस्टेबल सुमन सिंह, आरक्षी कुलदीप सिंह तथा महिला आरक्षी मेनका जायसवाल शामिल रहीं। आजमगढ़ पुलिस ने कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा संगठित अपराध में शामिल तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

आजमगढ़ मुबारकपुर प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, साथी घायल बाइक सवार बदमाशों ने कार को ओवरटेक कर घटना को दिया अंजाम घायल पूर्व में लड़ चुका है जिला पंचायत सदस्य का चुनाव


 आजमगढ़ मुबारकपुर प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, साथी घायल


बाइक सवार बदमाशों ने कार को ओवरटेक कर घटना को दिया अंजाम


घायल पूर्व में लड़ चुका है जिला पंचायत सदस्य का चुनाव



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के थाना मुबारकपुर क्षेत्र के ग्राम रानीपुर में बुधवार देर रात चार पहिया वाहन सवार दो व्यक्तियों पर अज्ञात हमलावरों द्वारा ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। घटना में दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल का इलाज जारी है। 


जानकारी के अनुसार सुशील कुमार उम्र 24 वर्ष पुत्र संतराज राम निवासी कोढ़वा थाना जहानागंज बुधवार की रात करीब 12:00 बजे अपने मित्र उमाशंकर उर्फ पिंटू यादव निवासी रानीपुर थाना मुबारकपुर के साथ कार में बैठकर रानीपुर गांव में एक भंडारे में शामिल होने जा रहा था, इस दौरान मोटरसाइकिल से आए बदमाशों ने कार पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। जिससे सुशील कुमार और उमाशंकर गोली लगने से घायल हो गए। इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने सुशील कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल उमाशंकर का इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायल दूसरे व्यक्ति से घटना के संबंध में पूछताछ की।


 एसएसपी ने बताया कि मामले के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर गहन जांच की जा रही है तथा वैधानिक कार्रवाई जारी है। मौके पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भारी पुलिस बल भी तैनात रहा। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक सुशील कुमार प्रॉपर्टी डीलर का काम करता था, अपने पुराने साथियों को छोड़कर वह अन्य लोगो के साथ काम करना शुरू कर दिया था, जिसके चलते इस घटना को अंजाम देने की बात सामने आ रही है। घायल उमाशंकर उर्फ पिंटू यादव पूर्व में जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ चुका है। हालांकि पुलिस ने अभी इस मामले में कोई अधिकारिक पुष्टि नहीं की है।