Wednesday, 14 October 2026

आजमगढ़ के सीडीओ राकेश कुमार पटेल का तबादला, कमलकिशोर देशभूषण होंगे नए सीडीओ शासन ने 7 आईएएस अधिकारियों की तैनाती में किया बदलाव, राकेश पटेल को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में मिली जिम्मेदारी


 आजमगढ़ के सीडीओ राकेश कुमार पटेल का तबादला, कमलकिशोर देशभूषण होंगे नए सीडीओ



शासन ने 7 आईएएस अधिकारियों की तैनाती में किया बदलाव, राकेश पटेल को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में मिली जिम्मेदारी




उत्तर प्रदेश आजमगढ़। उत्तर प्रदेश शासन ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए सात आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस क्रम में आजमगढ़ के मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल का स्थानांतरण विशेष सचिव, चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के पद पर किया गया है। वहीं, मुजफ्फरनगर के मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमलकिशोर देशभूषण को आजमगढ़ का नया मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है। 


शासन की ओर से जारी तबादला सूची के अनुसार राकेश कुमार पटेल अब चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनके स्थान पर आजमगढ़ में मुख्य विकास अधिकारी के पद पर कंडारकर कमलकिशोर देशभूषण की तैनाती की गई है। इस बदलाव से जिले के विकास कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्था की जिम्मेदारी नए अधिकारी के हाथों में होगी। अन्य तबादलों में धीरेंद्र सिंह सचान को विशेष सचिव, चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग से निदेशक पंचायतीराज, उत्तर प्रदेश बनाया गया है। आगरा मंडल के अपर आयुक्त राजेश कुमार को विशेष सचिव, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। 


आगरा की मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह को अपर आयुक्त, आगरा मंडल नियुक्त किया गया है। वहीं, कानपुर देहात के अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार को आगरा का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा राजस्व परिषद, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज में सदस्य (न्यायिक) के पद पर तैनात देवेंद्र कुमार सिंह कुशवाहा को प्रतीक्षारत कर दिया गया है। शासन के इस प्रशासनिक फेरबदल में आजमगढ़ के मुख्य विकास अधिकारी का बदलाव जिले के लिहाज से प्रमुख माना जा रहा है। नए सीडीओ की तैनाती के साथ जिले में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारी अब कंडारकर कमलकिशोर देशभूषण संभालेंगे।

आजमगढ़ फूलपुर 144 प्रस्तावों में महज 24 को मंजूरी, गांवों का विकास कैसे हो? 5 माह से विकास कार्यों पर ब्रेक, नए काम शुरू कराने के लिए स्वीकृति का इंतजार


 आजमगढ़ फूलपुर 144 प्रस्तावों में महज 24 को मंजूरी, गांवों का विकास कैसे हो?



5 माह से विकास कार्यों पर ब्रेक, नए काम शुरू कराने के लिए स्वीकृति का इंतजार



उत्तर प्रदेश आजमगढ़। ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को गति देने के लिए शासन की ओर से ग्राम प्रधानों को प्रशासक नियुक्त किया गया है, लेकिन नई व्यवस्था में विकास कार्यों की स्वीकृति मिलने की धीमी प्रक्रिया के चलते गांवों में कामकाज प्रभावित हो रहा है। फूलपुर ब्लॉक से नए विकास कार्यों के लिए भेजे गए 144 प्रस्तावों में से अब तक महज 24 को ही मंजूरी मिल सकी है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की चुनौती बनी हुई है। ग्राम प्रधानों का कार्यकाल मई के अंतिम सप्ताह में समाप्त हो गया था। पंचायत चुनाव की घोषणा नहीं होने के कारण प्रधानों को प्रशासक नियुक्त करने की मांग उठी थी। इसको लेकर प्रधानों ने धरना-प्रदर्शन करने के साथ ही शासन स्तर पर ज्ञापन भी सौंपे थे। इसके बाद शासन ने ग्राम पंचायतों में प्रशासक नियुक्त कर उन्हें विकास कार्यों सहित अन्य जिम्मेदारियां सौंपीं। 


नई व्यवस्था के तहत पहले से स्वीकृत उन कार्यों को पूरा कराने और उनका भुगतान करने की अनुमति है, जिनकी कार्य आईडी जारी हो चुकी है या जिन पर काम चल रहा है। हालांकि, नए विकास कार्यों को कराने के लिए जिलाधिकारी की स्वीकृति लेना अनिवार्य किया गया है। शासन से नई गाइडलाइन मिलने के बाद फूलपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार किए गए। ग्राम पंचायत सचिवों और प्रशासकों ने कार्ययोजना, एस्टीमेट और जियो टैगिंग समेत जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर फाइलें सहायक विकास अधिकारी पंचायत कार्यालय में जमा कीं। वहां से खंड विकास अधिकारी की स्वीकृति के बाद कुल 144 फाइलें जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय भेजी गईं। इनमें से अब तक केवल 24 प्रस्तावों को ही मंजूरी मिल पाई है। नए प्रस्तावों को स्वीकृति नहीं मिलने से ग्राम पंचायतों में विकास कार्य शुरू नहीं हो पा रहे हैं। करीब पांच माह से विकास कार्य प्रभावित होने के कारण गांवों में जरूरी निर्माण और मरम्मत के काम अटके हुए हैं। फिलहाल पंचायत सहायकों और शौचालय केयरटेकर के मानदेय तथा टेंडर समेत अन्य मदों के भुगतान की प्रक्रिया ही चल पा रही है। स्वीकृति की धीमी रफ्तार से ग्राम पंचायतों के प्रशासकों में निराशा है। उनका कहना है कि विकास कार्यों के प्रस्ताव और जरूरी दस्तावेज समय से तैयार कर जमा कर दिए गए हैं, लेकिन पर्याप्त संख्या में मंजूरी नहीं मिलने से योजनाओं को धरातल पर उतारना मुश्किल हो रहा है। प्रशासकों ने लंबित प्रस्तावों पर जल्द निर्णय लेने और स्वीकृति की प्रक्रिया तेज करने की मांग की है। उनका कहना है कि प्रस्तावों को समय से मंजूरी मिलने पर ही गांवों में रुके विकास कार्य शुरू हो सकेंगे। साथ ही उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से ग्राम पंचायतों को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने में सहयोग की अपेक्षा जताई है।

आजमगढ़ मुबारकपुर सेंट्रल पब्लिक स्कूल की छात्रा की हुई दर्दनाक मौत स्कूल जाते समय ट्रेलर की चपेट में आने से हुआ हादसा, चचेरा भाई गंभीर


 आजमगढ़ मुबारकपुर सेंट्रल पब्लिक स्कूल की छात्रा की हुई दर्दनाक मौत


स्कूल जाते समय ट्रेलर की चपेट में आने से हुआ हादसा, चचेरा भाई गंभीर


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले मे मुबारकपुर नगर के मोहल्ला कटरा में बुधवार सुबह सड़क हादसे में बाइक सवार 16 वर्षीय छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उसका 15 वर्षीय चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब दोनों भाई-बहन स्कूल जा रहे थे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


 जानकारी के अनुसार, मुबारकपुर नगर के मोहल्ला पुरा रानी निवासी गुलरेज अजीजी की 16 वर्षीय पुत्री तहजीब अपने चचेरे भाई रेयाज (15) पुत्र हुमायूं कबीर के साथ सेंट्रल पब्लिक स्कूल, मुबारकपुर जा रही थी। बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे दोनों मोहल्ला कटरा पहुंचे थे। इसी दौरान सामने ट्रेलर आ जाने से बाइक चालक नियंत्रण खो बैठा। हादसे में रेयाज बाइक से उछलकर दूर जा गिरा, जबकि तहजीब ट्रेलर के पहिए के नीचे आकर दब गई। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा के शव को कब्जे में लेकर घायल रेयाज को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुबारकपुर पहुंचाया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रेलर को भी कब्जे में ले लिया।


 इस संबंध में थाना प्रभारी मुबारकपुर ने बताया कि सड़क हादसे में छात्रा की मौत हुई है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया है। बताया जाता है कि तहजीब दो बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। उसके पिता गुलरेज अजीजी रोजी-रोटी के सिलसिले में विदेश में रहते हैं। हादसे में छात्रा की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया।

Tuesday, 13 October 2026

लखनऊ होटल की 10वीं मंजिल से गिरकर युवती की संदिग्ध मौत, साथ आया युवक फरार सुबह युवक के साथ होटल में किया था चेकइन, शाम को हुई घटना


 लखनऊ होटल की 10वीं मंजिल से गिरकर युवती की संदिग्ध मौत, साथ आया युवक फरार


सुबह युवक के साथ होटल में किया था चेकइन, शाम को हुई घटना


उत्तर प्रदेश लखनऊ, राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के न्यू हजरतगंज स्थित ओमेक्स के होटल सेल्स्टियल मैन्योर में सोमवार शाम एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 24 वर्षीय समरीन होटल की 10वीं मंजिल से नीचे गिर गई। घटना के बाद उसके साथ कमरे में मौजूद युवक के होटल से निकलकर फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।


 एडीसीपी दक्षिण रल्लापल्ली वसंथ कुमार के मुताबिक, सोमवार शाम करीब सात बजे होटल के सिक्योरिटी इंचार्ज ने पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। मृतका की पहचान चौक क्षेत्र के हाता सूरत सिंह निवासी समरीन के रूप में हुई है। उसके साथ होटल में मौजूद युवक की पहचान सुलतानपुर जिले के दोस्तपुर नगर पंचायत क्षेत्र के फिरोजपुर खुर्द निवासी अवनीश कुमार के रूप में की गई है। जांच में पता चला कि समरीन और अवनीश ने सोमवार सुबह करीब 11:46 बजे होटल की 10वीं मंजिल पर स्थित कमरा नंबर 1037 में चेकइन किया था। शाम को समरीन के नीचे गिरने की घटना हुई। पुलिस ने आधार कार्ड के जरिए उसके परिजनों से संपर्क कर उन्हें सूचना दी। अधिकारियों के अनुसार, परिजन फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं हैं।


 एसीपी गोसाईंगंज ऋषभ यादव ने बताया कि घटना के बाद अवनीश लिफ्ट से नीचे आया और बेसमेंट से एक अन्य व्यक्ति के साथ बाइक पर बैठकर चला गया। पुलिस उसके होटल से अचानक निकलने और समरीन के साथ उसके संबंधों के बारे में जानकारी जुटा रही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवती किन परिस्थितियों में 10वीं मंजिल से नीचे गिरी। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और साक्ष्यों के आधार पर ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Monday, 12 October 2026

जौनपुर थाना खेतासराय पुलिस टीम बस चोरी करने वाले अभियुक्त को 24 घण्टे के अन्दर किया गिरफ्तार, चोरी की गयी बस बरामद


 जौनपुर थाना खेतासराय पुलिस टीम बस चोरी करने वाले अभियुक्त को 24 घण्टे के अन्दर किया गिरफ्तार, चोरी की गयी बस बरामद



उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से मिली जानकारी के अनुसार आज दिनांक 12.10.2026 को डॉ. यशवीर सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद जौनपुर द्वारा जनपद मे अपराध की रोकथाम व अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाये जा रहे अभियान के क्रम मे व पुलिस अधीक्षक नगर जौनपुर, अनंत चंद्रशेखर एवं क्षेत्राधिकारी शाहगंज, प्रतिमा वर्मा के निकट पर्यवेक्षण में तथा थानाध्यक्ष खेतासराय प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना खेतासराय पुलिस टीम द्वारा आज की रात्री में कस्बा खेतासराय दीदारगंज रोड से चोरी की गयी बस की घटना के सम्बंध में थाना स्थानीय पर पंजीकृत मु0अ0सं0-230/2026 धारा 303(2) बीएनएस बनाम अज्ञात में त्वरित कार्यावाही करते हुये अभियुक्त अरविन्द गौतम पुत्र इनरमन गौतम निवासी विहारी पूरवा थाना बौउड़ी जनपद बहराईच को रेलवे स्टेशन खेतासराय के पास से गिरफ्तार कर सम्बन्धित मा0 न्यायालय भेजा गया तथा मुकदमा उपरोक्त से सम्बन्धित चोरी की गयी बस नं0 UP62T5415 को चोरी करके ले जाते समय शाहगंज पुलिस द्वारा चेकिंग के दौरान प्रपत्र न होने की दशा में अन्तर्गत धारा 207 एमबीएक्ट में सीज किया गया, जिसे आवश्यक कार्यवाही करते हुये थाना स्थानीय पर लाकर दाखिल किया गया।


गिरफ्तार अभियुक्त का नाम पता—

1 . अरविन्द गौतम पुत्र इनरमन गौतम निवासी विहारी पूरवा थाना बौउड़ी जनपद बहराईच


पजीकृत अभियोग-

1.मु0अ0सं0-230/2026 धारा 303(2) बीएनएस बनाम अज्ञात थाना खेतासराय जनपद जौनपुर।


बरामदगी विवरण –

1- चोरी गयी बस नं0 UP62T5415 


गिरफ्तार करने वाली टीम –

1. थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह थाना खेतासराय जिला जौनपुर ।

2. उ0नि0 अनिल कुमार पाठक थाना खेतासराय, जनपद जौनपुर ।

3. का0 आशुतोष तिवारी , का0 अमित चौहान  थाना खेतासराय जिला जौनपुर

जौनपुर थाना बरसठी पुलिस द्वारा 01 अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार, कब्जे से चोरी की 24 साइकिल बरामद


 जौनपुर थाना बरसठी पुलिस द्वारा 01 अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार, कब्जे से चोरी की 24 साइकिल बरामद



उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध की रोकथाम एवं वांछित/अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के दिशा-निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूँ के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बरसठी के नेतृत्व में थाना बरसठी पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर आज दिनांक 12.10.2026 को अभियुक्त रमेश पाठक पुत्र पारसनाथ पाठक निवासी ग्राम परियत, थाना बरसठी, जनपद जौनपुर को गिरफ्तार किया।


 अभियुक्त के कब्जे से चोरी की 24 साइकिलें बरामद हुईं। गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही हैं।


गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण-

रमेश पाठक पुत्र पारसनाथ पाठक निवासी ग्राम परियत, थाना बरसठी, जनपद जौनपुर।


पंजीकृत अभियोग-

मु0अ0सं0 383/2026, धारा 303(2)/317(2)/317(5) बीएनएस, थाना बरसठी, जनपद जौनपुर।

बरामदगी का विवरण-

चोरी की 24 साइकिलें।



गिरफ्तारी एवं बरामदगी करने वाली पुलिस टीम-

1.उ0नि0 अम्बरीश कुमार सिंह, उ0नि0 राजकुमार वर्मा, थाना बरसठी, जनपद जौनपुर। 

2.हे0का0 उमाशंकर सिंह, हे0का0 यादवेन्द्र यादव थाना बरसठी, जनपद जौनपुर।

3.का0 वकील चौहान, का0 राजबहादुर वर्मा, रि0का0 अमरेश कुशवाहा, रि0का0 सुरेन्द्र, म0का0 अंकित, म0का0 वन्दना देवी थाना बरसठी, जनपद जौनपुर।

आजमगढ़ कप्तानगंज सरकारी योजनाओं का झांसा देकर महिलाओं से आभूषण ठगने वाला आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार दाहिने पैर में लगी गोली, तमंचा, कारतूस, ठगी के आभूषण और बाइक बरामद


 आजमगढ़ कप्तानगंज सरकारी योजनाओं का झांसा देकर महिलाओं से आभूषण ठगने वाला आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार



दाहिने पैर में लगी गोली, तमंचा, कारतूस, ठगी के आभूषण और बाइक बरामद


आजमगढ़ व गाजीपुर में पहले से दर्ज हैं नौ मुकदमे


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले मे सरकारी योजनाओं और आवास योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर महिलाओं से आभूषण व नकदी ठगने के मामले में कप्तानगंज पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में पकड़ लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस, ठगी के आभूषण, 1,350 रुपये नकद, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के बेला कलेशपुर उर्फ किशुनपुर निवासी साहब राम (43) पुत्र स्व. मुसाफिर के रूप में हुई है। 


पुलिस के मुताबिक, कप्तानगंज बाजार में एक अक्टूबर 2026 और कौड़िया बाजार में 5 अक्टूबर 2026 को महिलाओं को सरकारी योजनाओं एवं आवास योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर उनके आभूषण व नकदी ठगने की घटनाएं हुई थीं। इन मामलों में थाना कप्तानगंज में मुकदमा अपराध संख्या 310/2026 और 311/2026 संबंधित धारा के दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। विवेचना के दौरान सामने आई महिला आरोपी नीरज उर्फ गुड्डी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 11 और 12 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ पासीपुर नहर पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ठगी की घटनाओं में शामिल साहब राम मोटरसाइकिल से गोपालगंज की ओर से आने वाला है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद मोटरसाइकिल से आ रहे संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया तो उसने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद रात करीब 1:30 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को सीएचसी कोयलसा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल आजमगढ़ रेफर कर दिया गया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह अपनी बहन नीरज उर्फ गुड्डी के साथ मिलकर महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देता था। कभी बाजार में महिलाओं को अपने जाल में फंसाया जाता था तो कभी उनके घर जाकर रिश्तेदार होने का दावा कर विश्वास हासिल किया जाता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि कप्तानगंज और कौड़िया बाजार की घटनाओं में मिले कुछ आभूषण उसने एक अज्ञात फेरीवाले को सात हजार रुपये में बेच दिए थे। उसके पास से बरामद 1,350 रुपये को उसने आभूषणों की बिक्री से मिली रकम बताया। बरामद एक जोड़ी पीली धातु के कान के टॉप्स और मोती की माला सहित लॉकेट को भी पुलिस ने ठगी की घटनाओं से संबंधित बताया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपराध के दौरान तमंचा रखने और विरोध होने पर लोगों को धमकाने की बात भी बताई है।


पुलिस के अनुसार, साहब राम के विरुद्ध आजमगढ़ और गाजीपुर जनपद में पहले से कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें देवगांव, कोतवाली, मेहनाजपुर और रानी की सराय थानों के विभिन्न मामले तथा गाजीपुर के खानपुर थाने में आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज मुकदमा शामिल है। मुठभेड़ और अवैध असलहे की बरामदगी के संबंध में थाना कप्तानगंज में मुकदमा अपराध संख्या 312/2026 संबंधित धाराओं के तहत पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


https://youtu.be/Gst3b9o0UUQ?si=RyNX77GAIYzkzyzU