आजमगढ़ लालगंज 19 साल से अधूरी सड़क, ग्रामीणों ने बुलंद की आवाज, ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’
2027 के विधानसभा चुनाव में मतदान बहिष्कार का ऐलान, कई बार गुहार लगाने के बावजूद नहीं हुआ सड़क का निर्माण
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के लालगंज विकास खंड के संभा उपेन्दा गांव में करीब 19 साल से अधूरी पड़ी सड़क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। रविवार को ग्रामीणों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया और आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ का नारा बुलंद किया। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि यदि चुनाव से पहले सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो वे किसी भी राजनीतिक दल को वोट नहीं देंगे। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अधिकारी और जनप्रतिनिधि उनकी समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। इससे गांव के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गांव के प्रधान पति रामबचन राम ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2005-06 में तत्कालीन राज्यसभा सांसद स्वर्गीय अमर सिंह की निधि से करीब तीन किलोमीटर सड़क स्वीकृत की गई थी। निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर पत्थर और रोड़ी डालकर काम कराया गया, लेकिन पेंटिंग नहीं होने के कारण सड़क का निर्माण अधूरा रह गया। समय बीतने के साथ मार्ग की स्थिति और खराब होती चली गई। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण के लिए विधायक को तीन बार, सांसद को दो बार और जिला पंचायत अध्यक्ष को एक बार पत्र देकर समस्या से अवगत कराया गया। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सड़क से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए आरटीआई की भी प्रक्रिया की गई, लेकिन निर्माण कराने वाले विभाग के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। ग्रामीणों ने कहा कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि विकास के बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन गांव की बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान नहीं दिया जाता। अब ग्रामीणों ने सड़क निर्माण को लेकर आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। उनका कहना है कि यदि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सड़क नहीं बनी तो वे मतदान के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर करेंगे।
प्रदर्शन में अमृत सिंह, चंद्रभूषण सिंह, कृष्णपाल सिंह, सिद्धार्थ, राजेंद्र बनवासी, रमाशंकर, नरेंद्र सिंह, ऋतिक त्रिपाठी, राजा शर्मा, रामबचन राम, धर्मेंद्र सिंह, अजय सिंह गब्बर, सुधांशु सिंह और हर्षवर्धन सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment