Saturday, 14 February 2026

आजमगढ़ शहर कोतवाली फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, हत्या का आरोप पति ने बताया आत्महत्या, मायके वालों ने ससुराल पर उठाए सवाल


 आजमगढ़ शहर कोतवाली फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, हत्या का आरोप



पति ने बताया आत्महत्या, मायके वालों ने ससुराल पर उठाए सवाल



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र के हरैया मोहल्ले में 35 वर्षीय विवाहिता रानू देवी का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हरैया निवासी रानू देवी (35), पत्नी बृजेश कुमार, का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे से साड़ी के सहारे लटका मिला। सूचना पाकर मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए।


 मृतका के भाई विशाल कुमार, निवासी रोहुआं मुस्तफाबाद थाना गंभीरपुर आजमगढ़ , ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बहन का शव घर के बाहर अंधेरे में रखा गया था और गले पर फंदे का निशान स्पष्ट था। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने पहले कहा कि रानू खाना खाकर सो रही थी, बाद में आत्महत्या की बात कही। साथ ही दरवाजा तोड़कर अंदर जाने की बात भी कही गई, जबकि मौके पर दरवाजा टूटा नहीं मिला। 


वहीं पति बृजेश कुमार का कहना है कि उनकी पत्नी पिछले चार वर्षों से सोशल मीडिया पर रील बनाती थीं। घटना के समय वह दुकान पर थे। घर लौटने पर उन्होंने पत्नी को पंखे से लटका देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। शहर कोतवाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मायके पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

No comments:

Post a Comment