आजमगढ़ निजामाबाद फरिहा बिना नंबर की तेज रफ्तार थार ने बरपाया कहर
बाइक सवार की मौत, युवक गंभीर रूप से हुआ घायल
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा बाजार में शुक्रवार सुबह करीब सात बजे एक तेज रफ्तार बिना नंबर प्लेट की थार ने मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से दोनों को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, फरिहां थाना निजामाबाद निवासी 50 वर्षीय शमशाद उर्फ गुड्डू पुत्र फरियाद तथा 18 वर्षीय मनीष कुमार पुत्र हरिश्चंद्र बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान फरिहां बाजार में तेज रफ्तार थार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने शमशाद की हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही शमशाद उर्फ गुड्डू की मौत हो गई। बताया गया कि शमशाद उर्फ गुड्डू के तीन पुत्र हैं। उनकी पत्नी की छह वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है। पत्नी की मौत के बाद से उनके बच्चों का पालन-पोषण क्षेत्र के समाजसेवी एवं यश पब्लिक स्कूल के संचालक विजय यादव द्वारा किया जा रहा है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

No comments:
Post a Comment