Thursday, 19 November 2026

आजमगढ़ तरवां, अंतरजनपदीय चोर गैंग का भंडाफोड़, मुठभेड़ में सरगना सुनील घायल होकर गिरफ्तार पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा, करीब 20 लाख का चोरी का सामान बरामद; गैंग लीडर पर दर्ज हैं 50 मुकदमे, एक आरोपी फरार


 आजमगढ़ तरवां, अंतरजनपदीय चोर गैंग का भंडाफोड़, मुठभेड़ में सरगना सुनील घायल होकर गिरफ्तार


पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा, करीब 20 लाख का चोरी का सामान बरामद; गैंग लीडर पर दर्ज हैं 50 मुकदमे, एक आरोपी फरार


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के तरवां पुलिस ने अंतरजनपदीय शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पहले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया और उनकी निशानदेही पर करीब 20 लाख रुपये कीमत का चोरी का सामान बरामद किया। इसके बाद 19 नवंबर 2026 की भोर में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरोह का सरगना सुनील कुमार घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरोह के तीन सदस्य पुलिस की गिरफ्त में हैं, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है।


पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर 2026 की रात चेकिंग के दौरान लमिया मोड़ पर सफेद रंग की डस्टर कार को रोकने का प्रयास किया गया। भागने की कोशिश में कार बंद हो गई, जिसके बाद पुलिस ने उसमें सवार राहुल कुमार निवासी मेहनगर, आजमगढ़ और नितेश निवासी बहरियाबाद, गाजीपुर को पकड़ लिया। कार से चोरी के टायर, पेंट और मशीनें बरामद हुईं। उनकी निशानदेही पर रोशनपुर जंगल से टीवीएस एजेंसी से चोरी की गई मोटरसाइकिलें, मोबिल ऑयल और अन्य सामान भी मिला।


पूछताछ में गैंग लीडर सुनील कुमार निवासी चन्दवक, जौनपुर की जानकारी मिली। 19 नवंबर 2026 की सुबह दर्रोपुर मोड़ पर पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। उसके पास से तमंचा, कारतूस, 53 हजार रुपये और अपाची मोटरसाइकिल बरामद हुई।


पुलिस ने डस्टर कार, चार मोटरसाइकिल, पेंट के 42 डिब्बे, मोबिल ऑयल के 84 डिब्बे, 15 टायर, लैपटॉप, एलईडी टीवी, प्रिंटर, इन्वर्टर और अन्य सामान बरामद किया है। गिरोह पर आजमगढ़, जौनपुर और गाजीपुर में चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देने का आरोप है।


पुलिस के मुताबिक, सुनील कुमार के विरुद्ध चोरी, लूट, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट समेत कुल 50 मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपी अभिषेक सिंह की तलाश जारी है। यह कार्रवाई एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह की टीम ने की।

No comments:

Post a Comment