Thursday, 2 July 2026

आजमगढ़ अतरौलिया सर्पदंश से बीए की छात्रा की हुई मौत घर के भीतर घरेलू कार्य करते समय बनाया शिकार, गांव में शोक की लहर


 आजमगढ़ अतरौलिया सर्पदंश से बीए की छात्रा की हुई मौत



घर के भीतर घरेलू कार्य करते समय बनाया शिकार, गांव में शोक की लहर



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के अतरौलिया थाना क्षेत्र के सुखीपुर गांव में घर के अंदर काम कर रही एक युवती की सर्पदंश से मौत हो गई। उपचार के दौरान हुई इस दर्दनाक घटना से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है। 


जानकारी के अनुसार, सुखीपुर गांव निवासी सुरेंद्र कुमार की 21 वर्षीय पुत्री महिमा बुधवार सुबह करीब आठ बजे घर के भीतर घरेलू कार्य कर रही थी। इसी दौरान घर में मौजूद एक जहरीले सांप ने उसे डस लिया। महिमा की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसकी बिगड़ती हालत देखकर तत्काल अतरौलिया के एक निजी अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए अंबेडकरनगर रेफर कर दिया। परिजन उसे वहां के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। 


परिजनों ने बताया कि घटना के बाद घर में तलाश करने पर एक सांप को पकड़ लिया गया। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिमा को उसी सांप ने काटा था या किसी अन्य विषैले जीव ने। महिमा स्नातक (बीए) की छात्रा थी और अपने चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। परिवार के अनुसार वह पढ़ाई में मेधावी थी और छोटे भाई-बहनों का सहारा भी थी। उसके निधन से छोटे भाई करण (19), पवन (15) और बहन अंतिमा (17) सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मां शीला देवी अपनी बड़ी बेटी को याद कर बार-बार बेसुध हो जा रही हैं। युवती की असमय मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण शोक संतप्त परिवार के घर पहुंचे और उन्हें ढांढस बंधाया। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है।

No comments:

Post a Comment