Thursday, 2 July 2026

आजमगढ़ अतरौलिया करंट की चपेट में आने से 18 वर्षीय छात्र की मौत खेत की सिंचाई के दौरान हुआ हादसा, परिवार में मचा कोहराम


 आजमगढ़ अतरौलिया करंट की चपेट में आने से 18 वर्षीय छात्र की मौत


खेत की सिंचाई के दौरान हुआ हादसा, परिवार में मचा कोहराम


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के अतरौलिया थाना क्षेत्र के सुक्खीपुर (पहिया बुजुर्ग) गांव में खेत की सिंचाई के दौरान करंट की चपेट में आने से 18 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।


 जानकारी के अनुसार, सुक्खीपुर (पहिया बुजुर्ग) निवासी अनुराग यादव (18) पुत्र भीम यादव बुधवार की शाम करीब आठ बजे खेत की सिंचाई कर रहा था। इसी दौरान वह खेत में पड़े विद्युत के खुले तार की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे तत्काल अतरौलिया के एक निजी चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।


 बताया गया कि अनुराग ने इस वर्ष हाईस्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण की थी और वर्तमान में जय मंगल यादव इंटर कॉलेज में कक्षा 11 का छात्र था। वह जुड़वा भाइयों में बड़ा था। परिवार में उसके छोटे भाई अभिषेक यादव और बहन आराध्य हैं। पिता भीम यादव खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। अनुराग की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां माया देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण शोकाकुल परिवार के घर पहुंचकर सांत्वना देने लगे। गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।

No comments:

Post a Comment