आजमगढ़ तहबरपुर 25 किलो गांजा के साथ तस्कर को दबोचा
आटो में छिपाकर उड़ीसा से गोरखपुर ले जा रहा था गांजा, फुटकर बिक्री की बात कबूली
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के थाना तहबरपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 किलो 100 ग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी को आटो सहित पकड़कर उसके कब्जे से 12 पैकेटों में भरा गांजा बरामद किया। पुलिस के अनुसार, 11 मई 2026 को उपनिरीक्षक लोकेश मणि त्रिपाठी अपनी टीम के साथ किशुनदासपुर अंडरपास के पास बैंक चेकिंग और संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि निजामाबाद की तरफ से आ रहे एक आटो में अवैध सामान हो सकता है। सूचना पर पुलिस टीम ने सरदहां चौहान बस्ती मोड़ के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आटो चालक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में उसने अपना नाम धीरज साव पुत्र रामप्रताप साव निवासी शाहपुर थाना बेलघाट जनपद गोरखपुर हाल पता गांधी रोड राउरकेला, उड़ीसा बताया। क्षेत्राधिकारी सगड़ी/बूढ़नपुर अनिल कुमार वर्मा की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आटो से 12 पैकेटों में 25 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा आरोपी के पास से एक कीपैड मोबाइल फोन और 700 रुपये नकद भी मिले। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह उड़ीसा से गांजा खरीदकर गोरखपुर में फुटकर बिक्री करता था और इसी से परिवार का खर्च चलाता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना तहबरपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया है।

No comments:
Post a Comment