आजमगढ़ मेंहनगर 50 हजार का इनामिया गैंगेस्टर गिरफ्तार
एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी कर गैर प्रांत ले जाता था गिरोह
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के मेंहनगर थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गैंगेस्टर एक्ट में वांछित 50 हजार रुपये के इनामिया अभियुक्त को एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी गोवध से जुड़े एक संगठित गिरोह का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है, जो प्रतिबंधित पशुओं की चोरी कर उन्हें गैर प्रांत ले जाकर अवैध वध करता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी आरिफ पुत्र इस्माइल निवासी खौरा रसूलपुर व्यवहरा थाना मुबारकपुर, लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पहले 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत 13 अप्रैल 2026 की शाम प्रभारी निरीक्षक निहार नंदन कुमार व एसटीएफ फील्ड यूनिट प्रयागराज की टीम को मुखबिर से सूचना मिली। इसके आधार पर करनेहुआ डिग्री कॉलेज के पास घेराबंदी कर रात करीब 8 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में सामने आया कि यह गिरोह सोनू उर्फ जावेद के नेतृत्व में काम करता था।
गिरोह के सदस्य धर्मेंद्र गुप्ता, बुद्धू उर्फ फैजान, पप्पू उर्फ अली अहमद, राजकुमार समेत अन्य लोग मिलकर प्रतिबंधित पशुओं की चोरी और तस्करी करते थे। इनके इस अवैध कारोबार से क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ था, जिससे लोग इनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराने से भी कतराते थे। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। वर्ष 2024 में शिवरामपुर क्षेत्र में पिकअप वाहन से प्रतिबंधित पशुओं की बरामदगी के मामले में भी इसका नाम सामने आया था। इसके अलावा चोरी और आर्म्स एक्ट सहित कई धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह की गतिविधियों को देखते हुए प्रशासन ने गैंग चार्ट तैयार कर जिला मजिस्ट्रेट की अनुमति से सभी सदस्यों के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस लगातार दबिश दे रही थी, जिसके बाद अब इस गिरोह के एक प्रमुख सदस्य की गिरफ्तारी संभव हो सकी है। इस कार्रवाई में मेंहनगर थाना पुलिस और एसटीएफ प्रयागराज की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

No comments:
Post a Comment