Thursday, 22 February 2024

आजमगढ़ अतरौलिया 25 विद्युत बकायेदारों का काटा गया कनेक्शन अभियान के तहत की गई 1.25 लाख राजस्व की वसूली


 आजमगढ़ अतरौलिया 25 विद्युत बकायेदारों का काटा गया कनेक्शन


अभियान के तहत की गई 1.25 लाख राजस्व की वसूली



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ अतरौलिया विद्युत उपखण्ड 33/11 अन्तर्गत अतरौलिया टाउन क्षेत्र व आस पास के गावों में बकायेदारों के खिलाफ अभियान चला कर विद्युत विच्छेदन की कार्यवाही की गयी। अतरौलिया नगर पंचायत में अभियान के तहत लगभग एक लाख पच्चीस हजार रुपये की वसूली तथा 25 बकायेदारों का कनेक्शन विच्छेदन किया गया। बिजली विभाग की इस कार्यवाही से बाजार में हड़कंप मच गया। इस दौरान कुछ बड़े बकायेदार दुकान बंद कर फरार हो गए।


बिजली विभाग के एसडीओ बृजेश राव ने बताया कि अतरौलिया नगर पंचायत में लगभग दो करोड़ रुपए का बिजली बकाया है। कुछ दुकानदार कई महीनों से अपने कनेक्शन का भुगतान नहीं कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कमर्शियल कनेक्शनधारी अपना समस्त बकाया 27 फरवरी तक हर हाल में जमा कर दें तथा घरेलू उपभोक्ता अपने बकाए का 30 प्रतिशत या 3000 से अधिक जमा कर दें नहीं तो उनके खिलाफ विद्युत विच्छेदन की कार्रवाई की जाएगी। 


उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा ब्याज में भारी छूट मिलने, प्रचार प्रसार के बाद भी विद्युत बकायेदार उपभोक्ताओं द्वारा सहयोग नहीं किया जा रहा था इसलिए मजबूरन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में मुख्य रुप से सुरेश मौर्य, राहुल कुमार, राम अवतार, कमलेश, अभिनाश हरेंद्र कुमार थे।

आजमगढ़ कई केंद्रों पर नकल करते सीसीटीवी में कैद हुए परीक्षार्थी डीआईओएस ने दी कार्रवाई करने की चेतावनी


 आजमगढ़ कई केंद्रों पर नकल करते सीसीटीवी में कैद हुए परीक्षार्थी


डीआईओएस ने दी कार्रवाई करने की चेतावनी




उत्तर प्रदेश आजमगढ़ यूपी बोर्ड परीक्षा 2024 की परीक्षाएं बृहस्पतिवार से शुरू हुईं। इसके साथ ही नकल का सिलसिला भी शुरू हो गया। जनपद में जीजीआईसी और लखनऊ में बनाए गए कंट्रोल रूम से परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी कैमरे से मॉनीटरिंग होती रही। पहली पाली में हाईस्कूल की हिंदी की परीक्षा में छिटपुट परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थी नकल करते सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए। छोटे से डेस्क पर बैठे छात्र एक-दूसरे की कॉपियों में ताकझांक कर रहे थे, जिसे लेकर संयुक्त शिक्षा निदेशक व डीआईओएस ने कार्रवाई करने की भी बात कही।


 जिले में गुरुवार को 276 केंद्रों पर पहली पाली में हाईस्कूल की हिंदी की परीक्षाएं सकुशल संपन्न हो गईं, लेकिन इस बीच कुछ केंद्रों पर नकल के भी मामले सामने आए। लखनऊ में बने कंट्रोल रूम से निगरानी के दौरान नकल करते जहां परीक्षार्थी देखे गए तो वहीं जिले के जीजीआइसी में बने कंट्रोल रूम से भी कई परीक्षा केंद्रों पर नकल करते सामने आए।


हालांकि, किसी भी परीक्षार्थी के पास से अनुचित साधन नहीं पाया गया, लेकिन परीक्षार्थियों द्वारा एक-दूसरे की कॉपियों में ताकझांक करते हुए सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हुआ है। जिसमें यदुनंदन इंटर कालेज, खासबेगपुर, मनियारपुर में कैमरा नंबर 12 में सीटिंग प्लान में गड़बड़ी मिली है। छोटे से बेंच पर दो छात्रों को बैठाया गया है। कक्ष निरीक्षक के निगरानी में छात्र एक-दूसरे से बात करते व कॉपियों में ताकझांक करते दिख रहे हैं।


वहीं, सिद्धेश्वरी जनता इंटर कालेज, जेठहरी में कैमरा नंबर एक में कक्ष निरीक्षक की उपस्थिति में छात्र एक-दूसरे से बात करते व कॉपियों में देख रहे हैं। जिसे लेकर तत्काल डीआइओएस मनोज कुमार मिश्रा ने केंद्र व्यवस्थापकों को सूचना देते हुए फटकार लगाई। उन्होंने नकल करते सीसीटीवी कैमरे में हुए रिकार्ड के फुटेज के आधार पर केंद्र व्यवस्थापक बदलने व उक्त कक्ष निरीक्षकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि नकल करते कोई भी परीक्षार्थी पकड़ा गया तो इसका जिम्मेदार कक्ष निरीक्षक के साथ ही केंद्र व्यवस्थापक भी होंगे। केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया जाएगा।

मुरादाबाद 5 हजार रुपये रिश्वत लेते दरोगा गिरफ्तार थाने में ले रहा था पैसे...


 मुरादाबाद 5 हजार रुपये रिश्वत लेते दरोगा गिरफ्तार


थाने में ले रहा था पैसे....



उत्तर प्रदेश मुरादाबाद एंटी करप्शन टीम ने अगवानपुर चौकी पर तैनात दरोगा महेश पाल सिंह को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी हेमराज मीना ने दरोगा को निलंबित कर दिया। दरोगा की शिकायत ठेका लेकर मकान बनवाने विशनपुर भीमाठेर गांव निवासी निजार खां ने टीम से की थी। 


उनका कहना था कि शस्त्र लाइसेंस के आवेदन पर रिपोर्ट लगाने के एवज में 20 हजार रुपये की मांग की थी। टीम के बताए तरीके को अपनाते हुए निजार खां बुधवार को बतौर एडवांस पांच हजार रुपये लेकर आए। उस वक्त दरोगा सिविल लाइंस थाने के हेल्प डेस्क कक्ष में था। निजार को वहीं बुला लिया। दरोगा के रकम पकड़ते ही टीम ने उसे दबोच लिया। दरोगा को बृहस्पतिवार को बरेली स्थित भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट में पेश किया जाएगा।


शस्त्र लाइसेंस के लिए पुलिस रिपोर्ट लगाने के एवज में पांच हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा गया दरोगा महेश पाल सिंह निजार खां को तीन माह से पुलिस चौकी के चक्कर लगवा रहा था। दरोगा को निजार द्वारा इस मामले में पूर्व में की गई दो सिपाहियों की शिकायत की जांच सौंपी गई थी। हालात देखकर निजार ने एंटी करप्शन टीम की मदद ली।


 विशनपुर भीमाठेर गांव निवासी निजार खां ने बताया कि पूर्व में दो सिपाहियों ने उनके शस्त्र लाइसेंस के आवेदन पर सही रिपोर्ट लगाने के बजाय उसे खारिज कर दिया था। इसकी शिकायत पर अगवानपुर चौकी के दरोगा महेश पाल सिंह को मामले की जांच सौंपी गई थी। निजार खां का आरोप है कि इसके बाद शस्त्र लाइसेंस पर रिपोर्ट के लिए वह दरोगा से मिले तो उसने तीन माह उनसे चौकी के चक्कर लगवाए। बाद में रिपोर्ट के एवज में 20 हजार रुपये मांगे। इस पर 19 फरवरी 2024 को निजार ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन के सीओ मोहम्मद फाजिल सिद्दीकी से की। इसके बाद सीओ ने एंटी करप्शन टीम लगा कर योजनाबद्ध तरीके से बुधवार को सिविल लाइंस थाने से दरोगा को रंगे हाथों गिरफ्तार करवा लिया।


 सिविल थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया कि दरोगा पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत थाना सिविल लाईन्स पर मुकदमा अपराध संख्या 131/2024 पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तार दरोगा को बरेली स्थित कोर्ट में पेश किया जाएगा। दरोगा महेश पाल सिंह बतौर सिपाही पुलिस विभाग में भर्ती हुआ था। पदोन्नति के बाद वह दारोगा बना। सिपाही के पद पर भी अगवानपुर चौकी क्षेत्र में तैनाती रही थी। वर्तमान में अगवानपुर चौकी में एक साल से दरोगा के पद पर तैनाती थी। दरोगा मूलरूप से बरेली के सिरौली थाना क्षेत्र के पलभा गांव का रहने वाला है।

आजमगढ़ गम्भीरपुर मार्ग दुर्घटना में इंटर के छात्र की हुई मौत मोटर साइकिल से भाईयों को परीक्षा दिलवाने जाते समय हुआ हादसा, 2 अन्य घायल


 आजमगढ़ गम्भीरपुर मार्ग दुर्घटना में इंटर के छात्र की हुई मौत



मोटर साइकिल से भाईयों को परीक्षा दिलवाने जाते समय हुआ हादसा, 2 अन्य घायल




उत्तर प्रदेश आजमगढ़ गम्भीरपुर थाना क्षेत्र के गम्भीरपुर मार्टिनगंज मार्ग पर दुर्गा जी मंदिर के पास दो मोटर साइकिल की आमने-सामने हुई भिड़न्त में एक युवक की जहां मौत हो गयी, वहीं दो अन्य घायल हो गये। मृतक इंटर का छात्र था वह आज सुबह अपने भाईयों को मोटर साइकिल से हाईस्कूल बोर्ड की परीक्षा दिलवाने जा रहा था।


जानकारी के मुताबिक गम्भीरपुर थाना क्षेत्र के सद्दोपट्टी गांव का निवासी सुजेंद्र कुमार उम्र 19 वर्ष पुत्र स्व0 सुबास अपने छोटे भाई शुभम 17 व विकास उम्र 18 वर्ष पुत्र मेवालाल को हाईस्कूल की परीक्षा दिलाने के लिए गोंठाव स्थित एक विद्यालय पर जा रहा था। वह जैसे ही गम्भीरपुर मार्टिनगंज रोड दुर्गा जी मंदिर गम्भीरपुर के पास पंहुचा ही था कि सामने से आ रही बाइक से धक्का लग गया, जिससे सुजेंद्र मोटर साइकिल लेकर गिर गया।


 स्थानीय लोगों द्वारा एंबुलेंस की मदद से सुजेन्द्र, शुभम, विकास को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदपुर ले जाया गया, जहां पर चिकित्सक ने सुजेन्द्र को मृत घोषित कर दिया। शुभम व विकास को इलाज के बाद छोड़ दिया गया। सूचना पर पहुंची थाना गम्भीरपुर पुलिस ने शव को पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुजेन्द्र दो भाई एवं तीन बहनों में चौथे नंबर पर था, वह इंटर का छात्र था। गुरुवार को ही शाम की पाली में सुजेन्द्र का भी पेपर था, वर्ष 2021 में सुजेन्द्र के पिता की मौत में हो गई थी। सुजेन्द्र की माता संतरा का रो-रोकर बुरा हाल है।

Wednesday, 21 February 2024

आजमगढ़/बलिया ढाई लाख रुपये घूस लेते रंगे हाथ चतुर्थ श्रेणी का कर्मचारी गिरफ्तार एसीओ के खिलाफ भी दर्ज हुई एफआईआर


 आजमगढ़/बलिया ढाई लाख रुपये घूस लेते रंगे हाथ चतुर्थ श्रेणी का कर्मचारी गिरफ्तार



एसीओ के खिलाफ भी दर्ज हुई एफआईआर



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ की एंटी करप्शन टीम के हाथ बुधवार को फिर एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बलिया जिले में टीम ने ढाई लाख रुपये घूस लेते चतुर्थ श्रेणी के एक कर्मचारी को रंगेहाथ पकड़ा। मामला सहायक चकबंदी कार्यालय सिकंदरपुर से जुड़ा हुआ है। शहर कोतवाली में एंटी करप्शन टीम ने पकड़े गए कर्मचारी के साथ ही सहायक चकबंदी अधिकारी के खिलाफ मुकदमा पंजीत कराया है।


 बलिया जिल के उभांव थाना क्षेत्र के बेल्थरा रोड बभनियाव गांव निवासिनी गिरीजा देवी के पैतृक भूमि का मामला सहायक चकबंदी अधिकारी सिकंदरपुर के यहां चल रहा है। शिकायतकर्ता के पक्ष में आदेश करवाने के लिए उससे ढाई लाख रुपये की मांग किया गया। गिरीजा देवी ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम (आजमगढ़) से की। सूचना पर टीम ने योजना बनाई और बुधवार को मय दलबल पहुंच गई। उनके साथ डीएम बलिया द्वारा बतौर साक्षी उपलब्ध कराए गए दो जिम्मेदार भी मौजूद थे।


 इसके बाद पीड़िता ने पैसा देने के बाबत बात किया तो सहायक चकबदी अधिकारी कार्यालय में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी राजेश कुमार राय ने उसे बलिया रोडवेज बस स्टैंड पर बुलाया। जहां महिला ने पहुंच कर राजेश को जैसे ही पैसा दिया, वैसे ही एंटी करप्शन की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम उसे लेकर सीधे बलिया कोतवाली पहुंची। जहां चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी राजेश कुमार राय के अलावा सहायक चकबंदी अधिकारी सिकंदरपुर ललित कुमार के खिलाफ कोतवाली बलिया मे मुकदमा अपराध संख्या 80/2024 नामजद मुकदमा पंजीकृत कराया गया।

टीम में ये रहे शामिल-ट्रैपटीम प्रभारी श्याम बाबू, निरीक्षक शैलेंद्र सिंह, सुखवीर सिंह भदौरिया, ब्रजेश द्विवेदी, कैलाश चंद्र, मुख्य आरक्षी ओमकार सिंह यादव, विकास कुमार जायसवाल, आरक्षी आनंद कुमार यादव, अमित सिंह, मुकेश कुमार पटेल, पंकज सिंह, जितेंद्र कुमार, अरविंद यादव आदि।

मऊ डीएम ने ग्राम पंचायत अधिकारी को निलंबित कर मुकदमा दर्ज करने का दिया आदेश पीएम आवास योजना ग्रामीण में फर्जीवाड़ा करने का मामला योजना से संबंधित अन्य ग्राम पंचायत अधिकारियों के कार्यों की जांच हेतु टीम के गठन के दिए निर्देश


 मऊ डीएम ने ग्राम पंचायत अधिकारी को निलंबित कर मुकदमा दर्ज करने का दिया आदेश


पीएम आवास योजना ग्रामीण में फर्जीवाड़ा करने का मामला


योजना से संबंधित अन्य ग्राम पंचायत अधिकारियों के कार्यों की जांच हेतु टीम के गठन के दिए निर्देश



उत्तर प्रदेश मऊ प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में फर्जीवाड़ा कर पैसा हड़प करने के आरोप में ग्राम पंचायत अधिकारी रामचंद्र यादव ग्राम पंचायत अतरारी, विकासखंड व तहसील मोहम्मदाबाद गोहना को निलंबित करने के आदेश जिलाधिकारी द्वारा दिए गए। साथ ही संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कराने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश भी जिलाधिकारी द्वारा दिए गए। ज्ञातव्य है कि दिनांक 20 फरवरी 2024 को तहसील मोहम्मदाबाद गोहना में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जनसुनवाई के समय मुन्नीलाल पुत्र श्यामा सा.धरहरा ग्राम पंचायत अतरारी ब्लॉक व तहसील मोहम्मदाबाद गोहना द्वारा शिकायत की गई कि वर्ष 2022-23 में प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत था। आवास स्वीकृति के पूर्व बिचौलिए मनोज पुत्र बलिराम ने मुन्नीलाल का आधार कार्ड, बैंक पासबुक आदि कागजात लेकर अंगूठा का निशान लगाकर आवास की पूरी धनराशि 120000 रुपए निकाल लिया गया। 


जिलाधिकारी के निर्देश पर स्थलीय सत्यापन खंड विकास अधिकारी द्वारा की गई, जिसमें रुपए का भुगतान मुन्नी लाल के खाते में तो हुआ परंतु सीमेंट, ईंट मिट्टी, बालू आदि के नाम पर पूरा पैसा ले लिया गया जबकि मुन्नीलाल का ना तो मकान बना ना कोई भवन निर्माण सामग्री ही पाई गई। जबकि ग्राम पंचायत अधिकारी रामचंद्र यादव द्वारा प्रथम किस्त के सापेक्ष नींव तक एवं द्वितीय किस्त के सापेक्ष छत स्तर तक तथा तृतीय किस्त के सापेक्ष पूर्ण आवास की फोटो प्रधानमंत्री आवास की साइट पर फर्जी अपलोड कर दिया गया, जो ग्राम पंचायत अधिकारी के पदीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही प्रदर्शित करती है तथा दलाल के माध्यम से आवास निर्माण के प्रत्येक स्तर की फर्जी फोटो पोर्टल पर अपलोड करने के दोषी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित ग्राम पंचायत अधिकारी को निलंबित करने के आदेश दिए। साथ ही मामला आपराधिक गतिविधि से जुड़े होने के कारण एफआईआर दर्ज कराने हेतु भी जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया है। 


इस मामले को देखते हुए जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत अधिकारियों से जुड़े कार्यों की जांच हेतु कम से कम तीन सदस्यीय टीम का चयन कर संदिग्ध ग्राम पंचायत अधिकारियों के संपूर्ण कार्यों की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं को पारदर्शी ढंग से संचालित न करने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करते हुए विभागीय कार्रवाई हेतु संस्तुति की जाएगी। इस तरह की टीमों का गठन उन्होंने समस्त विकास खंडों में करने के निर्देश दिए हैं, जिससे योजनाओं में पारदर्शिता लाई जा सके एवं भ्रष्ट कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।

आजमगढ़ ग्रामीण न्यायालय गठन के विरोध में अधिवक्ताओं ने निकाला मोटर साइकिल जुलूस हाथों में ग्रामीण न्यायालय वापस लो की तख्तियां लिए की नारेबाजी


 

आजमगढ़ ग्रामीण न्यायालय गठन के विरोध में अधिवक्ताओं ने निकाला मोटर साइकिल जुलूस


हाथों में ग्रामीण न्यायालय वापस लो की तख्तियां लिए की नारेबाजी



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ ग्रामीण न्यायालय के गठन के विरोध में अधिवक्ताओं का आंदोलन बुधवार को लगातार 21 वें दिन भी जारी रहा। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अधिवक्ताओं ने बुधवार को शहर में मोटर साइकिल जुलूस निकाला। यह जुलूस दीवानी न्यायालय से निकलकर कलेक्ट्रेट होते हुए हर्रा की चुंगी तक पहुंचा तत्पश्चात कोट मोहल्ला डी0ए0वी0 कॉलेज होते हुए सिधारी स्थित कमिश्नरी पहुंचा। वहां से वापस दीवानी कचहरी पहुंचा पूर्व दीवानी न्यायालय अभिभाषक संघ की साधारण सभा की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष अशोक कुमार पांडेय तथा संचालन मंत्री आनंद श्रीवास्तव एडवोकेट ने किया।


 बैठक में ग्रामीण न्यायालय के गठन के विरोध में चल रहे आंदोलन को जारी रखने का निर्णय लिया गया। तत्पश्चात अपने हाथों में ग्रामीण न्यायालय वापस लो की तख्तियां लिए हुए दीवानी न्यायालय परिसर से बाहर निकले। इस जुलूस में पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिंह,ओम प्रकाश मिश्रा,प्रभाकर सिंह, सूबेदार यादव, पूर्व मंत्री अनिल सिंह वीरेंद्र प्रताप सिंह, राजेश कुमार सिंह पराशर,अरुणेंद्र कुमार सिंह,महेंद्र सिंह, जनार्दन एडवोकेट सहित सैकड़ों अधिवक्ता शामिल हुए।