Wednesday, 5 July 2023

आजमगढ़ आईजी ने एसआई व सिपाही को किया निलंबित 8 लाख की लूट मामले में लापरवाही पर की कार्रवाई

आजमगढ़ आईजी ने एसआई व सिपाही को किया निलंबित


8 लाख की लूट मामले में लापरवाही पर की कार्रवाई


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ पीड़ित की सूचना के बाद कुछ दूर खड़ी 112 पीआरवी पर तैनात जवानों ने सक्रियता दिखाई होती तो बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होते। आइजी अखिलेश कुमार ने जवानों की इस लापरवाही पर पीआरवी पर तैनात एसआई  हरेराम व आरक्षी सत्यवीर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरी प्रकरण की जांच कराने का निर्देश दिया है। आइजी के इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है।


शहर कोतवाली क्षेत्र के रोडवेज स्थित एक शापिंग माल के पास सोमवार की दोपहर में दो बाइक सवार तीन बदमाशों ने असलहे के बल पर दिनदहाड़े रेडिएंट कंपनी गोरखपुर में एजेंट प्रमोद कुमार निवासी रानीपुर थाना मुबारकपुर से कलेक्शन के आठ लाख रुपये लूट लिए। उसके बाद फरार हो गए। घटना के तत्काल बाद पीड़ित ने कुछ दूर खड़ी पीआरवी वाहन पर तैनात एसआई हरेराम व आरक्षी सत्यवीर को घटना की सूचना दी। इस पर जवानों ने किसी तरह की सक्रियता नहीं दिखाई और न ही कंट्रोल को  सूचना देते हुए लुटेरों का पीछा किया। घटना के तत्काल बाद आइजी भी मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने पीड़ित से पूरी घटना की जानकारी ली, जवानों की लापरवाही सामने आने पर उन्होंने तत्काल निलंबन का आदेश दिया। एएसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने बताया कि लापरवाही बरतने वाले दोनों जवानों को निलंबित किया जा रहा है। घटना के बाद उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।

 

मुरादाबाद दारोगा के खिलाफ महिला सिपाहियों ने एसएसपी से लगाई गुहार ऑफिस में बुलाकर कमरा बंद करने और गंदे कमेंट करने का आरोप


 मुरादाबाद दारोगा के खिलाफ महिला सिपाहियों ने एसएसपी से लगाई गुहार



ऑफिस में बुलाकर कमरा बंद करने और गंदे कमेंट करने का आरोप


मुरादाबाद यूपी पुलिस का एक दारोगा फिर अपनी आशिक मिजाती के कारण चर्चा में है। यह दारोगा विभाग की ही महिला सिपाहियों से अश्लील हरकतें करता है। एक नहीं कई महिला सिपाहियों ने दारोगा पर संगीन आरोप लगाए हैं। महिला सिपाहियों का आरोप है कि दारोगा उन पर गंदे-गंदे कमेंट करता है। अपने आफिस में बुलाकर कमरा बंद कर लेता है। महिला सिपाहियों ने वाट्सएप कॉल करके परेशान करने का भी आरोप लगाया है। मामला मुरादाबाद के कटघर का है। महिला सिपाहियों ने इसकी शिकायत डीजीपी, एसएसपी, महिला आयोग समेत तमाम उच्चाधिकारियों से की।


शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी हेमराज मीणा ने दारोगा जितेंद्र कुमार को लाइन हाजिर कर दिया है। पूरे प्रकरण की जांच सीओ कटघर शैलजा मिश्रा को दी है। सीओ ने थाने पर पहुंच कर शिकायत करने वाली सिपाहियों के बयान लिए हैं।


कटघर थाने की कई महिला सिपाहियों ने संयुक्त रूप से एक शिकायती पत्र पुलिस के उच्चाधिकारियों को दिया है। इसमें महिला सिपाहियों ने आरोप लगाया कि थाने के एसएसआई जितेंद्र कुमार उन्हें देख कर गंदे-गंदे कमेंट करते हैं। यह भी आरोप लगाया कि एसएसआई अपने ऑफिस में बुलाकर गेट बंद कर लेते हैं और इतना ही नहीं रात में महिला सिपाहियों को वाट्सएप कॉल करके परेशान करते हैं। वाट्सएप मैसेज कर मनचाही जगह ड्यूटी लगाने का प्रलोभन देकर अकले में मिलने तक की बात एसएसआई कह चुके हैं।


शिकायतकर्ता महिला सिपाहियों ने एसएसआई के आपत्तिजनक वाट्सएप मैसेज के स्क्रीन शॉट भी शिकायती पत्र के साथ दिए हैं। शिकायत मिलने के बाद एसएसपी हेमराज मीणा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसआई कटघर के पद पर तैनात दरोगा जितेंद कुमार को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।


एसएसपी हेमराज मीणा ने बताय कि पूरे प्रकरण की जांच सीओ कटघर शैलजा मिश्रा को दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर सीओ कटघर शैलजा मिश्रा ने मामले की जांच भी शुरू कर दी है।

Tuesday, 4 July 2023

आजमगढ़ मेंहनगर आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 4 की मौत, 1 झुलसा


 आजमगढ़ मेंहनगर आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 4 की मौत, 1 झुलसा


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ मेंहनगर थाना क्षेत्र अन्तर्गत बरवा सागर महमूदपुर नियामतपुर की सीवान में करीब 4 बजे आकाशीय बिजली की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गयी। एक अन्य झुलस गया।


बताते चले कि मंगलवार को थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरवा सागर के मुहम्मदपुर नियामतपुर गांव के पूर्वी सिवान में पाँचों भैस चरा रहे थे। करीब चार बजे तेज गरज चमक के साथ बारिश होने लगी। आकाशीय बिजली की तड़तड़ाहट से पांचों एक ट्यूबेल पर छाया की वजह से चले गए। इस दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में शशिकला उम्र 50 पत्नी झगड़ू यादव, शैलेश यादव उर्फ बब्बी उम्र 16 पुत्र शिवबचन यादव जो दो भाइयों में छोटा था, अमन 15 वर्ष पुत्र राजमन यादव जो दो भाइयों में छोटा था, अनुराग यादव उम्र 15 पुत्र पप्पू यादव अपने माँ बाप का इकलौता था, मौत हो गयी। वहीं अमित यादव उम्र 16 वर्ष पुत्र राजू यादव को घायलावस्था में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


 ग्राम प्रधान तारा देवी के पुत्र रंजीत यादव अपने निजी साधन से सभी को अस्पताल पहुँचाया। सूचना पाकर तहसीलदार राजू कुमार, थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह मौके पर पहुच गये।

आजमगढ़ 4 मामलों में कोर्ट में पेश हुए बाहुबली विधायक रमाकांत यादव एक में 6, तीन में 14 जुलाई की तारीख नियत


 आजमगढ़ 4 मामलों में कोर्ट में पेश हुए बाहुबली विधायक रमाकांत यादव



एक में 6, तीन में 14 जुलाई की तारीख नियत


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ बाहुबली विधायक रमाकांत यादव की मंगलवार को चार अलग-अलग मामलों में कोर्ट में पेशी हुई। चारों मामलों में बाहुबली रमाकांत यादव की फतेहगढ़ जेल से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पेशी हुई। एक मामले में छह तो तीन अन्य में 14 जुलाई की अगली तारीख नियत की गई।


एमपीएमएल कोर्ट के न्यायाधीश ओम प्रकाश वर्मा की अदालत में रमाकांत यादव कुल तीन मामलों में वीसी के माध्यम से पेश हुए। जिसमें 1989 में अंबारी बाजार में हुए फायरिंग के मामले के अलावा फूलपुर व अहरौला में हुए जहरीली शराब का मामला शामिल था। इन तीनों मामलों में बाहुबली को अब 14 जुलाई की तारीख नियत की गई है। 


वहीं एक अन्य मामला एमपीएमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट के न्यायाधीश अशोक कुमार की अदालत में था। यह मामला पवई थाना क्षेत्र में हुए शांतिभंग का है। जिसमें रमाकांत यादव भी नामजद है। इस मामले में न्यायाधीश ने छह जुलाई की तारीख अगली सुनवाई के लिए निर्धारित किया है। बाहुबली के अधिवक्ता स्वामीनाथ ने बताया कि पूर्व की तारीख पर जेल में रमाकांत यादव को अनुमन्य सुविधाए न मिलने का पत्र न्यायाधीश को दिया गया था। जिस पर न्यायाधीश ओम प्रकाश वर्मा ने मौखिक रूप से फतेहगढ़ जेल प्रशासन को सभी अनुमन्य सुविधाएं दिए जाने की बात कही है।

सहारनपुर चन्द्रशेखर आजाद हमला, आखिर कौन थी हमलावरों की कार में बैठी युवती रिमांड पर खुलेंगे राज, महापंचायत स्थगित


 सहारनपुर चन्द्रशेखर आजाद हमला, आखिर कौन थी हमलावरों की कार में बैठी युवती


रिमांड पर खुलेंगे राज, महापंचायत स्थगित


उत्तर प्रदेश सहारनपुर में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर पर हमला करने वाले चारों आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेगी। इसके लिए पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ और पुख्ता सबूत जुटा रही है। आरोपियों की रिमांड मिलने के बाद पुलिस देवबंद में जाकर सीन रीक्रिएट करेगी। चंद्रशेखर पर हुए हमले की घटना में पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों विकास उर्फ विक्की पुत्र प्रीतम, प्रशांत पुत्र विक्रम, लविश पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी रणखंडी, कोतवाली देवबंद, सहारनपुर और विकास उर्फ विक्की पुत्र शिव कुमार निवासी गौंदर, करनाल को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।


पुलिस ने इनके पास से तमंचे बरामद होना बताया है, जबकि चंद्रशेखर का कहना है कि हमलावरों ने पिस्टल से फायरिंग की थी। पत्रकारों के समक्ष पुलिस ने आरोपियों को पेश जरूर किया, लेकिन उनके बातचीत नहीं कराई है। भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन और खुद चंद्रशेखर भी पुलिस के इस खुलासे से संतुष्ट नहीं है। उनका भी कहना है पुलिस की कहानी में झोल है, अचानक किसी को देख कर हमला करने की योजना नहीं बनती। उनका कहना है कि हमले के पीछे किसी अन्य का हाथ और साजिश कर्ता भी कोई और है। इसी कारण भीम आर्मी ने पुलिस प्रशासन को अपनी महापंचायत स्थगित कर समय दिया है, ताकि वारदात को सही खुलासा हो सके और इस घटना में शामिल अन्य लोग भी पकड़े जा सके। डीआईजी अजय साहनी ने आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूरी पूछताछ करने की बात कही थी।


इस घटना में पुलिस कई एंगल पर जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस यह भी देख रही है कि चारों आरोपी हमलावर मेरठ भी गए थे। उनके साथ एक युवती भी बताई गई है। पुलिस टोल प्लाजा की फुटेज भी देख रही है। यह भी माना जा रहा है कि घटना में अन्य लोग भी शमिल हो सकते हैं।


आरोपियों को रिमांड पर लिया जाएगा। इसके लिए सीओ देवबंद आवश्यक कार्रवाई में लगे हैं। रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जाएगी। घटना के रिक्रिएशन के लिए भी शासन को लिखा गया है। आरोपियों को रिमांड मिलने के बाद सीन रीक्रिएट किया जाएगा। - सागर जैन, एसपी देहात

Monday, 3 July 2023

आजमगढ़ मजदूर हत्याकाण्ड में मुख्तार की हुई पेशी सड़क निर्माण ठेके के विवाद में ठेकेदार पर हुई थी फायरिंग


 आजमगढ़ मजदूर हत्याकाण्ड में मुख्तार की हुई पेशी


सड़क निर्माण ठेके के विवाद में ठेकेदार पर हुई थी फायरिंग


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जिले की एमपी-एमएलए कोर्ट में सोमवार को माफिया मुख्तार अंसारी की वीडियो क्रांफ्रेंसिंग के माध्यम से पेशी हुई। मजदूर हत्याकांड में माफिया की उपस्थिति में गवाह से जिरह जारी है। न्यायाधीश ने इस मामले में अगली सुनवाई की तिथि 10 जुलाई तय की। तरवां थाना क्षेत्र के ऐराकला गांव में सड़क निर्माण ठेके के विवाद में मुख्तार अंसारी के लोगों ने ठेकेदार पर फायरिंग की थी। ठेकेदार तो बाल-बाल बच गया लेकिन उसके दो मजदूर गोली लगने से घायल हो गए। जिसमें एक मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में ठेकेदार की तहरीर पर माफिया मुख्तार अंसारी समेत उसके सहयोगियों को नामजद किया गया।


 इस मुकदमे की सुनवाई आजमगढ़ एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रही है। सोमवार को इस मामले में सुनवाई थी। जिसमें मुख्तार अंसारी जेल से वीडियो क्रांफ्रेंसिंग के माध्यम से पेश हुए। न्यायाधीश ओम प्रकाश वर्मा के समक्ष इस मामले में गवाह विश्वजीत सिंह की गवाही चल रही है। जिसमें सोमवार को गवाह से जिरह हुई। गवाह से जिरह अभी जारी है और न्यायाधीश ने सोमवार की सुनवाई के बाद इस मामले में अगली तारीख 10 जुलाई तय की।

आजमगढ़ होटल गोल्डेन फार्च्यून में लगी आग


 आजमगढ़ होटल गोल्डेन फार्च्यून में लगी आग


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ रोडवेज स्थित गोल्डेन फार्च्यून में अचानक आग लग गयी। आग लगने के बाद होटल में अफरा-तफरी मच गयी। आग किन कारणों से लगी है। इस बात की जानकारी अभी नहीं हो पायी। होटल के कर्मचारी आग बुझाने की जुगत में लग गये फायर ब्रिगेड को सूचना दे दी गयी है