Friday, 21 April 2023

आजमगढ़ डीएम ने 11 अपराधियों को किया जिला बदर अपमिश्रित अवैध शराब बनाने सहित विभिन्न मामलों में हैं सक्रिय


 आजमगढ़ डीएम ने 11 अपराधियों को किया जिला बदर


अपमिश्रित अवैध शराब बनाने सहित विभिन्न मामलों में हैं सक्रिय


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ एसपी अनुराग आर्य द्वारा अपराध नियंत्रण के लिए चलाये जा रहे विशेष अभियान के अन्तर्गत अपमिश्रित अवैध शराब बनाकर विक्रय करने, गोकसी, चोरी, हत्या के प्रयास, जान से मारने की धमकी, छेड़खानी व अन्य अपराध में सक्रिय अपराधियों पर गुण्डा अधिनियम के अन्तर्गत कार्यवाही की गयी है। जिस पर जिला मजिस्ट्रेट आजमगढ़ ने उक्त 11 अपराधियों को 6 माह के लिए जिला बदर किया है।


 थाना जहानागंज से 7, 

थाना पवई से 1, 

निजामाबाद से 1, 

थाना मेंहनाजपुर से 1,

थाना बरदह से 1, अपराधी जिला बदर हुए है।


जिलाबदर हुए 11 अपराधियों में अपमिश्रित अवैध शराब बनाकर विक्रय करने में शेरू यादव पुत्र झिन्नू यादव, निवासी अमदही थाना जहानागंज, 

श्रीकान्त सिंह पुत्र रविन्द्र सिंह निवासी तुलसीपुर थाना जहानागंज, 

दिनेश चौहान पुत्र श्रीनाथ चौहान निवासी लक्ष्मीपुर, थाना जहानागंज, 

दंगल यादव पुत्र बेचन यादव निवासी अमदही थाना जहानागंज, 

भीम यादव पुत्र विक्रमा यादव निवासी बदनपुर थाना जहानागंज, 

सजनू राजभर पुत्र बंशी राजभर निवासी पटहुआ थाना जहानागंज, 

लालसा यादव पुत्र हरिहर यादव निवासी बदनपुर थाना जहानागंज शामिल हैं। 


वहीं गोकशी में हन्नान पुत्र स्व अन्सार निवासी लखमापुर थाना पवई, 

मारपीट व छेड़खानी में रूसी यादव पुत्र पवन यादव निवासी खादा थाना निजामाबाद, 

पंचम बिन्द पुत्र सीताराम निवासी नरवे थाना बरदह के साथ ही चोरी, मारपीट, जान लेवा हमला करने में शोले उर्फ सोलई पुत्र लल्लन निवासी शाहपुर थाना मेंहनाजपुर शामिल हैं।

आजमगढ़ कप्तानगंज हत्यारे ने बताया क्यों उतारा माता-पिता और बहन को मौत के घाट बीती रात पुलिस मुठभेड़ में हुआ गिरफ्तार छोटी बहन की भी हत्या करना चाहता था आरोपी लेकिन नहीं हुआ सफल

आजमगढ़ कप्तानगंज हत्यारे ने बताया क्यों उतारा माता-पिता और बहन को मौत के घाट


बीती रात पुलिस मुठभेड़ में हुआ गिरफ्तार


छोटी बहन की भी हत्या करना चाहता था आरोपी लेकिन नहीं हुआ सफल


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ कप्तानगंज थाना क्षेत्र के धन्धारी गांव में 15 अप्रैल को हुए तिहरे हत्याकाण्ड में पुलिस ने बीती रात करीब 12:15 बजे के करीब आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी है। जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभियुक्त के पास से देशी तमंचा व कारतूस बरामद किया गया है।


प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, उ0नि0 जितेन्द्र सिंह अपने हमराहियों के साथ उपरोक्त घटना से सम्बन्धित अभियुक्त की तलाश में क्षेत्र देऊरपुर में मौजूद थे। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जिस अभियुक्त द्वारा अपने मां-बाप व बहन की हत्या को अंजाम दिया गया है वह आज अंधेरा होने के बाद कुछ लोगों को दिखा है जो कि पुनः वारदात करने के फिराक में गांव व तालाब के बीच में कहीं है। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी कप्तानगंज व पुलिस टीम जैसे ही इन्नीताल तालाब पुलिया के पास पहुंची, इस दौरान एक व्यक्ति बन्दे वीर बाबा मंदिर के पहले और तालाब वाले रास्ते पर पुलिया के बाये साईड तेजी से अन्दर की तरफ गया और झाड़ियों और गड्ढे मे छिपने का प्रयास किया। पुलिस ने संदेह होने पर आत्मसमर्पण के लिए कहा तो अभियुक्त ने चिल्लाकर पुलिस टीम को जान से मारने की धमकी दी। 


जिस पर थाना प्रभारी कप्तानगंज द्वारा टार्च जलाया गया तो अभियुक्त द्वारा एक फायर टार्च की रोशनी की तरफ लक्ष्य बनाकर पुलिस बल के ऊपर किया गया। पुलिस द्वारा की गई आत्मरक्षार्थ कार्रवाई में अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लग गयी। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए उक्त अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त राजन सिंह ने बताया कि 15 अप्रैल को उसने अपने गांव के उमेश सिंह पुत्र राम रूप सिंह का दो बोरी गेहूं चोरी किया था जिसके वजह से उसके पिता-माता व बहन ने मिलकर रात में उसे डांटा फटकारा व मारा था। जिससे क्षुब्ध होकर उसने रात्रि में करीब ढाई से तीन के बीच उठा और जाकर भूसा वाले घर से दो कुल्हाडी लेकर आया। कुल्हाड़ी से पहले अपने पिता के सिर पर कई वार किया, तब तक मेरी मां जग गयी और मुझे कुल्हाडी सहित पकड़ने का प्रयास किया तथा कुल्हाडी मेरे हाथ से छीन कर फेंक दिया तब में दूसरी कुल्हाडी से मां सुनीता को एक कुल्हाडी मारा और वह घर से बाहर की तरफ भागी जिसको दौड़ाकर कुल्हाड़ी से कई वार कर दिया। तभी मेरी छोटी बहन जग गयी और चिल्लाकर रोड की तरफ भागने लगी कि मैं उसे घेर कर खेत में कुल्हाड़ी से उसकी गर्दन पर कई वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गयी।


पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जब पुलिस द्वारा अवैध शस्त्र के सम्बन्ध में पूछा गया तो आरोपी राजन सिंह ने बताया कि मैंने कट्टे से इसलिए नहीं मारा यदि कट्टे से मारता तो आवाज की वजह से आस पास के लोग जग जाते और मैं पकड़ा जाता। घटना के बाद मैं जाकर अपना हाथ पैर धोया और दूसरा कपड़ा पहन कर खून से लगे कपड़े व कुल्हाडी चप्पल को पालिथिन में भर कर बैग में रख लिया। पिता की मोबाइल व जेब में रखा 6500 रूपया निकाल लिया तथा कट्टा व कारतूस लेकर वहां से निकल कर गन्ने के खेत में आ गया। बैग लेकर बाहर जाना ठीक न समझते हुये बैग उसी गन्ने के खेत में छिपा दिया और वहां से निकल गया। 


आज साक्ष्य को मिटाने हेतु बैग में रखे खून से लगे कपड़े, चप्पल को जलाने के लिये और छोटी बहन रानी को भी मारने के चक्कर में आजमगढ़ गया था वहा से मालूम हुआ कि सब घर गये है। तत्पश्चात मैं अपने गांव उनको खोजते हुये आया हूं। अभियुक्त के पास मौजूद बैग से कुल्हाडी व घटना के दिन पहने हुए टी-शर्ट, एक लोवर, एक जोडी चप्पल रक्त लगा, 02 मोबाइल व 03 सिम, 2700 रूपये नगद, एक माचिस व प्लास्टिक के बोतल में पेट्रोल भी बरामद हुआ। एक अन्य बहन की हत्या के योजना के सम्बन्ध में पूछताछ के आधार पर थाना कप्तानगंज पर अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है।

 

आजमगढ़ कप्तानगंज तिहरे हत्याकांड का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल माता पिता और बहन को कुल्हाड़ी से काटकर उतारा था मौत के घाट


 आजमगढ़ कप्तानगंज तिहरे हत्याकांड का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल


माता पिता और बहन को कुल्हाड़ी से काटकर उतारा था मौत के घाट


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ कप्तानगंज थाना पुलिस द्वारा आज सुबह तिहरे हत्याकांड के आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार करने का दावा किया गया है। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी है जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।


बताते चलें कि कप्तानगंज थाना क्षेत्र के धंधारी गांव में 20 वर्षीय युवक राजन सिंह ने भोर में करीब 3:30 बजे कुल्हाड़ी से काटकर अपने पिता भानु प्रताप सिंह पुत्र हरिनारायण सिंह उम्र 48 वर्ष को मौत के घाट उतार दिया, इस बाबत जब उसकी मां सुनीता देवी 45 वर्ष सामने आई तो उसने मां पर भी कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया और उसे भी मार डाला। घर में मौजूद उसकी छोटी बहन राशि सिंह उम्र 12 वर्ष अपनी जान बचाकर भागी तो उक्त युवक ने उसे दौड़ाकर बाजरे के खेत में कुल्हाड़ी से काट डाला। 


घटनाक्रम के बाद युवक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी थी। आज सुबह मुठभेड़ में आरोपी को कप्तानगंज पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पैर में गोली लगी है जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

Thursday, 20 April 2023

शाहजहांपुर डबल मर्डर , पिता और दादी की गोली मारकर हत्या बेटे ने मां के साथ मिलकर दिया वारदात को अंजाम


 शाहजहांपुर डबल मर्डर , पिता और दादी की गोली मारकर हत्या


बेटे ने मां के साथ मिलकर दिया वारदात को अंजाम


उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में दिल दहला देने वाली वारदात हुई है। थाना तिलहर क्षेत्र के गांव मरक्का में गुरुवार की सुबह एक युवक ने अपनी मां के साथ मिलकर पिता और दादी की गोली मारकर हत्या कर दी। दोहरे हत्याकांड से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है।


मरक्का गांव निवासी 70 वर्षीय भाग्यवती ने चार महीने पहले सात बीघा खेत बेचा था। खेत बिक्री का उसे 14 लाख रुपये मिला था। उसी रुपये में आठ लाख रुपये भाग्यवती का पोता  मोहित पुत्र श्यामपाल मांग रहा था। जबकि भाग्यवती उसे टाल देती थी। गुरुवार सुबह करीब छह बजे मोहित घर में आया। उसने पहले भाग्यवती को गोली मारी। गोली चलने की आवाज सुनकर सो रहा श्यामपाल भी जाग गया। वह कमरे से निकलकर आया तो मोहित ने पिता के ऊपर भी गोली चला दी, जिससे दोनों की मौत हो गई। 


मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एएसपी देहात संजीव वाजपेयी ने मौके पर पड़ताल की। एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। एसपी एस.आनंद ने बताया कि जमीन के रुपयों के लेन-देन को लेकर घटना को अंजाम दिया गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मुख्य आरोपी मोहित फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। हत्या में श्यामपाल की पत्नी सदावती और मोहित की पत्नी भी शामिल हैं।

महराजगंज प्यार का खौफनाक अंत 8 बार चाकू से वार कर युवती को प्रेमी ने किया लहूलुहान


 महराजगंज प्यार का खौफनाक अंत


8 बार चाकू से वार कर युवती को प्रेमी ने किया लहूलुहान


उत्तर प्रदेश महराजगंज जिले में सिंदुरिया थाना क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार सुबह दिल दहलाने वाली वारदात हुई। यहां पर एक युवती को उसके प्रेमी ने चाकू से गोदकर हत्या करने का प्रयास किया। आरोपी ने युवती के चेहरे से लेकर पैर तक करीब आठ बार चाकू से वार किया तो महिला अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ी। शोर सुन मौके पर आसपास के लोग आ गए, इसके बाद आरोपी प्रेमी को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। घायल युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर महिला की हालत बिगड़ते देख मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेज दिया गया।


जानकारी के मुताबिक, कोतवाली ठूठीबारी क्षेत्र के एक गांव का तीस वर्षीय युवक वाहन चलाता है। करीब चार वर्ष पहले वाहन चलाने के दौरान उसकी मुलाकात सिंदुरिया थाना क्षेत्र के एक गांव की 28 साल की युवती से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गई। उसके बाद दोनों चार माह से लिव इन रिलेशनशिप में एक साथ किराए के कमरे में रह रहे थे। गुरुवार सुबह करीब सात बजे दोनों में किसी बात को लेकर नोकझोंक हो गई। उसके बाद कमरे का दरवाजा बंद कर चाकू से युवती की हत्या करने के लिए आठ बार वार किया। जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। दोनों अलग-अलग समुदाय के हैं। सदर क्षेत्राधिकारी अनुज कुमार ने कहा कि आरोपी को पकड़ लिया गया है। उसके खिलाफ जानलेवा हमला करने सहित अन्य गंभीर धाराओं में कार्रवाई करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जब कि घायल युवती को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

Wednesday, 19 April 2023

प्रयागराज पुलिस वाले की बेटी हैं अतीक की बीवी शाइस्ता परवीन अब उत्तर प्रदेश की 'मोस्ट वॉन्टेड' लिस्ट में हैं शामिल


 प्रयागराज पुलिस वाले की बेटी हैं अतीक की बीवी शाइस्ता परवीन


अब उत्तर प्रदेश की 'मोस्ट वॉन्टेड' लिस्ट में हैं शामिल


प्रयागराज अतीक अहमद और अशरफी की हत्या के बाद जिन दो लोगों की तलाश सबसे तेज है, वो हैं अतीक की बीवी शाइस्ता परवीन और गुड्डू मुस्लिम। पहले चर्चाएं थीं कि बेटे के अंतिम संस्कार में शाइस्ता पहुंच सकती हैं और आत्मसमर्पण कर सकती हैं लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब अशरफ कि ससुराल तक शाइस्ता की खोज जारी है। दरअसल शाइस्ता' पस्तो भाषा का शब्द है जिसका अर्थ होता है 'सुंदर ।' लेकिन आज शाइस्ता परवीन पर 50 हजार का इनाम रखा गया है और वह उत्तर प्रदेश की मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में शामिल हैं।


शाइस्ता अचानक अपराधियों की लिस्ट में नहीं आई हैं। जब भी अतीक और अशरफ जेल जाते थे, शाइस्ता ही बाहर रहकर उसके गोरखधंधे हैंडल किया करती थीं। आज शाइस्ता 50 साल की हो गई हैं। शाइस्ता की शिक्षा प्रयागराज में ही ली थी। उन्होंने 12वीं पास किया है। 1996 में अतीक से शादी के बाद वह भी गैंग की मुखिया की तरह काम करन लगीं अतीक और शाइस्ता के पांच बेटे थे। इनमें से अब चार हैं। असद एनकाउंटर में मारा गया था। इसके अलावा अली और उमर जेल में हैं। दो बेटे अभी नाबालिग हैं और उन्हें सुधार गृह में रखा गया है। शाइस्ता एक पुलिस वाले की बेटी हैं।


शाइस्ता के पिता मोहम्मद हरून अब रिटायर हो चुके हैं। वह अपने परिवार के साथ प्रयागराज के ही दामूपुर में रहते हैं। शाइस्ता शादी से पहले अपने पिता के साथ सरकारी पुलिस क्वार्टर में ही रहती थीं। शाइस्ता अपने छह भाई बहनों में सबसे बड़ी हैं। उनका एक भाई मदरसे का प्रिंसिपल है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक एक रिटायर्ड स्कूल टीचर ने शाइस्ता के बारे में बताया कि वह बहुत ही नम्र स्वभाव की थीं और हमेशा पैरंट्स टीचर मीटिंग में पहुंचती थीं।


अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर उमेश पाल की हत्या मामले में शाइस्ता का नाम क्यों आया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक शाइस्ता अपने पति अतीक से मिलने साबरमती जेल गई थीं। यहीं पर उमेश पाल की हत्या को लेकर दोनों ने चर्चा की। अतीक ने शाइस्ता से कहा कि जेल में फोन भिजवा दें। इसके लिए एक पुलिस वाले का नाम भी बताया। जेल में अतीक के पास फोन पहुंच गया और उसने उमेश पाल की हत्या की साजिश वहीं बैठे-बैठे रच दी। वहीं एक प्रॉपर्टी डीलर ने भी आरोप लगया था कि शाइस्ता उसको फोन कर के बार-बार उगाही करती हैं।


उमेश पाल की हत्या के बाद से ही शाइस्ता फरार हैं। पुलिस के डोजियर के मुताबिक शाइस्ता के खिलाफ 2009 से चार केस दर्ज हुए हैं। एक केस हत्या का है और बाकी तीन धोखाधड़ी के हैं। तीनों ही केस सीजेएम की अदालत में हैं। 2021 में शाइस्ता एआईएमआईएम में शामिल हो गई थीं। इसके बाद जनवरी 2023 में बीएसपी में आ गईं। उन्हें उम्मीद थी की बसपा की तरफ से उन्हें मेयर का टिकट मिल जाएगा। हालांकि उमेश पाल की हत्या के बाद पार्टी ने अतीक और उसके परिवार से दूरी बना ली।

औरैया महिला के साथ कमरे में गुलछर्रे उड़ा रहा था सिपाही घरवाले ने वीडियो किया अपलोड, फिर हुआ ये


 औरैया महिला के साथ कमरे में गुलछर्रे उड़ा रहा था सिपाही


घरवाले ने वीडियो किया अपलोड, फिर हुआ ये


उत्तर प्रदेश औरैया जिले के दिबियापुर थाने में तैनात पुलिस कांस्टेबल का एक महिला के साथ अश्लील विडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर हड़कंप मच गया। विभाग के शर्मसार होने पर सीओ ने थाने पहुंचकर मामले की जांच की। रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने सिपाही प्रमोद को निलंबित कर दिया है। साथ ही सर्विलांस की मदद से अपलोड वीडियो को डिलीट कराने के निर्देश दिए हैं। क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला के सोशल मीडिया अकाउंट से मंगलवार की सुबह एक वीडियो अपलोड हुआ। इसमें दिबियापुर थाने के सिपाही प्रमोद के साथ महिला का अश्लील वीडियो था। इसके बाद महिला के फेसबुक अकाउंट पर ही एक पोस्ट आई। इसमें लिखा कि सिपाही के कारण पीड़िता आत्महत्या करने जा रही है। इसके साथ ही महिला के साथ सिपाही का एक अन्य विडियो भी डाला गया। महिला के फेसबुक अकाउंट पर विडियो आते ही काफी गंदे कमेंट आने लगे।


पुलिस विभाग को भनक लगी तो, विभाग में भी हड़कंप मच गया। सीओ प्रदीप कुमार ने दिबियापुर थाने पहुंचकर महिला, थाने के सिपाही प्रमोद से पूछताछ की। कई घंटे की पड़ताल के बाद सीओ ने मामले की जांच रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को भेजी है। एसपी चारु निगम ने बताया कि मामले की जांच के बाद सिपाही को निलंबित कर दिया गया है।


 महिला ने बताया है कि उसकी शादी 2021 में हुई थी। 20 फरवरी 2023 को पीड़िता का अपने पति से तलाक हो गया। महिला का पति अपराधी किस्म का है। 17 अप्रैल को पति ने महिला के साथ मारपीट की। साथ ही महिला का मोबाइल छीन लिया। महिला के आपत्ति जनक वीडियो महिला की ही फेसबुक आईडी पर अपलोड कर दिए। महिला की तहरीर पर आरोपी पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। साथ ही सर्विलांस की मदद से सोशल मीडिया पर अपलोड वीडियो डिलीट करने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। उन्होंने महिला की अस्मिता का ख्याल करते हुए लोगों से वीडियो वायरल न करने की अपील की है। 


एसपी चारु निगम ने बताया कि गलत आचरण के कारण सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही साइबर सेल की मदद से उस मोबाइल से इंस्टाग्राम और फेसबुक से वीडियो हटवाए जा रहे हैं।