आजमगढ़ पवई, ई-रिक्शा कारोबारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
मौत को लेकर उलझी गुत्थी, पिता ने साथी पर जताई हत्या की आशंका; भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कराया गया पोस्टमार्टम
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के पवई थाना क्षेत्र के नरवारी गांव निवासी ई-रिक्शा कारोबारी रविंद्र बिंद (36) की रविवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनकी मौत को लेकर कई तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं। एक तरफ परिजनों ने उनके साथी पर हत्या की आशंका जताई है, वहीं दूसरी तरफ पुलिस हिरासत में मौत होने की चर्चा भी क्षेत्र में बनी हुई है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस की ओर से इस मामले में फिलहाल कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।
जानकारी के अनुसार, रविंद्र बिंद पिछले करीब 10 वर्षों से लखनऊ में रहकर ई-रिक्शा कारोबार कर रहे थे। वह नरवारी गांव के प्रधान विजय निषाद और जौनपुर जिले के शाहगंज थाना क्षेत्र के दीपाईपुर निवासी हरिमोहन के साथ मिलकर ई-रिक्शा कंपनी संचालित करते थे। बताया जा रहा है कि तीनों ने एक व्यक्ति से कर्ज लिया था, जिसको लेकर रुपये के लेन-देन का विवाद चल रहा था।
रविंद्र के पिता रूदल ने पवई थाने में दी गई तहरीर में बताया कि रविवार सुबह करीब छह बजे गांव के प्रधान विजय निषाद ने फोन कर उनके बेटे की मौत की सूचना दी। शुरुआत में हृदयाघात से मौत होने की बात बताई गई, लेकिन बाद में सिर में चोट लगने से मौत होने की जानकारी दी गई। अलग-अलग वजह बताए जाने से परिजनों का संदेह गहरा गया। पिता ने हरिमोहन पर हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, ग्राम प्रधान विजय निषाद के अनुसार, रविंद्र बिंद अपने साथी हरिमोहन के साथ कार से लखनऊ से आजमगढ़ आ रहे थे। रास्ते में तबीयत बिगड़ने और हृदयाघात आने की सूचना दी गई। उन्हें फूलपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराने की बात कही गई थी। इसके बाद प्रधान गांव के कुछ लोगों के साथ अस्पताल पहुंचे और हरिमोहन से संपर्क किया। हरिमोहन ने बताया कि रविंद्र को शहर के सिधारी क्षेत्र में मऊ मार्ग स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जब प्रधान वहां पहुंचे तो पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जा रही थी।
इस प्रकरण में सरायमीर थाने से जुड़े एक पुराने मुकदमे का भी उल्लेख सामने आया है। रविंद्र बिंद के खिलाफ रुपये की हेराफेरी के आरोप में सरायमीर थाने में मुकदमा दर्ज बताया गया है। वह इस मामले में गैंगस्टर एक्ट के तहत अनुमोदित अभियुक्त भी था। दूसरी ओर, हरिमोहन के विरुद्ध भी सरायमीर थाने में रुपये की हेराफेरी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज होने की बात कही गई है।
क्षेत्र में यह चर्चा भी रही कि पुलिस रविंद्र को लखनऊ से पकड़कर थाने लाई थी। थाने में सीने में दर्द की शिकायत के बाद उसे फूलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से चिकित्सक ने उसे अन्यत्र भेज दिया। इसके बाद उसकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस हिरासत में मौत होने की इस चर्चा की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद पुलिस की निगरानी में शव को गांव भेजा गया। शव पहुंचने से पहले ही नरवारी गांव में मृतक के घर के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया था।
फिलहाल रविंद्र बिंद की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। परिजनों के आरोप, पुलिस हिरासत में मौत की चर्चा और घटना से जुड़े अलग-अलग बयानों के बीच मामले की गुत्थी उलझी हुई है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

No comments:
Post a Comment