आजमगढ़ तहबरपुर अपहरण कर हत्या के मामले में तीन दोषियों को उम्रकैद, 5.25 लाख रुपये का जुर्माना
18 साल पुराने मामले में जिला एवं सत्र न्यायालय का फैसला, जुर्माने की 75 प्रतिशत धनराशि मृतक के पुत्र को मिलेगी
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले मे अपहरण कर हत्या करने के करीब 18 साल पुराने मामले में अदालत ने तीन आरोपियों को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही प्रत्येक दोषी पर एक लाख 75 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है। तीनों पर कुल 5 लाख 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। जुर्माने की 75 प्रतिशत धनराशि मृतक के पुत्र को दिए जाने का आदेश दिया गया है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश जय प्रकाश पांडेय ने शुक्रवार को यह फैसला सुनाया।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, तहबरपुर थाना क्षेत्र के खुटौली गांव निवासी प्रेमनारायण तिवारी ने 5 अगस्त 2008 को थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने बताया था कि 4 अगस्त 2008 की शाम करीब पांच बजे उनके 70 वर्षीय पिता राममूरत तिवारी तहबरपुर बाजार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान शम्भूपुर के पास आरोपियों ने असलहे के बल पर उनका अपहरण कर लिया और गाड़ी में बैठाकर अपने साथ ले गए। अगले दिन राममूरत तिवारी का शव सिधारी थाना क्षेत्र के नरौली पुल के पास तमसा नदी से बरामद हुआ था। मृतक के पुत्र ने आरोप लगाया था कि रजनीकांत की गतिविधियों का उनके पिता विरोध करते थे, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने विवेचना पूरी करने के बाद आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया। मुकदमे की सुनवाई के दौरान आरोपी फूलबदन की मृत्यु हो गई। अभियोजन पक्ष की ओर से जिला शासकीय अधिवक्ता प्रियदर्शी पियूष त्रिपाठी और सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता दीपक कुमार मिश्रा ने सात गवाहों को न्यायालय में पेश किया।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और साक्ष्यों के अवलोकन के बाद अदालत ने रजनीकांत उर्फ पिंटू यादव, रामविनय उर्फ विनोद मौर्य और रामपलट यादव को दोषी ठहराया। न्यायालय ने तीनों को आजीवन कारावास तथा प्रत्येक को एक लाख 75 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। जुर्माने की 75 प्रतिशत राशि मृतक के पुत्र को देने का भी आदेश दिया।

No comments:
Post a Comment