Monday, 5 October 2026

आजमगढ़ कंधरापुर नदी में नहाने गए युवक का दूसरे दिन मिला शव बुलेट और कपड़े देख परिजनों को हुआ था अनहोनी का शक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह


 आजमगढ़ कंधरापुर नदी में नहाने गए युवक का दूसरे दिन मिला शव



बुलेट और कपड़े देख परिजनों को हुआ था अनहोनी का शक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के कंधरापुर थाना क्षेत्र में नदी में नहाने गए 36 वर्षीय युवक का दूसरे दिन शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक रविवार को चंद्रमा ऋषि आश्रम के पास अपनी बुलेट बाइक खड़ी कर नदी में नहाने गया था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। देर रात आश्रम के पास बुलेट और युवक के कपड़े मिलने से नदी में डूबने की आशंका जताई गई। ग्रामीणों और परिजनों ने देर रात तक तलाश की, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह कंहेनपुर गांव के पास नदी में उसका शव उतराया मिला। देवखरी गांव निवासी झारखंडेय उपाध्याय (36) रविवार सुबह बुलेट बाइक से घर से निकला था। दोपहर के समय वह कंधरापुर क्षेत्र स्थित चंद्रमा ऋषि आश्रम के पास पहुंचा।


 बताया गया कि उसने अपनी बुलेट आश्रम के पास खड़ी की और कपड़े उतारकर नदी में नहाने चला गया। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता होने लगी। देर शाम तक युवक के घर नहीं पहुंचने पर परिवार के लोग उसकी तलाश में जुट गए। इसी दौरान रात करीब 10 बजे परिजनों को जानकारी मिली कि चंद्रमा ऋषि आश्रम के पास झारखंडेय की बुलेट खड़ी है। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो बाइक के पास युवक के कपड़े भी पड़े मिले। इसके बाद नदी में उसके डूबने की आशंका और गहरा गई। परिजनों और ग्रामीणों ने देर रात तक आश्रम के आसपास और नदी में युवक की तलाश की। अंधेरा अधिक होने के कारण तलाश में सफलता नहीं मिली। काफी प्रयास के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर लोग वापस लौट गए। सोमवार सुबह कंहेनपुर गांव के पास नदी में लोगों ने पानी में एक युवक का शव उतराया देखा। इसकी सूचना तत्काल कंधरापुर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया। पहचान की प्रक्रिया में शव की शिनाख्त देवखरी गांव निवासी झारखंडेय उपाध्याय के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कंधरापुर पुलिस के अनुसार, युवक की मौत नदी में डूबने से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसकी स्पष्ट जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

No comments:

Post a Comment