Tuesday, 30 June 2026

बहराइच महिला सिपाही ने बैरक में फंदे से लगाई फांसी शादी तय होने के बाद हुई घटना, कमरे से नहीं मिला सुसाइड नोट; मोबाइल की होगी जांच


 बहराइच महिला सिपाही ने बैरक में फंदे से लगाई फांसी


शादी तय होने के बाद हुई घटना, कमरे से नहीं मिला सुसाइड नोट; मोबाइल की होगी जांच


उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के हुजूरपुर थाने में तैनात 25 वर्षीय महिला आरक्षी ज्योति पासवान का शव सोमवार शाम थाना परिसर स्थित बैरक के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। महाराजगंज जनपद की निवासी ज्योति पासवान वर्ष 2019 बैच की आरक्षी थीं और पिछले एक वर्ष से हुजूरपुर थाने में तैनात थीं। परिजनों के अनुसार हाल ही में उनकी शादी तय हुई थी।


 सोमवार को उनकी ड्यूटी एक युवती का बयान दर्ज कराने में लगी थी। बयान दर्ज कराने के बाद वह शाम करीब चार बजे थाने लौटीं और आमद दर्ज कराने के बाद अपने कमरे में चली गईं। शाम करीब 6:30 बजे बगल के कमरे में रहने वाली महिला आरक्षी ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। सूचना पर थानाध्यक्ष विपिन सिंह राठौर मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया तो ज्योति पासवान का शव कमरे में फंदे से लटका मिला।


 पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मृतका के मोबाइल की जांच कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जाएगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

No comments:

Post a Comment