Saturday, 20 December 2025

आजमगढ़ अहरौला मैनेजर के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा रकम हड़पने और अभद्रता का आरोप, पीड़ित ने एसपी से की थी शिकायत, सीओ की जांच में आरोप प्रमाणित


 आजमगढ़ अहरौला मैनेजर के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा



रकम हड़पने और अभद्रता का आरोप, पीड़ित ने एसपी से की थी शिकायत, सीओ की जांच में आरोप प्रमाणित



उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ जनपद के अहरौला थाना क्षेत्र के गहजी गांव निवासी एक व्यक्ति द्वारा गहजी स्थित पंजाब नेशनल बैंक के मैनेजर पर लोन देने के नाम पर सुविधा शुल्क मांगने और लोन की रकम हड़पने का आरोप लगाए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ से की गई शिकायत के बाद कराई गई जांच में आरोप सही पाए गए, जिसके बाद शाखा प्रबंधक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ली गई है। गहजी निवासी राजकुमार चौबे ने बताया कि उन्होंने दिसंबर 2024 में पीएनबी बैंक से एक लाख रुपये का लोन लिया था। जब वह लोन की राशि निकालने पहुंचे तो शाखा प्रबंधक ने नेटवर्क की समस्या बताकर पैसा नहीं दिया और कथित रूप से उस रकम को अपने उपयोग में ले लिया। दोबारा पैसा मांगने पर शाखा प्रबंधक द्वारा अभद्रता की गई और लोन खाते को भी बंद कर दिया गया।


पीड़ित के अनुसार, लगभग एक माह पूर्व शाखा प्रबंधक ने उन्हें दोबारा बैंक बुलाया और दूसरा लोन दिलाने के नाम पर सात हजार रुपये जमा कराए, साथ ही सुविधा शुल्क भी लिया। इस संबंध में पीड़ित ने डायल 112, थाने और पीएनबी के सर्किल ऑफिस मऊ में भी शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद राजकुमार चौबे ने 3 नवंबर को पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ से मामले की लिखित शिकायत की। एसपी के निर्देश पर सीओ बूढ़नपुर को जांच सौंपी गई।


 जांच के दौरान पीड़ित का बयान दर्ज किया गया और बैंक से लोन की रकम शाखा प्रबंधक द्वारा लिए जाने का आरोप सही पाया गया। सीओ बूढ़नपुर अजय प्रताप सिंह ने बताया कि जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद पुलिस अधीक्षक के आदेश पर संबंधित शाखा प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Friday, 19 December 2025

आजमगढ़ जीयनपुर पुलिस मुठभेड़ में पशु तस्कर के पैर में लगी गोली गैंगेस्टर एक्ट का आरोपी, तमंचा-कारतूस व गोमांस बरामद


 आजमगढ़ जीयनपुर पुलिस मुठभेड़ में पशु तस्कर के पैर में लगी गोली


गैंगेस्टर एक्ट का आरोपी, तमंचा-कारतूस व गोमांस बरामद


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के जीयनपुर क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान असहद पुत्र नौशाद, निवासी चांदपार, दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गया। बताया गया कि असहद गैंगेस्टर एक्ट में आरोपी है और पशु तस्करी में लिप्त था।

 पुलिस के अनुसार शुक्रवार की दोपहर केशवपुर जंगल के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान आजमगढ़ की ओर से आ रहे असहद को रोकने का प्रयास किया गया। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से पुलिस ने एक तमंचा, कारतूस और गोमांस बरामद किया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

आजमगढ़ नगर कोतवाली गौरीशंकर महादेव मंदिर में चोरी रात एक बजे मंदिर का ताला तोड़कर चोरों ने वारदात को दिया अंजाम

आजमगढ़ नगर कोतवाली गौरीशंकर महादेव मंदिर में चोरी



रात एक बजे मंदिर का ताला तोड़कर चोरों ने वारदात को दिया अंजाम


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में शहर के गौरीशंकर घाट स्थित प्रसिद्ध गौरीशंकर महादेव मंदिर में 18 दिसंबर 2025 की रात चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। मंदिर के महन्त व पुजारी रमाशंकर गिरी ने कोतवाली थाने में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।


 महन्त रमाशंकर गिरी के अनुसार, वह मंदिर की संपूर्ण देखरेख करते हैं। 18 दिसंबर 2025 की रात करीब एक बजे अज्ञात चोर मंदिर परिसर में घुस आए और मंदिर का ताला तोड़ दिया। इसके बाद चोर मंदिर में रखी दान पेटियों को लेकर फरार हो गए। चोरी की सूचना मिलते ही मंदिर प्रशासन में हड़कंप मच गया। पीड़ित पुजारी की तहरीर पर थाना कोतवाली आजमगढ़ में अज्ञात चोरों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दान पेटियों व उसमें रखी नकदी की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

आजमगढ़ अहरौला बैंक खाते से ऑनलाइन फ्रॉड, बिना जानकारी के स्वीकृत हुआ नया लोन मोबाइल पर आए लगातार एसएमएस से हुआ खुलासा, खाते से एक लाख रुपये से अधिक की संदिग्ध निकासी पुराना लोन बंद कर शुरू हो गया 3.37 लाख का नया लोन और 40 हजार का इंस्टा लोन


 आजमगढ़ अहरौला बैंक खाते से ऑनलाइन फ्रॉड, बिना जानकारी के स्वीकृत हुआ नया लोन

मोबाइल पर आए लगातार एसएमएस से हुआ खुलासा, खाते से एक लाख रुपये से अधिक की संदिग्ध निकासी


पुराना लोन बंद कर शुरू हो गया 3.37 लाख का नया लोन और 40 हजार का इंस्टा लोन


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के ग्राम विशुनपुरा निवासी सुधीर कुमार गिरी के साथ एचडीएफसी बैंक खाते से ऑनलाइन फ्रॉड का मामला सामने आया है। पीड़ित के अनुसार 22 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे उनके मोबाइल पर बैंक से जुड़े लगातार कई एसएमएस आने लगे, जिससे उन्हें मोबाइल हैक होने की आशंका हुई। 


इसी दौरान उनके एचडीएफसी बैंक खाते में 1,61,659 रुपये क्रेडिट हुए और इसके तुरंत बाद 10-10 हजार रुपये की चार बार निकासी कर ली गई। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए पीड़ित ने अपने खाते से एक लाख रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए, लेकिन इसके बावजूद खाते से 10-10 हजार रुपये की छह और बार डेबिट एंट्री दर्ज हो गई।जब पीड़ित बैंक शाखा पहुंचे तो उन्हें जानकारी मिली कि उनके खाते पर पहले से चल रहा 2.25 लाख रुपये का लोन बंद कर बिना उनकी जानकारी के 3,37,500 रुपये का नया लोन स्वीकृत कर दिया गया है। इसके साथ ही 40 हजार रुपये का इंस्टा लोन भी क्रेडिट कार्ड के माध्यम से दिखाया गया, जिसकी जानकारी उन्हें पहले नहीं थी। 


पीड़ित का कहना है कि उन्होंने न तो लोन बढ़ाने के लिए कोई आवेदन किया था और न ही किसी नए लोन की मांग की थी। पूरे मामले में लगभग एक लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी की आशंका जताई जा रही है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अमित मिश्रा ने बताया कि सुधीर कुमार गिरी की ओर से ऑनलाइन फ्रॉड की शिकायत दर्ज कराई गई है। बैंक खाते से पुराने लोन को ब्लॉक कर नया लोन स्वीकृत करने और साइबर ठगी के मामले की जांच साइबर सेल द्वारा की जा रही है।

Wednesday, 17 December 2025

आजमगढ़ नगर कोतवाली युवती का ब्रेनवाश कर 4.90 लाख की ठगी व्हाट्सएप लिंक के जरिए ठगों ने युवती को बनाया अपना शिकार

आजमगढ़ नगर कोतवाली युवती का ब्रेनवाश कर 4.90 लाख की ठगी



व्हाट्सएप लिंक के जरिए ठगों ने युवती को बनाया अपना शिकार


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के कोतवाली थाना क्षेत्र से साइबर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। आसिफगंज पुरानी कोतवाली निवासी प्रदीप नारायण सिंह ने थाना कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि अज्ञात साइबर ठगों ने उनकी पुत्री श्रुति सिंह को व्हाट्सएप लिंक के माध्यम से गुमराह कर लाखों रुपये की ठगी कर ली। प्रार्थी के अनुसार उनकी पुत्री के मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप लिंक आया, जिस पर बातचीत के दौरान ठगों ने उसका ब्रेनवॉश कर लिया।


 इसके बाद उनकी पुत्री से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा स्थित खाते से अलग-अलग नामों पर कुल 4 लाख 49 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। इसके अलावा कुछ धनराशि बैंक ऑफ बड़ौदा यूपी चौक स्थित खाते से भी ट्रांसफर कराई गई। इस तरह से कुल 490000 की ठगी की गई। पीड़ित परिवार का कहना है कि ठगों ने योजनाबद्ध तरीके से युवती को भ्रमित कर आर्थिक नुकसान पहुंचाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है। इस बाबत अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और साइबर सेल की मदद से ठगों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक, कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें और सतर्क रहें।

 

आजमगढ़ सरायमीर जंगल से मिले सैकड़ों गोवंश और उनके अवशेष, गोकशी का बड़ा खेल हुआ बेनकाब भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष ने दी चेतावनी- कार्रवाई न हुई तो सीएम और पीएम से मिल दर्ज करायेंगे शिकायत


 आजमगढ़ सरायमीर जंगल से मिले सैकड़ों गोवंश और उनके अवशेष, गोकशी का बड़ा खेल हुआ बेनकाब


भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष ने दी चेतावनी- कार्रवाई न हुई तो सीएम और पीएम से मिल दर्ज करायेंगे शिकायत


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के सरायमीर थाना क्षेत्र के डेमरी मकदूमपुर गांव के घने जंगल में मंगलवार को भारी मात्रा में गोवंश और उनके कटे हुए अवशेष बरामद हुए हैं। जगह-जगह खून से सने सुरंग जैसे गड्ढे मिले हैं, जहां गोवंश का खून छिपाया गया था। हड्डियों के ढेर और गोवंश के अवशेषों से स्पष्ट है कि यहां बड़े पैमाने पर गोकशी हो रही थी। स्थानीय ग्रामीणों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि जंगल में कई दिन से गोवंश लाकर उनकी हत्या की जा रही थी। बरामद अवशेषों और खून से सने गड्ढों से यह साफ हो गया है कि यहां सिस्टमेटिक तरीके से गोकशी का कारोबार चल रहा था। ग्रामीणों ने इस घटना का वीडियो भी बनाया है, जिसमें गोवंश के अवशेष और खून से सने सुरंग साफ दिख रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इस पूरे मामले में सरायमीर थाना पुलिस भी लिप्त है।


 हालांकि सीओ फूलपुर ने बताया कि सरायमीर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने साफ कहा, अगर पुलिसकर्मी भी इस मामले में शामिल पाए जाते हैं तो उन्हें भी नहीं बख्शा जाएगा। उनके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी। बरामद सभी गोवंशों को सुरक्षित गौशाला में पहुंचा दिया गया है। भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने इस घटना पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध बूचड़खानों के खिलाफ पहले भी कई कार्रवाई हो चुकी हैं, कई लोगों को जेल भेजा गया और गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इस मामले में ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं हुई तो वे मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से मिलने को मजबूर होंगे।

आजमगढ़ सरायमीर रेलवे क्रासिंग पर साइकिल सवार की दर्दनाक मौत घटनास्थल पर उमड़ी भीड़, पुलिस ने कब्जे में लिया शव


 आजमगढ़ सरायमीर रेलवे क्रासिंग पर साइकिल सवार की दर्दनाक मौत


घटनास्थल पर उमड़ी भीड़, पुलिस ने कब्जे में लिया शव



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के निजामाबाद तहसील क्षेत्र में सरायमीर रेलवे स्टेशन के पास बुधवार सुबह करीब 10 बजे एक साइकिल सवार की रेलवे ट्रैक पर दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान देवेश कुमार (पुत्र बहादुर) निवासी कोल्ह, कोतवाली फूलपुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, आसनसोल-गोंडा एक्सप्रेस ट्रेन ने सरायमीर रेलवे क्रासिंग पर देवेश कुमार को काट दिया।


 घटना आउटर सिग्नल के अंदर हुई, जो जीआरपी (गवर्नमेंट रेलवे पुलिस) के क्षेत्राधिकार में आता है। घटना की सूचना मिलते ही सरायमीर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। चूंकि यह क्षेत्र जीआरपी आजमगढ़ के अंतर्गत आता है, इसलिए सरायमीर पुलिस ने जीआरपी को सूचना दी। जीआरपी की टीम ने मौका-मुआयना किया, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि देवेश कुमार साइकिल से घटनास्थल पहुंचे थे और साइकिल को ट्रैक के किनारे खड़ा करके ट्रैक पर लेट गए, जिससे यह आत्महत्या की घटना प्रतीत होती है। हालांकि पुलिस इसकी आधिकारिक जांच कर रही है। घटना के बाद सरायमीर रेलवे क्रासिंग पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।