Tuesday, 27 February 2024

बलिया में बड़ा हादसा, पिकअप ने जीप में मारी टक्कर, 6 लोगों की मौत, 7 घायल


 बलिया में बड़ा हादसा, पिकअप ने जीप में मारी टक्कर, 6 लोगों की मौत, 7 घायल



उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। कई वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


जानकारी के अनुसार, दोकटी थाना के सुघर छपरा मोड़ के पास मंगलवार की भोर में तेज रफ्तार पिकअप ने दो कमांडर जीप में टक्कर मार दी। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। जबकि कई अन्य घायल हो गए। पीड़ित एक समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे।


हादसे में अमित गुप्ता (40) पुत्र अजय प्रताप गुप्ता निवासी भगवानपुर, रणजीत शर्मा (38) पुत्र देवेंद्र शर्मा, यश गुप्ता (9) पुत्र मुन्ना गुप्ता निवासी सलेमपुर मठिया थाना बांसडीह रोड, राज गुप्ता (11) पुत्र मुन्ना गुप्ता, राजेंद्र गुप्ता (50) पुत्र धनपति गुप्ता के साथ 50 साल के अज्ञात जीप चालक की मौत हो गई।


जबकि सत्येंद्र गुप्ता (40) पुत्र राजेंद्र शाह, सोनू गुप्ता (32) पुत्र सुभाष गुप्ता निवासी भगवान पुर, रमाशंकर (65), बब्बन प्रसाद (40) पुत्र बालेश्वर प्रसाद, हजारी साहू (70), छितेश्वर गुप्ता (30), पंकज कुमार (35) गम्भीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग भगवानपुर गांव के रहने वाले अनवत गुप्ता की लड़की का तिलक चढ़ाने के लिए मासूमपुर थाना खेजुरी गए थे।


देर रात वापस लौटते समय सुघर छपरा मोड़ के पास गलत दिशा से आ रही टमाटर लदी पिकअप ने दोनों जीप में टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे के बाद जीप में फंसे लोगों की चीखें सुन आसपास और वहां से गुजर रहे लोगों ने घटना की सूचना पुलिस एवं एम्बुलेंस को दी।


घटना के बाद पिकअप का चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को सोनबरसा भेजवाया, वहां हालत गम्भीर देख जिला अस्पताल को रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक देव रंजन वर्मा, सीओ बेरिया उस्मान अहमद, कोतवाल संजय सिंह अस्पताल पहुंच घायलों का हाल जाना साथ ही बेहतर उपचार की व्यवस्था कराई। घटना की खबर पर गांव में मातम पसर गया। खुशी का माहौल गम में बदल गया, परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल है।


बलिया के एसपी देव रंजन वर्मा ने बताया कि बलिया के दोकटी थाना के सुघर छपरा मोड़ पर यह हादसा हुआ है। दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई है, कई घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज चल रहा है।

Monday, 26 February 2024

आजमगढ़ महराजगंज फटा रसोई गैस का सिलेण्डर, 3 झुलसे सोमवार की सुबह हुई घटना, संत की गृहस्थी खाक


 आजमगढ़ महराजगंज फटा रसोई गैस का सिलेण्डर, 3 झुलसे


सोमवार की सुबह हुई घटना, संत की गृहस्थी खाक



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जनपद के महराजगंज थाना क्षेत्र के भैरोदासपुर गांव में आज सोमवार की सुबह करीब 10 बजे खाना बनाते समय रसोई गैस सिलेंडर आग लगने के बाद विस्फोट हो गया। आग की चपेट में आने से संत की रिहायसी मंडई जलकर खाक हो गयी। इस घटना में तीन लोग झुलस गए।


जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के भैरोदासपुर गांव निवासी रामगढ़ यादव एक संत प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं। उनके पास सिर्फ पांच लड़कियां हैं, एक लड़की गंगा ही पिता के पास रहती है। रामगढ़ स्वयं ही अपना खाना बनाते खाते हैं। आज सुबह भी वह अपने लिए खाना बना रहे थे कि तभी अचानक से गैस सिलेंडर में आग पकड़ ली और देखते ही देखते रिहायसी मंडई को भी चपेट में ले लिया। शोर सुनकर आसपास के लोग आग बुझाने के लिए दौड़े और मंडई में बंधे जानवरों को खोलकर बाहर किया।


 जलते हुए सिलेंडर को बुझाने का प्रयास कर रहे थे कि तभी उसमें विस्फोट हो गया जिससे रामगढ़ जहां मामूली रूप से झुलस गये वहीं उनके भतीजे बलिराम यादव उम्र 55 वर्ष तथा बलिहारी यादव उम्र 50 वर्ष पुत्रगण स्वर्गीय जासे यादव गंभीर रूप से झुलस गए। झुलसे हुए लोगों में रामगढ़ व बलिराम का इलाज स्थानीय स्तर पर चल रहा है तथा बलिहारी यादव को जिला अस्पताल के लिए रिफर कर दिया गया है।


 घटना की सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मचारियों द्वारा किसी तरह आग पर काबू पाया गया। इस आगजनी में पीड़ित परिवार की तीस हजार नकद सहित पूरी गृहस्थी जलकर खाक हो गई। करीब एक लाख से अधिक का नुकसान होने का अनुमान लगाया गया है।

बरेली लड़की ने कारोबारी को बुलाया होटल, फिर शर्मनाक खेल दरोगा और सिपाही चला रहे हनी ट्रैप गिरोह


 बरेली लड़की ने कारोबारी को बुलाया होटल, फिर शर्मनाक खेल


दरोगा और सिपाही चला रहे हनी ट्रैप गिरोह




 उत्तर प्रदेश के बरेली में पुलिस की शर्मनाक करतूत सामने आई है। किला चौकी इंचार्ज और सिपाही यूटबर के साथ मिलकर हनी ट्रैप गिरोह चला रहे थे। पुलिस ने लड़की से कारोबारी को होटल बुलाया और फिर शर्मनाक हरकतें की। सबने मिलकर बेकरी कारोबारी को फंसाकर सात लाख की रंगदारी मांगी। इस मामले में चौकी इंचार्ज और सिपाही समेत छह के खिलाफ थाना किला में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।


 परसाखेड़ा में बेकरी संचालित करने वाले मुस्तकीम ने बताया कि शनिवार को नावेद, आजाद और चांद अल्वी उनके पास आए। तीनों ने खुद को पत्रकार बताया और एक लड़की से मिलवाने की बात कहकर दो हजार रुपए ले गए। रात करीब 11 बजे आरोपियों ने उन्हें मिनी बाईपास स्थित के होटल में बुलाया और सोनिया नाम की लड़की से मुलाकात कराई। सोनिया ने कुछ देर होटल के कमरे में उनसे बात की। इसी बीच तीनों उन्हें हनी ट्रैप में फंसाने की धमकी देकर सात लाख रुपए की मांग करने लगे। 


फिर आरोपियों ने किला चौकी इंचार्ज सौरभ और सिपाही कोलेंद्र को बुला लिया। सभी उन्हें मिलकर ब्लैकमेल करने लगे। इसके बाद सब उन्हें लेकर किला चौकी पर पहुंचे और छोड़ने के बदले सात लाख रुपए की मांग की। रुपए ने देने पर जेल भेजने की धमकी दी। काफी देर बातचीत के बाद ढाई लाख रुपए में मामला तय हो गया। इसी बीच मुस्तकीम किसी तरह वहां से बचकर भाग निकले। फिर उन्होंने थाना किला पहुंचकर तहरीर दी। तहरीर के आधार पर दिनांक 24 फरवरी 2024 को थाना किला पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 53/2024 अंतर्गत धारा 386,120-B दर्ज कर जांच पड़ताल मे जुट गई।

Sunday, 25 February 2024

आजमगढ़ 63 लाख की धोखाधड़ी, 420 रूपए का इनाम घोषित तीनों आरोपी शहर कोतवाली के हैं निवासी


 आजमगढ़ 63 लाख की धोखाधड़ी, 420 रूपए का इनाम घोषित


तीनों आरोपी शहर कोतवाली के हैं निवासी



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने रविवार को 63 लाख रूपए की धोखाधड़ी के तीन आरोपियों की गिरफ्तार के लिए प्रत्येक पर 420-420 रूपए का नकद पुरस्कार घोषित किया है। जिसमें आरोपी अब्दुल गफ्फार पुत्र अब्दुल सत्तार, अब्दुल सलाम पुत्र अब्दुल सत्तार, व शंहशाह पुत्र अब्दुल गफ्फार, समस्त निवासी जालन्धरी शहर कोतवाली जनपद आजमगढ़ शामिल है।


बता दें कि रुद्रांश राय पुत्र विनोद राय निवासी ग्राम मधुबन थाना कन्धरापुर जनपद आजमगढ़ ने कन्धरापुर थाने मे तहरीर दिया कि आरोपी अब्दुल गफ्फार पुत्र अब्दुल सत्तार, अब्दुल सलाम पुत्र अब्दुल सत्तार, शंहशाह पुत्र अब्दुल गफ्फार, अब्दुल दुद्दुम पुत्र अब्दुल सत्तार, व अन्जुम आरा पत्नी अब्दुल सलाम समस्त निवासी जालन्धरी शहर कोतवाली जनपद आजमगढ़ ने जमीन बैनामा करने के नाम पर षडयंत्र, जाल साजी व धोखा धडी करके उससे विभिन्न तिथियों में करीब 63 लाख रुपये ले लिया। और जब पैसे वापस मांगने आरोपियों के घर गया तो उग्र होकर मारपीट करने पर आमादा हो गये।


 इस सूचना पर कन्धरापुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दिनांक 27 जुलाई 2023 को मुकदमा अपराध संख्या 195/2023 अंतर्गत धारा 406,420,504,506 पंजीकृत कर विवेचना शुरू की। विवेचना के दौरान उपरोक्त मुकदमे में धारा 467, 468, 471 की बढोत्तरी की गयी। जिसमें आरोपी अब्दुल गफ्फार, शंहशाह व अब्दुल सलाम फरार चल रहे है। इसी क्रम में 6 जनवरी 2024 को न्यायालय अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट से आदेश प्राप्त कर फरार आरोपियों के खिलाफ 82 सीआरपीसी की कार्यवाही की गयी।

आजमगढ़ जिले के 101 युवाओं को वितरित किया गया नियुक्ति पत्र 13 आयुष विभाग, 11 चिकित्सा विभाग तथा विद्युत विभाग के 77 टेक्नीशियन शामिल


 आजमगढ़ जिले के 101 युवाओं को वितरित किया गया नियुक्ति पत्र


13 आयुष विभाग, 11 चिकित्सा विभाग तथा विद्युत विभाग के 77 टेक्नीशियन शामिल



आजमगढ़ आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग एवं विद्युत सेवा आयोग द्वारा निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत चयनित कुल 1782 युवाओं को नियुक्ति पत्र का वितरण लोग भवन लखनऊ में किया। चयनित युवाओं में 852 उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन, 391 आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी, 42 सहायक अभियोजन अधिकारी, 210 अवर अभियंता सिंचाई विभाग, 141 दंत चिकित्सक चिकित्सा विभाग, 14 समीक्षा अधिकारी हिंदी/उर्दू उत्तर प्रदेश सचिवालय, 123 अवर अभियंता आवास विभाग तथा 9 निरीक्षक राजकीय कार्यालय निरीक्षालय प्रयागराज के हैं। 


इसी क्रम में आज जनपद आजमगढ़ में आजमगढ़ मंडल के 13 आयुष विभाग, 11 चिकित्सा विभाग तथा विद्युत विभाग के 77 टेक्नीशियन पदों पर चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र का वितरण नेहरू हाल में मंडलायुक्त मनीष चौहान द्वारा किया गया। मंडलायुक्त ने नियुक्ति पत्र वितरण के पश्चात सभी चयनित युवाओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।


 उन्होंने सभी चयनित युवाओं को पूरी निष्पक्षता ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करने के लिए कहा।उन्होंने कहा कि सरकार की अपेक्षाओं पर खरे उतरे तथा अपने जिम्मेदारियां एवं कर्तव्यों को सेवा में जब तक रहें, उसका निर्वहन करें। इस अवसर पर जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज, मुख्य राजस्व अधिकारी विनय कुमार गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 आईएन तिवारी, अपर निदेशक स्वास्थ्य एवं चयनित अभ्यर्थीगण उपस्थित रहे।

बरेली सोनम सिद्दीकी से लक्ष्मी बन विष्णु से रचाया विवाह बोली- 3 तलाक और हलाला के डर से अपना लिया सनातन धर्म


 बरेली सोनम सिद्दीकी से लक्ष्मी बन विष्णु से रचाया विवाह


बोली- 3 तलाक और हलाला के डर से अपना लिया सनातन धर्म



उत्तर प्रदेश बरेली के देवरनियाँ  थाना क्षेत्र के गांव गिरधरपुर निवासी सोनम सिद्दीकी ने अपने प्रेमी विष्णु मौर्य से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह कर लिया। मिली जानकारी के अनुसार इससे पहले सोनम सिद्दीकी ने धर्म परिवर्तन कर अपना नाम लक्ष्मी रख लिया। इसके बाद गांव निवासी विष्णु मौर्य के साथ मंदिर में सात फेरे लिए। सोनम सिद्दीकी का कहना है कि तीन तलाक और हलाला के डर से उसने सनातन धर्म अपना लिया है। उसने एक वीडियो जारी कर परिवार से अपनी जान को खतरा भी जताया है।


 सोनम उर्फ लक्ष्मी और विष्णु की शादी के फोटो वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। दोनों का कहना है कि वह जल्दी ही अयोध्या में रामलला के दर्शन करने जाएंगे। विष्णु मौर्य ने बताया कि वह कीटनाशक दवा की दुकान चलाते हैं। उनकी मुलाकात करीब 12 साल पहले सोनम सिद्दीकी से हुई थी। उस वक्त सोनम नाबालिग थी। दोनों में पहले दोस्ती थी, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। मोबाइल फोन और सोशल मीडिया पर दोनों की बातचीत होती रही।


 सोनम के बालिग होने पर विष्णु ने उससे शादी करने की इच्छी जताई। सोनम हामी भर दी, लेकिन मजहब की दीवार उनके आड़े आ गई। इस पर सोनम ने धर्म बदलकर प्रेमी के साथ विवाह करने का फैसला कर लिया। रविवार को दोनों ने एक मंदिर में विवाह कर लिया। सोनम ने बताया कि उसने अपनी मर्जी से धर्म बदला है। इसमें किसी की जोर जबरदस्ती नहीं है। कहा कि उसे तीन तलाक और हलाला का डर सताता था। इसी लिए यह फैसला लिया। भगवान राम में सोनम सिद्दीकी की आस्था है। इसीलिए पति विष्णु के साथ अयोध्या जाने का निर्णय लिया है।

कौशाम्बी धमाके से दहली फैक्ट्री, 4 की मौत, 18 झुलसे कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी धमाके की गूंज


 कौशाम्बी धमाके से दहली फैक्ट्री, 4 की मौत, 18 झुलसे


कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी धमाके की गूंज



उत्तर प्रदेश कौशाम्बी कोखराज थाना क्षेत्र में भरवारी कस्बे के वार्ड नंबर 23 में एक पटाखा फैक्टरी में रविवार को सुबह करीब 11.30 बजे विस्फोट हो गया। इसमें कई मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई झुलस गए। मौके पर फायरब्रिगेड पहुंच गई है। विस्फोट इतना जबर्दस्त था का इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के बाद आग लग गई। चार लोगों के मौत और 18 लोगों के फंसे होने की सूचना है। राहत और बचाव कार्य में पुलिस और फायर ब्रिगेड के लोग जुट गए हैं। पटाखे के टुकड़े कई किलोमीटर दूर तक उड़कर पहुंच गए हैं। घटना भरवारी के खल्लाबाद इलाके में स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुआ है। पटाखा फैक्टरी खलीलाबाद के रहने वाले शराफत अली की बताई जा रही है। शराफत अली न्यू रंगोली फायरवर्क्स के नाम से पटाखा फैक्टरी चलाते हैं। हादसे में फैक्टरी मालिक शराफत के एक बेटे के भी मौत की सूचना मिल रही है। एसपी बृजेश श्रीवास्तव ने अभी तक कुल चार लोगों के मौत होने की पुष्टि की है।


 मौके पर एडीजी प्रयागराज जोन भानु भास्कर भी मौके पर पहुंच गए हैं। एक मृतक शिव नारायण (30) पुत्र भोलानाथ की पहचान हो पाई है। घायल बबलू पटेल, दीना पटेल, अशोक पटेल, कौशल अली और शराफत अली को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना पाकर एसपी बृजेश श्रीवास्तव मौके पर पहुंच गए। एंबुलेंस की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 


फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं। मलबे में फंसे लोगों को निकालने का कार्य शुरू कर दिया गया है। घटना के बाद स्थानीय नेताओं की भीड़ जुट गई है। पूर्व विधायक संजय गुप्ता, कैलाशचंद्र केसरवानी सहित आदि नेता पहुंच गए हैं। कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दिया विस्फोट, जिससे लोग दहल गए। धमाका इतना तेज था कि मलबे काफी दूर तक जाकर गिरे। गांव के अमित विश्वकर्मा ने बताया कि 16 लोगों को घायल अवस्था में निकाला है। जिसमें कई लोगों की मौत हो चुकी थी। एडीजी भानु भास्कर मौके पर पहुंच गए हैं। वह अधिकारियों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर घटना के बारे में जानकारी लेने का प्रयास कर रहे हैं। आग को फिलहाल पूरी तरह से बुझा लिया गया है। दर्जनभर से अधिक एंबुलेंस को घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए लगाया गया है।