Sunday, 15 November 2026

बलिया रेलवे ट्रैक पर मिला दरोगा का शव हाल ही में हुआ था स्थानांतरण, एसपी ने जताई आत्महत्या की आशंका, जांच जारी


 बलिया रेलवे ट्रैक पर मिला दरोगा का शव


हाल ही में हुआ था स्थानांतरण, एसपी ने जताई आत्महत्या की आशंका, जांच जारी


उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के धर्मापुर नवकापुरा रेलवे क्रॉसिंग के पास शनिवार रात एक 28 वर्षीय सब-इंस्पेक्टर का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान संदीप कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार (14 नवंबर 2026) की रात करीब 8:30 बजे सारनाथ एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, रेलवे ट्रैक के पास संदीप कुमार की बुलेट मोटरसाइकिल खड़ी मिली थी। ट्रेन के लोको पायलट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। 


संदीप कुमार मूल रूप से संत कबीर नगर जिले के निवासी थे और वर्ष 2023 बैच के सब-इंस्पेक्टर थे। वह पिछले करीब 11 महीने से चितबड़ागांव थाने में तैनात थे। हाल ही में उनका स्थानांतरण चितबड़ागांव थाने से पकड़ी थाने में हुआ था, लेकिन छठ पर्व के चलते उन्हें अभी कार्यमुक्त नहीं किया गया था। इस संबंध में बलिया के पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, किन परिस्थितियों में सब-इंस्पेक्टर ने यह कदम उठाया, इसकी गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

No comments:

Post a Comment