Tuesday, 10 November 2026

आजमगढ़ जीयनपुर, रामलीला मंच पर भोजपुरी गानों पर अश्लील डांस पुलिस जांच में आरोप सही मिलने पर की गई कार्रवाई, आयोजक को बनाया आरोपी


 आजमगढ़ जीयनपुर, रामलीला मंच पर भोजपुरी गानों पर अश्लील डांस


पुलिस जांच में आरोप सही मिलने पर की गई कार्रवाई, आयोजक को बनाया आरोपी


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के जीयनपुर थाना क्षेत्र के बागखालिस बाजार में रामलीला मंचन के दौरान भोजपुरी गानों पर महिला नृत्यकियों से कथित तौर पर अश्लील नृत्य कराए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रामलीला आयोजक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में रामलीला आयोजन के दौरान प्रस्तुत किए जा रहे कार्यक्रमों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।


 पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को उपनिरीक्षक अमित कुमार वर्मा को दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम बागखालिस बाजार में रामलीला समिति की ओर से प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। आरोप था कि रामलीला मंचन के दौरान महिला नृत्यकियों से अश्लील नृत्य कराया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद उपनिरीक्षक अमित कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। 


पुलिस के मुताबिक, रात करीब 9:15 बजे जांच के दौरान शिकायत की पुष्टि हुई। आरोप है कि बागखालिस रामलीला समिति के आयोजक राजेंद्र मद्धेशिया पुत्र स्वर्गीय रामसमुझ, निवासी ग्राम बागखालिस, थाना जीयनपुर, द्वारा रामलीला मंच पर डीजे लगवाकर भोजपुरी गीतों पर महिला नृत्यकियों से अश्लील नृत्य कराया जा रहा था।

यह कार्यक्रम रामलीला देखने पहुंचे स्थानीय श्रद्धालुओं और आम लोगों के सामने आयोजित किया जा रहा था। पुलिस की प्रथम सूचना रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि इस तरह के कार्यक्रम को लेकर आम जनमानस में रोष व्याप्त था। मामले की जांच के बाद उपनिरीक्षक अमित कुमार वर्मा ने रामलीला आयोजक राजेंद्र मद्धेशिया के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। इसके आधार पर जीयनपुर थाने में संबंधित धारा के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है।

No comments:

Post a Comment