Sunday, 2 August 2026

आजमगढ़ शहर कोतवाली, फंदे से लटकता मिला युवक का शव किराये के कमरे में रहता था मृतक, डी फार्मा करने के बाद मेडिकल स्टोर पर करता था काम


 आजमगढ़ शहर कोतवाली, फंदे से लटकता मिला युवक का शव



किराये के कमरे में रहता था मृतक, डी फार्मा करने के बाद मेडिकल स्टोर पर करता था काम



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र के बिलरिया की चुंगी स्थित एक किराये के कमरे में रविवार सुबह एक युवक का शव फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। महराजगंज थाना क्षेत्र के नौबरार देवारा जदीद किता-2 गांव निवासी 23 वर्षीय बृजेश यादव डी-फार्मा की पढ़ाई पूरी करने के बाद शहर के एक मेडिकल स्टोर पर कार्यरत था। वह बिलरिया की चुंगी स्थित एक किराये के कमरे में रहकर नौकरी करता था।


 परिजनों के अनुसार, वह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहा था। शनिवार को उसका बड़ा भाई दिनेश यादव उसे चिकित्सक को दिखाकर वापस घर लौट गया था। रविवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर मकान मालिक ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया तो युवक का शव पंखे से बेडशीट के सहारे लटका मिला। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। बृजेश दो भाइयों और एक बहन में दूसरे स्थान पर था। उसकी असामयिक मौत से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शहर कोतवाली पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

No comments:

Post a Comment