मुरादाबाद किराये के मकान में चल रहा देह व्यापार बेनकाब, 8 आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली-हरियाणा से बुलायी जाती थीं युवतियां, सोशल मीडिया के जरिए होती थी बुकिंग, नकदी, मोबाइल और आपत्तिजनक सामग्री बरामद
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में पुलिस ने एक बड़े सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। यह अवैध धंधा मझोला थाना क्षेत्र के बुद्धि विहार सेक्टर-7 स्थित एक किराये के मकान में संचालित किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, सीओ सिविल लाइंस कुलदीप कुमार गुप्ता के नेतृत्व में की गई छापेमारी के दौरान मकान से दो युवतियां और छह युवक पकड़े गए। मौके से 76 हजार रुपये नकद, 9 मोबाइल फोन, तीन कारें, शराब की बोतलें और सेक्स वर्धक दवाएं समेत अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि सोमवार रात गश्त के दौरान लाइनपार चौकी पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त मकान में सेक्स रैकेट चल रहा है। सूचना के आधार पर तत्काल टीम गठित कर छापेमारी की गई।
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी रामवीर सिंह ने सिद्धार्थ नामक व्यक्ति का मकान किराये पर लेकर अपनी पत्नी निशा के साथ मिलकर इस रैकेट को संचालित कर रहा था। आरोपी सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप के जरिए ग्राहकों से संपर्क करता था और युवतियों की फोटो भेजकर ऑनलाइन बुकिंग करता था। आरोपी मांग के अनुसार दिल्ली और हरियाणा से युवतियों को बुलाता था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि एक ग्राहक से 4 से 5 हजार रुपये तक वसूले जाते थे, जबकि युवतियों को करीब 1500 रुपये दिए जाते थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

No comments:
Post a Comment