Sunday, 10 August 2025

आजमगढ़ अतरौलिया सर्पदंश से 7 वर्षीय बालिका की दुखद मृत्यु घर के बरामदे में खेलते समय सांप ने काटा, पिता दिल्ली में करता है मजदूरी


 आजमगढ़ अतरौलिया सर्पदंश से 7 वर्षीय बालिका की दुखद मृत्यु




घर के बरामदे में खेलते समय सांप ने काटा, पिता दिल्ली में करता है मजदूरी



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के अतरौलिया थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना में 7 वर्षीय बालिका अन्नया गौड़ की सर्पदंश से मौत हो गई। अन्नया अपने घर के बरामदे में खेल रही थी, उसी समय एक सांप ने उसे काट लिया। परिजनों ने तत्काल उसे नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


घटना के अनुसार, अन्नया के घर का फर्श मिट्टी का था, जिसमें सांप का बिल था। खेलते समय अन्नया बिल के पास पहुंची, तभी सांप ने बाहर निकलकर उसके पैर में काट लिया और वापस बिल में छिप गया। अन्नया ने रोते हुए अपनी मां को यह बात बताई। मां ने पड़ोसियों की मदद से उसे अतरौलिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। 


उधर, ग्रामीणों ने बरामदे में सांप को ढूंढा और सर्पमित्र की सहायता से उसे पकड़ लिया। सपेरे ने बताया कि यह एक जवान नागिन थी। अन्नया अपने भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। उसके पिता सत्यम गौड़ दिल्ली में मजदूरी करते हैं। इस घटना ने पूरे गांव और परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मिट्टी के फर्श वाले घरों में सांपों के खतरे को लेकर जागरूकता और सहायता की मांग की है।

आजमगढ़ मुबारकपुर बाइक की टक्कर से 2 महिलाओं की मौत टहलते समय हुआ हादसा, परिवार में मचा कोहराम


 आजमगढ़ मुबारकपुर बाइक की टक्कर से 2 महिलाओं की मौत



टहलते समय हुआ हादसा, परिवार में मचा कोहराम




उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के नैठी गांव में शनिवार देर शाम सड़क पर टहल रही दो महिलाओं को बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में मातम छाया हुआ है।


जानकारी मुताबिक, नैठी गांव निवासी चानमती देवी (60) पत्नी मतई राम और उनकी पड़ोसी सावित्री देवी उर्फ तालहिया (55) पत्नी सुदर्शन राजभर शनिवार की शाम करीब सात बजे घर से दक्षिण की ओर सड़क पर टहल रही थीं। टुनटुन मोड़ से बाजार कर लौट रहे बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं।


परिजन उन्हें तुरंत मुबारकपुर बाजार के एक डॉक्टर के पास ले गए, जहां डॉक्टर ने चानमती देवी को मृत घोषित कर दिया। सावित्री देवी को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन सावित्री को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई। चानमती के तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। जबकि सावित्री के तीन पुत्र और दो पुत्रियां हैं। सावित्री के पति व एक पुत्र मुंबई में रहता है।


वहीं दूसरा पुत्र दिल्ली में नौकरी करता है। हादसे की खबर मिलते ही वे घर के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी शशि मौली पांडेय ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

आजमगढ़ बरदह धारदार हथियार से हमला कर बुजुर्ग की हत्या खेत में खून से लथपथ शव देख लोगों के पैरों तले खिसक गई जमीन


 आजमगढ़ बरदह धारदार हथियार से हमला कर बुजुर्ग की हत्या



खेत में खून से लथपथ शव देख लोगों के पैरों तले खिसक गई जमीन



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के उसरगावां गांव में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव निवासी 80 वर्षीय राजबहादुर उर्फ मंगल सिंह की खेत पर बने मकान के बरामदे में सोते समय धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी रविवार सुबह तब हुई, जब ग्रामीण खेत की ओर गए और शव को देखा।




जानकारी के अनुसार, राजबहादुर की ससुराल गाजीपुर जनपद के सादियाबाद में है, जहां उनकी पत्नी और बच्चे रहते हैं। वह अकेले उसरगावां में रहते थे और पाही में खेत के पास बने अपने मकान में समय बिताते थे। शनिवार रात करीब नौ बजे वह गांव के घर से खेत पर सोने गए थे। रात में किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर और कंधे पर गहरे घाव मिले।


सुबह ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बरदह थाना पुलिस और सीओ सिटी शुभम तोदी फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी। घटना की सूचना पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।


पुलिस की प्रारंभिक जांच में अभी तक किसी के साथ मृतक का कोई विवाद सामने नहीं आया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर हत्यारों का पता लगाने में जुटी है। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है। बरदह थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही दोषियों को पकड़ा जाएगा।

अमेठी सो रहे पति की आंख में मिर्च डालकर चाकू से गोदा प्राइवेट पार्ट काटकर किया अलग, पुलिस ने पत्नी को लिया हिरासत में


 अमेठी सो रहे पति की आंख में मिर्च डालकर चाकू से गोदा



प्राइवेट पार्ट काटकर किया अलग, पुलिस ने पत्नी को लिया हिरासत में



उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के जगदीशपुर क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद के चलते रविवार तड़के एक पत्नी ने अपने पति पर नशीला पदार्थ खिलाकर और आंख में मिर्च डालकर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया। इस दौरान उसने पति के नाजुक अंग को काटकर अलग कर दिया। गंभीर हालत में पीड़ित को पहले जगदीशपुर ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां से उसे एम्स रायबरेली रेफर किया गया। पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, जगदीशपुर के मैगलगंज मजरे कचनाव गांव निवासी अंसार (38) अपनी दूसरी पत्नी नाजनी के साथ कमरे में सो रहा था। तड़के करीब 3 बजे नाजनी ने पहले अंसार को नशीला पदार्थ खिलाया, फिर उसकी आंख में मिर्च डालकर चाकू से कई वार किए। इस हमले में अंसार का नाजुक अंग भी काट दिया गया। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक नाजनी कमरे से भाग चुकी थी।


पीड़ित के भाई सूफियान ने बताया कि अंसार की पहली शादी 14 साल पहले अयोध्या के इटौंजा निवासी शब्तुन से हुई थी, लेकिन संतान न होने के कारण आठ महीने पहले उसने नाजनी से दूसरी शादी की थी। नाजनी आए दिन अंसार को धमकी देती थी। शनिवार रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। सूफियान के मुताबिक, आशंका के चलते अंसार देर रात तक जागता रहा, लेकिन सोने के बाद यह वारदात हुई।


परिजनों ने 108 एंबुलेंस की मदद से अंसार को जगदीशपुर ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताकर एम्स रायबरेली रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी विधान चंद यादव ने बताया कि पीड़ित के भाई की तहरीर पर आरोपी पत्नी नाजनी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नाजनी को हिरासत में ले लिया गया है और पूछताछ के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Saturday, 9 August 2025

आजमगढ़ सरायमीर फर्जी बॉन्ड देकर की 5 लाख रुपये की धोखाधड़ी पुलिस ने नहीं की सुनवाई तो पीड़ित पहुंचा कोर्ट की शरण में आरोपी की धमकी : हमारी सरकार है, तुम हमारा कुछ नहीं कर सकते


 आजमगढ़ सरायमीर फर्जी बॉन्ड देकर की 5 लाख रुपये की धोखाधड़ी



पुलिस ने नहीं की सुनवाई तो पीड़ित पहुंचा कोर्ट की शरण में


आरोपी की धमकी : हमारी सरकार है, तुम हमारा कुछ नहीं कर सकते



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के सरायमीर थाना क्षेत्र के तलिया गांव निवासी अरुण कुमार गौतम ने सुल्तानपुर के जुमेदपुर निवासी शैलेंद्र मिश्रा और उनके पुत्र गौरव मिश्रा पर 5 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। अरुण ने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, आजमगढ़ के समक्ष धारा 173(4) बीएनएसएस के तहत प्रार्थना पत्र दाखिल कर मामले की जांच की मांग की है।


प्रार्थना पत्र के अनुसार, शैलेंद्र मिश्रा (SKD लैंडमार्क इन्फ्रास्ट्रक्चर इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन कम मैनेजिंग डायरेक्टर) और गौरव मिश्रा (असिस्टेंट चेयरमैन कम मैनेजिंग डायरेक्टर) ने अरुण को उनकी कंपनी में निवेश का लालच दिया। आरोप है कि दोनों ने 5 साल में पैसा दोगुना करने का वादा कर अरुण की बहन शुभावती से 5 लाख रुपये निवेश करवाए। यह राशि 29 मार्च 2017 को अरुण के SBI खाते में जमा हुई, जिसे 3 अप्रैल 2017 को कंपनी को RTGS के माध्यम से स्थानांतरित किया गया। बदले में, आरोपियों ने अरुण को एक फर्जी बॉन्ड दिया।

पांच साल बाद जब अरुण ने बॉन्ड का भुगतान मांगा, तो पता चला कि बॉन्ड फर्जी है। आरोपियों ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और 10 फरवरी 2025 को सरायमीर बाजार में अरुण को गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने फर्जी मुकदमे में फंसाने की भी धमकी दी और कहा, "हमारी सरकार है, तुम हमारा कुछ नहीं कर सकते।"


अरुण ने स्थानीय थाने में शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, आजमगढ़ को रजिस्ट्री के माध्यम से सूचना दी, पर तब भी कोई सुनवाई नहीं हुई। गरीबी और असमर्थता का हवाला देते हुए अरुण ने कोर्ट से मामले की जांच और थाना सरायमीर को कार्रवाई के लिए निर्देश देने की गुहार लगाई है।

आजमगढ़ बिलरियागंज करंट की चपेट में आने से संविदा लाइनमैन की दर्दनाक मौत टिल्लू पंप ठीक करते समय हुआ हादसा, घर में मचा कोहराम


 आजमगढ़ बिलरियागंज करंट की चपेट में आने से संविदा लाइनमैन की दर्दनाक मौत



टिल्लू पंप ठीक करते समय हुआ हादसा, घर में मचा कोहराम



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के वनार्पुर जगदीशपुर में शुक्रवार रात करीब नौ बजे एक दुखद हादसा हो गया। गांव निवासी दिनेश (45), पुत्र ज्ञानचंद्र, जो बिलरियागंज उपकेंद्र पर संविदा लाइनमैन के रूप में कार्यरत थे, अपने घर में टिल्लू पंप ठीक करते समय करंट की चपेट में आ गए। हादसे के बाद परिजन उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलरियागंज ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया।


 आजमगढ़ ले जाते समय रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई। मृतक के परिवार में दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे ने पूरे गांव में शोक की लहर फैला दी है। स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जौनपुर थाना खेतासराय पुलिस टीम द्वारा 02 वारंटी अभियुक्तों को किया गया गिरफ्तार


 जौनपुर थाना खेतासराय पुलिस टीम द्वारा 02 वारंटी अभियुक्तों को किया गया गिरफ्तार


 

उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद के थाना खेतासराय पुलिस टीम द्वारा आज दिनांक 09.08.2025 को ग्राम सुम्बुलपुर से 02 वारण्टी अभियुक्त धनराज पुत्र जयकरन ,देवेन्द्र कुमार पुत्र धनराज निवासीगण सुम्बुलपुर थाना खेतासराय जनपद जौनपुर को सम्बन्धित मु0नं0 851/19 धारा 498ए/506 भादवि व ¾ डीपी एक्ट में मा0 न्यायालय द्वारा जारी गैर जमानती वारंट के अनुपालन में गिरफ्तार कर सम्बन्धित न्यायालय भेजा जा रहा है।


गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण-

1. धनराज पुत्र जयकरन निवासी सुम्बुलपुर थाना खेतासराय जौनपुर

2. देवेन्द्र कुमार पुत्र धनराज निवासी सुम्बुलपुर थाना खेतासराय जौनपुर।


 गिरफ्तार करने वाली टीम–

1. उ0नि0 संजय चौधरी थाना खेतासराय जनपद, जौनपुर।

2. का0 रंजीत कुमार यादव थाना खेतासराय जिला जौनपुर।

3. का0 सोनू गौड़ थाना खेतासराय जिला जौनपुर।