Tuesday, 7 January 2025

बस्ती दूसरे की पत्नी संग इश्क लड़ाना सिपाही को पड़ा महंगा कार में रंगे हाथ धराया, एसपी ने किया लाइन हाजिर


 बस्ती दूसरे की पत्नी संग इश्क लड़ाना सिपाही को पड़ा महंगा



कार में रंगे हाथ धराया, एसपी ने किया लाइन हाजिर



उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में पति-पत्नी और वो का मामला सामने आया है। एक महिला सिपाही के साथ घुमने चली गई। इसकी जानकारी जब महिला के पति को हुई तो वह इंतजार करने लगा। रात के समय महिला सिपाही संग कार में वापस लौटी और दोनों कार में इश्क फरमाने लगे। दोनों को एक साथ देखकर महिला के पति का पारा चढ़ गया। बातचीत हो रही थी कि सिपाही और महिला के पति के बीच मारपीट होने लगी। बवाल होता देख सिपाही मौका पाकर भाग निकला और जाते-जाते जान से मारने की धमकी दे गया। इसके बाद महिला के पति ने सिपाही के खिलाफ सीएम पोर्टल पर शिकायत कर दी। बात जब अफसरों तक पहुंची तो सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया। वहीं दूसरी ओर महिला ने भी अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। थानाध्यक्ष लालगंज सुनील कुमार गौड़ ने बताया कि जांच-पड़ताल कर उचित कार्रवाई होगी।


एसपी को दिए गए शिकायती-पत्र में युवक ने आरोप लगाया है कि पुलिस लाइन में तैनात एक सिपाही से उसकी पत्नी रोज घंटों फोन पर बात करती है। मना करने पर सिपाही जेल भिजवाने की धमकी देता है। नए साल की पूर्व संध्या पर उसकी गैरहाजिरी में सिपाही उसकी पत्नी को घुमाने लेकर गया था। इसकी भनक लगने पर गांव के मुख्य रास्ते मेहनौना घाट मंदिर के पास इंतजार करने लगा। रात करीब नौ बजे कार से दोनों पहुंचे और इश्क फरमाने लगे।


पति ने जब दोनों से इस संबंध में पूछताछ की तो सिपाही भड़क गया और मारपीट करने लगा। इसकी सूचना डायल 112 व थानाध्यक्ष लालगंज को दी गई। थानाध्यक्ष लालगंज ने आसपास के लोगों से घटनाक्रम के बारे में पूछताछ की। इस दौरान सिपाही संग गई विवाहिता ने पति पर किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध का आरोप लगाया है। जिसको लेकर दोनों के बीच करीब छह महीने से दूरी बनी हुई है।


शादीशुदा महिला को घुमाने व मारपीट के आरोपी सिपाही गिरजाशंकर वर्मा को लाइन हाजिर कर दिया गया है। आरोप है कि लालगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली एक शादीशुदा महिला को घुमाने ले गया था। इसकी जानकारी होते ही पति रास्ते में रूककर दोनों के लौटने का इंतजार करने लगा। थोड़ी देर बाद कार से सिपाही संग पत्नी को देखकर उसने पूछताछ की। बात बढ़ी और मारपीट तक जा पहुंची। सीओ रुधौली स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया है। दोनों पक्षों से एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इसकी जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Monday, 6 January 2025

आजमगढ़ महराजगंज कपड़े की दुकान में लगी भीषण आग लपटें उठती देख लोगों ने मचाया शोर, बगल में 3 मकानों को भी क्षति 5 घंटे के प्रयास के बाद आग पर पाया गया काबू


 आजमगढ़ महराजगंज कपड़े की दुकान में लगी भीषण आग


लपटें उठती देख लोगों ने मचाया शोर, बगल में 3 मकानों को भी क्षति


5 घंटे के प्रयास के बाद आग पर पाया गया काबू



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के महराजगंज थाना क्षेत्र के स्थानीय कस्बे में स्थित कपड़े की दुकान में भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठती देख लोग शोर मचाने लगे। वहां मौजदू लोगों ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। आग इतनी तेज थी कि उसे बुझाने के लिए सात गाड़ियां लगानी पड़ी। कड़ी मशक्कत के बाद करीब पांच घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका लेकिन तब तक दुकान में रखे सभी सामान जलकर राख हो गए। वहीं, बगल में तीन मकानों को भी क्षति पहुंची है।


महराजगंज थाना क्षेत्र के महराजगंज कस्बा निवासी रियाज अहमद की दुकान घर के सामने सिद्दकी वस्त्रालय के नाम से दुकान संचालित होती है। उसी के ऊपर तीसरे तल पर वह परिवार के साथ रहते हैं। रात करीब 12.30 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। आग की लपटें देख वहां मौजूद लोग शोर मचाने लगे। परिवार भी नीेचे देखा तो आग लगी थी। सभी भागकर किसी तरह से नीचे आ गए। इसकी सूचना फायर ब्रिगेड महराजगंज को दी। मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची।


आग का भयावह रूप देख फायर कर्मियों ने अन्य स्टेशनों से भी गाड़ियों की मांग की। मौके पर कुुल सात गाड़ियां पहुंच गई। दुकान के आगे और पीछे से फायर कर्मियों द्वारा पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया गया। करीब पांच घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका लेकिन तब तक लाखों रुपये की क्षति हो गई। वहीं, दुकान के सामने से गुजरा हाईटेंशन केबिल भी जल गया। जिससे बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हो गई। इसके साथ ही बगल में स्थित ओम कलेक्शन के नाम से संचालित जूते चप्पल की दुकान भी प्रभावित हुई। दुकानदारों ने तत्काल अपना सामान सुरक्षित किया।

गाजीपुर सिंचाई करने के लिए खेत गए किसान की हत्या सुबह शव देख लोगों के उड़ गए होश, पुलिस छानबीन में जुटी


 गाजीपुर सिंचाई करने के लिए खेत गए किसान की हत्या



सुबह शव देख लोगों के उड़ गए होश, पुलिस छानबीन में जुटी



उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के मरदह थाना क्षेत्र के बोगना में सिंचाई करने गए वृद्ध किसान की हत्या कर दी गई। सोमवार की सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल में जुट गई। हत्या की वजह और हत्यारे का अभी पता नहीं लग पाया है।


 मरदह थाना क्षेत्र के बोगना गांव निवासी जयकरन राम (60) गांव से लगभग 200 मीटर दूरी पर दक्षिण दिशा रविवार की रात नलकूप से सिंचाई करने गए थे। वह वहीं, पर अपने छप्पर में रात में रुके थे। जहां किसी ने उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सोमवार की सुबह लगभग आठ बजे किसी ने उनके शव को देखा तो शोर मचाया। लोगों को घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गई है।

Sunday, 5 January 2025

आजमगढ़ मुबारकपुर शव दफनाने से मना करने पर पुलिस चौकी पहुंचा मामला सपा विधायक की मौजूदगी में घंटों चली पंचायत आपसी सहमति के बाद दफनाया गया शव


 आजमगढ़ मुबारकपुर शव दफनाने से मना करने पर पुलिस चौकी पहुंचा मामला


सपा विधायक की मौजूदगी में घंटों चली पंचायत


आपसी सहमति के बाद दफनाया गया शव



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सठियांव गांव में मुस्लिम समुदाय के कब्रिस्तान की भूमि को लेकर रविवार को दो समुदाय के बीच घंटों पंचायत हुई। मौके पर सपा विधायक अखिलेश यादव ने तहसीलदार करनवीर के समक्ष दोनों पक्षों को समझाकर मामले काे शांत कराया। दोनों समुदाय के लोगों को काफी मान मनौव्वल के बाद मुस्लिम समुदाय के जमील अहमद का शव दफनाया गया।


भविष्य में कब्रिस्तान की भूमि का चिन्हांकन कर उसमें दफनाने पर सहमति बनी। मौजूदा कब्रिस्तान की भूमि को कंटीले तार से घेरकर संरक्षित करने की बात कही गई। साथ ही छेड़छाड़ करने पर पाबंदी लगा दी गई। मौजूदा कब्रिस्तान की भूमि सरकारी अभिलेखों में भूमिधारी के नाम से दर्ज है। सठियांव योगी समुदाय के जमील अहमद का रविवार की सुबह लगभग चार बजे निधन हो गया। कब्रिस्तान में दफनाने के लिए जैसे ही योगी समुदाय के लोग पहुंचे, तो गांव के ही चौरसिया समाज के लोग आपत्ति करने लगे।


यह बात योगी समुदाय के लोगों तक पहुंची, तो भारी संख्या में एकत्र होकर सठियांव पुलिस चौकी पर लोग पहुंच गए। राजस्व विभाग के लोग भी मौके पर आए। सपा विधायक अखिलेश यादव ने तहसीलदार को फोन कर बुलाया। मौके पर तहसीलदार करनवीर सिंह आए और वहां का हाल जाना।


 ग्रामीणों ने बताया कि कब्रिस्तान की भूमि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे में चली गई थी, तब से यह समस्या बनी रहती है। जब भी कोई योगी समुदाय से किसी का निधन होता है, तो दफनाने को लेकर पंचायत शुरू हो जाती है। आज भी कुछ ऐसा ही हुआ। सपा विधायक अखिलेश यादव ने तहसीलदार करनवीर सिंह से कहा कि अभी शव को दफनाने दीजिए, आगे कब्रिस्तान की भूमि का सीमांकन कर कब्रिस्तान के नाम से भूमि आवंटित करवाने के लिए कहा गया। तहसीलदार ने सबकी सहमति से योगी समुदाय से सुलहनामा बनाकर हस्ताक्षर करवाया। भविष्य में प्रस्तावित भूमि पर ही शव को दफनाया जाएगा। इस अवसर पर ग्राम प्रधान अमित राय, पूर्व प्रधान हरिप्रकाश राय, पूर्व प्रधान अशोक कुमार, अनवार रशीद, इम्तियाज अहमद, मोहम्मद तौफीक, झिन्नक, कानूगो अनिल कुमार, लेखपाल प्रमोद सरोज, जयराम व अमरदीप आदि लोग मौजूद रहे।

आजमगढ़ आवश्यक बैठक में डीएम ने अधिकारियों को लगाई फटकार इस मामले में जनपद की खराब प्रगति होने पर थे नाराज सभी उपजिलाधिकारियों को प्रगति में सुधार लाने हेतु दिया सख्त निर्देश


 आजमगढ़ आवश्यक बैठक में डीएम ने अधिकारियों को लगाई फटकार


इस मामले में जनपद की खराब प्रगति होने पर थे नाराज


सभी उपजिलाधिकारियों को प्रगति में सुधार लाने हेतु दिया सख्त निर्देश


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले मे जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल की अध्यक्षता में शनिवार को फॉर्मर रजिस्ट्री के सम्बन्ध में एक अति आवश्यक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिलाधिकारी ने फॉर्मर रजिस्ट्री में जनपद की खराब प्रगति होने के गहरा रोष प्रकट किया तथा प्रगति में सुधार हेतु सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने निर्देश देते हुए कहा कि समस्त उप जिलाधिकारी अपने तहसील अंतर्गत सभी लेखपालों को ग्राम आवंटित करते हुए प्रति लेखपाल प्रतिदिन कम से कम 10 फार्मर रजिस्ट्री बनाए जाने का लक्ष्य निर्धारित कर दें। उक्त के अतिरिक्त तहसील अंतर्गत संचालित जन सेवा केन्द्रों के संचालक के साथ बैठक कर उनसे अधिक से अधिक फॉर्म रजिस्ट्री बनाना सुनिश्चित कराएं।


 कृषि विभाग को निर्देशित किया कि समस्त क्षेत्रीय कार्मिक भी प्रति कार्मिक अपने क्षेत्र के कम से कम 10 कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री सीएससी केंद्र या सेल्फ मोड से बनवाए। सम्बंधित कार्मिक ग्राम पंचायत में फॉर्मर रजिस्ट्री के सम्बन्ध में व्यापक प्रचार प्रसार करते हुए इसके लाभ के बारे में कृषकों को जागरुक भी करेंगे। समस्त खंड विकास अधिकारियों/ जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया गया कि वह अगले दोझ्रतीन दिवस में फार्मर रजिस्ट्री के संबंध में सभी ग्राम प्रधानों के साथ बैठक कर फार्मर रजिस्ट्री बनवाने हेतु ग्राम सभा में मुनादी करा दें तथा ग्राम पंचायत में कार्यरत पंचायत सहायकों के माध्यम से फार्म रजिस्ट्री का कार्य कराना सुनिश्चित करें।

जन सेवा केंद्रों के जनपदीय जिला प्रबंधक जितेन्द्र विश्वकर्मा को निर्देशित किया कि वह जनपद में संचालित समस्त जन सेवा केन्द्रों से प्रति केंद्र से कम से कम 10 फार्मर रजिस्ट्री प्रति दिन बनवाना सुनिश्चित करेंगे।


 ई-डिस्टिक मैनेजर शरद यादव को निर्देशित किया कि वह सीएससी वार बनाए गए फार्मर रजिस्ट्री की सूचना जिला प्रबंधक सीएससी से प्राप्त कर दैनिक सूचना हमको प्रेषित करना सुनिश्चित करेंगे, साथ ही तहसील वार संचालित जन सेवा केंद्र की सूची संबंधित उप जिलाधिकारी को उपलब्ध करा दें जिससे कि वह उनकी समीक्षा कर लें ताकि फार्मर रजिस्ट्री बनाए जाने के कार्य में तेजी लाई जा सके। बैठक में मुख्य रूप से मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य राजस्व अधिकारी, उप कृषि निदेशक, समस्त एसडीएम /तहसीलदार, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, कृषि विभाग के अधिकारीगण, डीपीआरओ, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर एवम डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (सीएससी) आदि लोग उपस्थित रहे।

आजमगढ़ डीआईजी वैभव कुमार कृष्ण का हुआ तबादला सौंपी गई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी, सुनील सिंह को आजमगढ़ का नया डीआईजी बनाया गया


 आजमगढ़ डीआईजी वैभव कुमार कृष्ण का हुआ तबादला



सौंपी गई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी, सुनील सिंह को आजमगढ़ का नया डीआईजी बनाया गया



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ महाकुंभ मेला में नए डीआईजी की तैनाती की गई है। रविवार की सुबह-सुबह यह खबर सामने आई। इस बार दो आईपीएस अधिकारियों का तबादला हुआ है। अभी तक आजमगढ़ में तैनात रहे डीआईजी वैभव कुमार कृष्ण को महाकुंभ मेले का डीआईजी बनाया गया है। इसके साथ ही सुनील सिंह को आजमगढ़ का नया डीआईजी बनाया गया है। सुनील सिंह अभी तक पुलिस उपमहानिरीक्षक यातायात के पद पर तैनात थे। शासन से जारी तबादला आदेश में दोनों अधिकारियों से तत्काल अपना पदभार ग्रहण करने को कहा गया है।


पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ हेमराज मीना ने स्मृति चिन्ह, पुष्प भेंट कर विदाई दी , एसपी सिटी आजमगढ़ शैलेन्द्र लाल, एसपी ग्रामीण आजमगढ़ चिराग जैन उपस्थित रहे।


उत्तर प्रदेश में पुलिसकर्मियों के अवकाश पर लगी रोक इस मामले को लेकर डीजीपी कार्यालय से निर्देश जारी


 उत्तर प्रदेश में पुलिसकर्मियों के अवकाश पर लगी रोक



इस मामले को लेकर डीजीपी कार्यालय से निर्देश जारी




उत्तर प्रदेश लखनऊ डीजीपी प्रशांत कुमार ने महाकुंभ की समाप्ति तक पुलिसकर्मियों के अवकाश पर रोक लगा दी है। इस बाबत सभी पुलिस कमिश्नर, एडीजी जोन, आईजी रेंज और जिलों के पुलिस कप्तानों को निर्देश जारी कर दिया गया है। विशेष परिस्थिति में अवकाश लेने के लिए उच्चाधिकारियों की अनुमति लेनी होगी। बता दें कि 13 जनवरी से प्रयागराज में शुरू होने महाकुंभ 45 दिन तक जारी रहेगा। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।


महाकुम्भ 2025 में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर योगी सरकार ने वृहद तैयारी की है। जल, थल और नभ तीनों स्तर पर सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं। इन्हीं सुरक्षा इंतजामों को परखने के लिए शनिवार को उत्तर प्रदेश के डीजीपी प्रशांत कुमार प्रयागराज पहुंचे। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ ही उच्च अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की। इस दौरान उन्होंने मीडिया से वार्ता करते हुए स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रदेश पुलिस की प्राथमिकता में है और इसके लिए सभी स्तरों पर तैयारी पूरी कर ली गई है।


मीडिया के साथ बातचीत में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के निर्देश पर सुरक्षा की पुख्ता तैयारी की गई है। मुख्य स्नान के दिन जल, थल और नभ तीनों स्तर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि महाकुम्भ हमारे लिए बहुत बड़ा अवसर है, जब इस पूरी पृथ्वी पर इतना बड़ा मानव समागम होने जा रहा है। लगभग 40 से 50 करोड़ लोग इस 45 दिन में यहां पर आएंगे। बहुत बड़ी संख्या में विदेशी श्रद्धालु भी यहां पर उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि महाकुम्भ को लेकर पिछले कुछ माह से युद्ध स्तर पर तैयारी की जा रही हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर, इक्विपमेंट और मैनपॉवर सभी कुछ अनुकूल है। हमारी तैयारी भी अच्छी है और इसको और बेहतर बनाने के प्रयास कर रहे हैं। इस बार आपदा प्रबंधन फायर सेफ्टी तथा ट्रैफिक के लिए विशेष फंड्स जारी किए गए हैं।