Friday, 31 October 2025

आजमगढ़ देवगांव फर्जी दस्तावेजों से नौकरी हासिल करने वाली सहायक अध्यापिका की नियुक्ति रद्द वेतन की वसूली और प्रीति सिंह के विरुद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने का निर्देश


 आजमगढ़ देवगांव फर्जी दस्तावेजों से नौकरी हासिल करने वाली सहायक अध्यापिका की नियुक्ति रद्द



वेतन की वसूली और प्रीति सिंह के विरुद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने का निर्देश



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में राजकीय बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवगाँव में सहायक अध्यापक (अंग्रेजी) के पद पर नियुक्त प्रीति सिंह पुत्री वीरेंद्र कुमार सिंह की नियुक्ति फर्जी अंकपत्र और प्रमाणपत्रों के आधार पर प्राप्त करने के आरोप में निरस्त कर दी गई है। शिक्षा निदेशक (माध्यमिक), उत्तर प्रदेश प्रयागराज के आदेश दिनांक 01.08.2025 के तहत उनकी सेवा समाप्त करते हुए लिए गए वेतन की वसूली और उनके विरुद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।



जिला विद्यालय निरीक्षक उपेंद्र कुमार द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ को भेजे पत्र में उल्लेख किया गया है कि प्रभारी प्रधानाध्यापिका पूनम कन्नौजिया ने थानाध्यक्ष देवगाँव को 08.10.2025 को प्रार्थना पत्र भेजकर FIR दर्ज करने का अनुरोध किया था। हालांकि प्रीति सिंह ने नियुक्ति तिथि से अब तक कोई वेतन आहरित नहीं किया है। SSP से अनुरोध किया गया है कि थानाध्यक्ष को निर्देशित करें कि FIR दर्ज कर इसकी प्रति विद्यालय को उपलब्ध कराई जाए, ताकि शिक्षा निदेशालय प्रयागराज को प्रेषित की जा सके। पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, थानाध्यक्ष देवगाँव, प्रधानाचार्या और कार्यालय को भी भेजी गई है। मामले में पुलिस अधीक्षक ने 30.10.2025 को FIR दर्ज करने के निर्देश दिए थे।

उक्त निर्देश के अनुपालन में थाना देवगांव में प्रीति सिंह पुत्री वीरेंद्र कुमार सिंह के विरुध्द मुकदमा अपराध संख्या 401/2025 अंतर्गत धारा 318(4),336(3),340(2),338, भारतीय न्याय सहिंता (BNS) के तहत दर्ज किया गया है

Thursday, 30 October 2025

आजमगढ़ देवगांव 9 साल के बच्चे का गला काटने की कोशिश परिजनों की तलाश और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बची जान, आरोपी युवक हिरासत में


 आजमगढ़ देवगांव 9 साल के बच्चे का गला काटने की कोशिश



परिजनों की तलाश और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बची जान, आरोपी युवक हिरासत में



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के लालगंज तहसील क्षेत्र के दौना गांव में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। गांव के ही एक युवक ने 9 वर्षीय बच्चे मुहम्मद असजद का गला धारदार हथियार से काटने की कोशिश की। बच्चा अपने नाना के घर आया हुआ था और फज्र की नमाज अदा करने के बाद अकेले लौट रहा था। परिजनों ने समय रहते बच्चे को घायल अवस्था में पाया और अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी साकिब को हिरासत में ले लिया है।


जानकारी के मुताबिक, मुहम्मद असजद (9 वर्ष) निवासी नेगवां, थाना गंभीरपुर, अपने नाना हाजी फिरोज अहमद के घर दौना गांव में था। बुधवार सुबह वह नाना के साथ फज्र की नमाज पढ़ने गया। नमाज के बाद हाजी फिरोज इशराक की नमाज के लिए रुक गए, जबकि असजद अकेले घर की ओर चला। रास्ते में गांव का युवक साकिब उसे अपने घर ले गया और वहां धारदार हथियार से गला काटने की कोशिश की। काफी देर तक बच्चा घर न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। शक होने पर वे साकिब के घर पहुंचे, जहां पहले तो उसने बच्चे के होने से इन्कार किया, लेकिन अंदर जाकर परिजनों ने असजद को घायल पड़ा देखा। तुरंत उसे अस्पताल ले जाया गया और पुलिस को सूचित किया गया। कोतवाल देवगांव विमल प्रकाश राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया। जांच जारी है।

आजमगढ़ देवगांव 50 लाख की जमीन पर धोखाधड़ी, वारिसों के नाम हटाकर दूसरों के पक्ष में दर्ज महिला ने जिलाधिकारी से की FIR की मांग, लेखपाल की मिलीभगत का आरोप


 आजमगढ़ देवगांव 50 लाख की जमीन पर धोखाधड़ी, वारिसों के नाम हटाकर दूसरों के पक्ष में दर्ज



महिला ने जिलाधिकारी से की FIR की मांग, लेखपाल की मिलीभगत का आरोप



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के देवगांव थाना क्षेत्र के ग्राम रेतवा चंद्रभानपुर निवासी सर्वजीता ने अपने पति की 50 लाख रुपये से अधिक कीमत की जमीन पर कब्जे की साजिश का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा है। आरोप लगाया है कि स्थानीय प्रभावशाली लोगों ने राजस्व रिकॉर्ड में हेराफेरी कर वारिसों के नाम हटवाकर जमीन अपने पक्ष में दर्ज करा ली। सर्वजीता के अनुसार, करीब 10 दिन पहले गांव के जितेंद्र मिश्रा, उदयभान तिवारी, संतोष तिवारी और गढ़ौली निवासी रजनीकांत त्रिपाठी ने उनकी जमीन पर बाउंड्री बनाने की कोशिश की। मना करने पर असलहा दिखाकर धमकाया गया और कहा गया कि जमीन अब संतोष तिवारी के परिवार की है। सर्वजीता ने तहसील में रिकॉर्ड जांचा तो पता चला कि 9 जनवरी 2014 के राजस्व निरीक्षक के आदेश पर रवि शंकर, संतोष, हेमंत, अमित, शांति और बासमती के नाम वारिस के रूप में दर्ज कर दिए गए, जबकि असली वारिस सर्वजीता और उनके पुत्र रामनाथ, राजनाथ, देवनाथ हैं।


सर्वजीता ने आरोप लगाया कि हल्का लेखपाल की मिलीभगत से कागजातों में फर्जीवाड़ा किया गया। जमीन पर लगे पेड़-पौधे भी उनके द्वारा रोपित हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से सभी आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है, ताकि न्याय मिल सके।

आजमगढ़ अतरौलिया घर से खाना खाने निकले युवक की हादसे में हुई मौत सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर के आधार पर परिजनों ने किया शव की शिनाख्त


 आजमगढ़ अतरौलिया घर से खाना खाने निकले युवक की हादसे में हुई मौत



सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर के आधार पर परिजनों ने किया शव की शिनाख्त



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के गदनपुर तिराहे के पास नेशनल हाईवे-233 पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक शिव शंकर प्रजापति की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से युवक मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसकी नई बाइक के परखच्चे उड़ गए। सुबह करीब 6 बजे सड़क किनारे शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।


मृतक शिव शंकर प्रजापति (20), पुत्र रमेश प्रजापति, निवासी बड़ा गांव, पोस्ट केशवपुर, थाना अतरौलिया था। वह मंगलवार रात करीब 10 बजे किसी की नई बाइक लेकर खाना खाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन रातभर लौटा नहीं। फोन पर संपर्क नहीं होने से परिजन चिंतित थे। सुबह गांव के एक युवक ने सोशल मीडिया पर वायरल फोटो देखकर परिवार को सूचना दी, जिसके बाद चाचा ओमकार प्रजापति ने शव की शिनाख्त की। शिव शंकर दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर का था और घर पर रहकर पढ़ाई करता था। मां रीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देर रात अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे हादसा इतना भयावह था कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सुबह ग्रामीणों ने शव देखकर अतरौलिया पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ उपनिरीक्षक पवन कुमार सिंह, राजेंद्र सिंह और विनय यादव ने शव कब्जे में लिया। शुरुआत में पहचान नहीं होने पर पुलिस ने आसपास के थानों को सूचित करने के साथ सोशल मीडिया से मदद ली। थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आगे की विधिक कार्रवाई चल रही है और घटना को अंजाम देने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।

Tuesday, 28 October 2025

आजमगढ़ जहानागंज पोखरी में नहाते समय डूबने से छात्र की हुई मौत छठ पूजा के दौरान हुआ हादसा, त्यौहार की खुशियां मातम में बदली


 आजमगढ़ जहानागंज पोखरी में नहाते समय डूबने से छात्र की हुई मौत



छठ पूजा के दौरान हुआ हादसा, त्यौहार की खुशियां मातम में बदली



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के जहानागंज थाना क्षेत्र के अनेई ग्राम सभा अंतर्गत तरछा निवासी कक्षा 6 के छात्र मनीष यादव की मंगलवार सुबह लगभग 5:30 बजे पानी में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा छठ पूजा के दौरान गांव के सैयद बाबा की पोखरी में स्नान करते समय हुआ। अपनी बुआ की छठ पूजा के लिए गया मनीष अन्य साथियों के साथ डुबकी लगाने के बाद गहरे पानी में चला गया। कुछ देर बाद जब वह ऊपर नहीं आया तो किनारे छठ पूजा देख रहे लोगों ने पोखरी में खोजबीन शुरू किया। थोड़ी देर बाद उसे पानी से बाहर निकाला गया, परंतु तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।


 मृतक दो भाई व एक बहन में सबसे छोटा था। पिता लालजीत यादव दिल्ली में पेंटिंग का काम करते हैं। जबकि माता गीता यादव भी मायके गई थी। सूचना मिलने पर पहुंची माता का करुण क्रंदन देख सभी की आंखें नम हो जा रही थी। थोड़ी देर में जहानागंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। स्वजनों द्वारा पोस्टमार्टम न कराए जाने के अनुरोध पर पुलिस ने शव को उन्हें सौंप दिया। दाह संस्कार मगई नदी स्थित गड़िहवा घाट पर हुआ। मुखाग्नि बड़े भाई आनंद यादव ने दी। इस घटना से पूरे गांव में मातम छा गया।

आजमगढ़ फूलपुर माहुल तुम धर्म पूछ के मारे, हम घर में घुस के मारेंगे डाला छठ पर हिन्दू संगठनों ने लगाए पोस्टर लव जिहाद और सनातन संस्कृति पर जोर, बेटियों को सचेत करने का प्रयास


 आजमगढ़ फूलपुर माहुल तुम धर्म पूछ के मारे, हम घर में घुस के मारेंगे



डाला छठ पर हिन्दू संगठनों ने लगाए पोस्टर


लव जिहाद और सनातन संस्कृति पर जोर, बेटियों को सचेत करने का प्रयास



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के फूलपुर तहसील के माहुल कस्बे में डाला छठ पर्व के अवसर पर सिद्ध पीठ काली चौरा मंदिर परिसर सहित दो स्थानों पर हिन्दू संगठनों द्वारा जागरूकता पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों के माध्यम से हिन्दू बेटियों को लव जिहाद, सनातन संस्कृति और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टरों में कड़े संदेशों के साथ हिन्दू लड़कियों को सनातन संस्कृति से जोड़े रखने और लव जिहाद के खतरों से आगाह करने पर बल दिया गया है।


पोस्टरों में 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत लिखा गया है, "तुम धर्म पूछ के मारे थे, हम घर में घुस के मारेंगे। जाति नहीं धर्म पूछा, फिर मार दी गोली।" यह संदेश जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों द्वारा पर्यटकों की हत्या के संदर्भ में है। वहीं, 'देश की बेटी अपनी बेटी' पोस्टर में बेटियों पर बुरी नजर रखने वालों को चेतावनी दी गई है, जिसमें लिखा है, "रास्ते में खड़ी हर लड़की को घूरने वालों, भगवान तुम्हें चांद जैसी बेटी दे।" इसके अलावा, 'निर्णय तुम्हारा' पोस्टर में हिन्दू लड़कियों को सचेत करते हुए लिखा गया है, "सुन लो हिंदू लड़कियों, अब्दुल की दीवानी बनोगी तो फ्रीज और सूटकेस में ही निवास पाओगी, यदि सनातन शेरनी बनोगी तो झांसी की रानी और मां पद्मावती सी पूजी जाओगी।


भाजपा नेता और समाजसेवी सुजीत कुमार जायसवाल (आशु) ने बताया कि ये पोस्टर हिन्दू बेटियों को जागरूक करने और सनातन संस्कृति के प्रति सम्मान बढ़ाने के उद्देश्य से लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान सामाजिक जागरूकता का हिस्सा है।


 इस संबंध में अहरौला थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने कहा कि हिन्दू धर्म के त्योहारों के दौरान ये पोस्टर जागरूकता के लिए लगाए गए हैं और इसमें कोई आपत्तिजनक बात नहीं है।

आजमगढ़ अतरौलिया हेड कांस्टेबल की हुई मौत, पुलिस महकमे में शोक डायल 112 पर तैनात वीरेंद्र प्रताप की छठ पूजा ड्यूटी के दौरान बिगड़ी थी तबीयत


 आजमगढ़ अतरौलिया हेड कांस्टेबल की हुई मौत, पुलिस महकमे में शोक



डायल 112 पर तैनात वीरेंद्र प्रताप की छठ पूजा ड्यूटी के दौरान बिगड़ी थी तबीयत


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में छठ पूजा के दौरान ड्यूटी पर तैनात डायल 112 के हेड कांस्टेबल वीरेंद्र प्रताप सिंह यादव (48 वर्ष) की सोमवार को अचानक तबीयत बिगड़ने से मृत्यु हो गई। उनकी असामयिक मृत्यु से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। वीरेंद्र, चंदौली जिले के देबुआपुर, थाना धानापुर के निवासी थे और वर्तमान में थाना अतरौलिया में डायल 112 पर तैनात थे।


 जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र की ड्यूटी छठ पर्व के अवसर पर थाना अतरौलिया क्षेत्र के कड़सरा में शाम 3 बजे से लगी थी। ड्यूटी समाप्त कर वे अपने हमराही सिपाही के साथ थाने लौट रहे थे, तभी रास्ते में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। हमराही सिपाही ने तुरंत उन्हें संयुक्त चिकित्सालय अतरौलिया पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर अजय प्रताप सिंह ने बताया कि वीरेंद्र 1997 बैच के सिपाही थे। उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। शव को थाने पर रखा गया है और परिजनों के आने के बाद उसे सुपुर्द किया जाएगा।