Saturday, 16 August 2025

वाराणसी लुटेरी दुल्हन पूजा गिरफ्तार रुपये लिए शादी की, फिर अपहरण का आरोप लगा हो गई फरार


 वाराणसी लुटेरी दुल्हन पूजा गिरफ्तार



रुपये लिए शादी की, फिर अपहरण का आरोप लगा हो गई फरार



उत्तर प्रदेश, वाराणसी मिर्जामुराद क्षेत्र के रिंग रोड रखौना गांव के पास से बीती रात में एक लुटेरी दुल्हन पकड़ी गई। वहीं, उसके अन्य सहयोगी फरार हो गए। मिर्जामुराद पुलिस ने लुटेरी दुल्हन सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई में जुट गई।


 जानकारी के अनुसार, राजस्थान के अलवर जनपद के राजगढ़ निवासी भानु जागा ने बताया कि मेरे भाई गिरीश की शादी नहीं हुई है। मोबाईल से संपर्क में आने पर नंदलाल निवासी युसुफपुर, जमनिया (गाजीपुर) से शादी करवाने की गारंटी पर बात तय हो गई। इसके बाद एक लाख 80 हजार रुपया लेकर गाजीपुर आने के लिए कहा गया। हम लोग परिवार सहित पहुंचे और रकम सुपुर्द कर दिया। जहां पूजा नाम की एक महिला को बुलाया गया, जो अपने को अविवाहित बताई। वही के एक होटल में गिरीश जागा और पूजा के बीच शादी संपन्न हो गई। इसके बाद हम सपरिवार साधन से घर के लिए जा रहे थे कि मिर्जामुराद स्थित रखौना रिंग रोड के पास पेट दर्द का बहाना बना कर अपहरण करने का शोर मचाते भागने लगी। सूचना पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस सभी को थाने लाई और पूछताछ किया गया।


 मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि लुटेरी दुल्हन पूजा, किरण, निशा निवासी ग्राम छाव, थाना दुर्गावती जनपद भभुआ (बिहार) व जालसाज नंदलाल निवासी जमनिया (गाजीपुर) सहित चार के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई है। पकड़ी गई पूजा से पूछताछ जारी है।

आजमगढ़ कप्तानगंज हादसे में युवक की मौत, सड़क पर बिखरी पड़ी थी लाश पास ही स्टार्ट हालत में खड़ी मिली बाइक, अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज


 आजमगढ़ कप्तानगंज हादसे में युवक की मौत, सड़क पर बिखरी पड़ी थी लाश




पास ही स्टार्ट हालत में खड़ी मिली बाइक, अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के लखमीपुर पेट्रोल पंप के समीप एनएच-28 पर शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान तमरुआ गांव निवासी विनोद निषाद (28) पुत्र टिल्ठू निषाद के रूप में हुई।

वह सुबह बाइक से घर से निकला था, तेल भराने और कुछ कागजात आनलाइन कराने के लिए। पेट्रोल पंप से करीब 100 मीटर पूर्व उसकी क्षतिग्रस्त लाश सड़क किनारे डिवाइडर के पास पड़ी मिली, जबकि पास ही स्टार्ट हालत में बाइक खड़ी थी। ग्रामीणों का अनुमान है कि विनोद लघुशंका के बाद सड़क पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी।


सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई मनोज निषाद ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। मृतक पांच भाइयों और एक बहन में तीसरे नंबर का था, दो बच्चों का पिता था और लुधियाना में सिलाई-कढ़ाई का कार्य करता था। मई में भाई की शादी में शामिल होने वह घर आया था। घटना से पत्नी सीमा और मां सावित्री देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।


 वहीं, कप्तानगंज थाना प्रभारी देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आजमगढ़ जहानागंज विवाहिता की संदिग्ध मौत, नदी में मिला शव शादी के बाद दहेज के लिए उत्पीड़न, पंचायत के बाद भी नहीं सुलझा विवाद मंदिर में हुआ था प्रेम विवाह, ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और हत्या का मुकदमा दर्ज


 आजमगढ़ जहानागंज विवाहिता की संदिग्ध मौत, नदी में मिला शव



शादी के बाद दहेज के लिए उत्पीड़न, पंचायत के बाद भी नहीं सुलझा विवाद


मंदिर में हुआ था प्रेम विवाह, ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और हत्या का मुकदमा दर्ज


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के तरवां थाना क्षेत्र के पकड़ी कला गांव निवासी गंगा प्रसाद की 18 वर्षीय विवाहित बेटी प्रीति का शव शुक्रवार सुबह मंगई नदी में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। शव ससुराल से करीब 2 किलोमीटर दूर रासेपुर के पास नदी में उतराता हुआ पाया गया। सूचना पर पहुंची जहानागंज थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा और जांच शुरू कर दी है।


प्रीति के परिजनों के अनुसार, प्रीति की शादी 21 नवंबर 2024 को नेतपुर, जहानागंज निवासी सूरज कुमार से मंदिर में हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे, लेकिन प्रीति के परिजन इस शादी के लिए तैयार नहीं थे। मामला जहानागंज थाने पहुंचा, जहां पुलिस की मध्यस्थता में दोनों की शादी कराई गई। शादी के कुछ दिनों बाद ही ससुराल वालों ने प्रीति को दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। इस मुद्दे पर तीन बार पंचायत हुई, और मामला थाने तक भी पहुंचा, लेकिन समझौते के बाद भी विवाद पूरी तरह शांत नहीं हुआ।


परिजनों का आरोप है कि गुरुवार को सूरज अपनी पत्नी प्रीति को साथ लेकर कहीं गया और शाम को अकेले घर लौट आया। शुक्रवार सुबह 5:30 बजे प्रीति का शव मंगई नदी में मिला। पुलिस को शव के पास प्रीति का आधार कार्ड और ई-श्रम कार्ड भी बरामद हुआ, जिसके आधार पर मायके वालों को सूचना दी गई। मायके वालों ने शव की पहचान अपनी बेटी के रूप में की और ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाते हुए जहानागंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई।


पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच कर रही है। प्रीति की मौत की परिस्थितियां संदिग्ध होने के कारण पुलिस सूरज और उसके परिवार से पूछताछ कर रही है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश है, और परिजन कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Friday, 15 August 2025

वाराणसी सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 8 युवतियों समेत 12 लोग गिरफ्तार पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई, कई आपत्तिजनक सामग्री बरामद


 वाराणसी सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 8 युवतियों समेत 12 लोग गिरफ्तार



पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई, कई आपत्तिजनक सामग्री बरामद



उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद के भिखारीपुर (चितईपुर) में गुरुवार रात चितईपुर पुलिस और एसओजी-2 की टीम ने एचबी पेइंग गेस्ट हाउस पर छापेमारी कर सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया। स्थानीय लोगों की सूचना पर शुरू हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से चार युवकों और आठ युवतियों को हिरासत में लिया।


छापेमारी के दौरान गेस्ट हाउस संचालक सूरज पांडेय, उनके भाई आकाश पांडेय, सहयोगी मनीष कुमार और कर्मचारी हबीबुर्रहमान सहित दो ग्राहकों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कमरों से यौनवर्धक दवाएं और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। पकड़ी गई युवतियों में एक चंदौली, एक गाजीपुर और शेष वाराणसी की निवासी हैं। पूछताछ और जांच जारी है।

सभी देश वासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं


 




Thursday, 14 August 2025

आजमगढ़ हत्या के आरोपी को सश्रम आजीवन कारावास एक लाख रुपए अर्थ दंड भी, सबूत के अभाव में 5 आरोपी दोषमुक्त


 आजमगढ़ हत्या के आरोपी को सश्रम आजीवन कारावास




एक लाख रुपए अर्थ दंड भी, सबूत के अभाव में 5 आरोपी दोषमुक्त




उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ जनपद में हत्या के मुकदमे में सुनवाई पूरी करने के बाद अदालत ने एक आरोपी को सश्रम आजीवन कारावास तथा एक लाख रुपए अर्थ दंड की सजा सुनाई। जबकि पर्याप्त सबूत के अभाव में पांच आरोपियों को दोष मुक्त कर दिया। यह फैसला जिला एवं सत्र न्यायाधीश जय प्रकाश पांडेय ने गुरुवार को सुनाया।


अभियोजन पक्ष के अनुसार सिधारी थाना क्षेत्र के चकभाई खां ग्राम में 2 दिसंबर 2018 को रामप्यारे यादव के यहां गृहप्रवेश था। इस गृह प्रवेश में वादी मुकदमा देवराज निवासी चकभाई खा का लड़का प्रवेश तथा उसका मित्र धनपाल शामिल होने गए थे। वहीं पर इन दोनों का गांव के शैलेंद्र निवासी चक बिलंदा और सुरेंद्र निवासी चक नवाज से विवाद हो गया। सुरेंद्र तथा शैलेंद्र के पक्ष में गांव के प्रधान गोपाल यादव और उनके भाई राम जन्म, महेंद्र तथा शिव जन्म वहां पर आ गए। इस विवाद में गोपाल यादव ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से गोली चला दी। जिससे प्रवेश और धनपाल घायल हो गए।अस्पताल ले जाते समय धनपाल की मौत हो गई। पुलिस ने जांच पूरी करने के बाद मुकदमे में कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दिया। 


अभियोजन पक्ष की तरफ से शासकीय जिला शासकीय अधिवक्ता प्रियदर्शी पियूष त्रिपाठी ने कुल नौ गवाहों को न्यायालय में परीक्षित कराया। दोनों पक्षों के दलीलों को सुनने के बाद अदालत में आरोपी गोपाल को सश्रम आजीवन कारावास तथा एक लाख रुपए के अर्थदंड की सजा सुनाई ।जबकि आरोपी शैलेंद्र, सुरेंद्र ,महेंद्र, रामजन्म तथा शिवजन्म को पर्याप्त सबूत के अभाव में दोष मुक्त कर दिया।

आजमगढ़ फूलपुर जांच के नाम पर रिश्वत मांगने का ऑडियो वायरल, सचिव और प्रधान पर सवाल सचिव ने की 15 हजार की मांग, ठेकेदारों से पैसे जुटाने की सलाह खण्ड विकास अधिकारी ने लगाई फटकार, सचिव के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी

आजमगढ़ फूलपुर जांच के नाम पर रिश्वत मांगने का ऑडियो वायरल, सचिव और प्रधान पर सवाल


सचिव ने की 15 हजार की मांग, ठेकेदारों से पैसे जुटाने की सलाह


खण्ड विकास अधिकारी ने लगाई फटकार, सचिव के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के फूलपुर ब्लाक के भेड़िया गांव के प्रधान लक्खी लाल और सचिव ओमप्रकाश यादव का एक ऑडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस ऑडियो में सचिव कथित तौर पर जांच के नाम पर प्रधान से 15 हजार रुपये लिफाफे में देने की मांग कर रहे हैं। ऑडियो में सचिव डीएम की सख्ती और जांच कमेटी का हवाला देकर पैसा मांगते हुए कह रहे हैं कि ब्लाक स्तर पर ही जांच टीम को "मैनेज" कर लिया जाएगा। अगर गांव तक जांच पहुंची तो मामला बिगड़ सकता है।


ऑडियो में सचिव प्रधान को सुझाव देते हैं कि अगर उनके पास पैसे नहीं हैं, तो ब्लाक के ठेकेदारों दीपक या चौहान से पैसे मांग लें। ऑडियो के वायरल होने के बाद यह मामला ब्लाक से लेकर गांव तक चर्चा का विषय बन गया है।


सचिव ओमप्रकाश यादव ने ऑडियो को फर्जी बताते हुए कहा कि यह उनकी आवाज नहीं है। उन्होंने दावा किया कि प्रधान भी इस बात से सहमत हैं कि ऑडियो कहां से आया, यह समझ नहीं आ रहा। वहीं, ग्राम प्रधान लक्खी लाल ने स्वीकार किया कि उनसे जांच के नाम पर 15 हजार रुपये की मांग की गई थी और पैसा लिया भी गया। उन्होंने कहा कि इस तरह का लेन-देन होता रहता है।


खण्ड विकास अधिकारी (बीडीओ) इशरत रोमेल ने बताया कि ऑडियो सुनने के बाद सचिव को फटकार लगाई गई है। उन्होंने कहा कि सचिव से स्पष्टीकरण मांगा गया है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, ब्लाक के अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी इस मामले में सवाल खड़े कर रही है।