Monday, 16 October 2023

आजमगढ़ सिधारी फर्जी मजिस्ट्रेट को पुलिस ने किया गिरफ्तार नौकरी दिलाने के नाम पर करता था ठगी 2015 में सचिवालय लखनऊ में नौकरी से कर दिया गया था बाहर


 आजमगढ़ सिधारी फर्जी मजिस्ट्रेट को पुलिस ने किया गिरफ्तार


नौकरी दिलाने के नाम पर करता था ठगी


2015 में सचिवालय लखनऊ में नौकरी से कर दिया गया था बाहर


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ थाना सिधारी पुलिस द्वारा एक फर्जी मजिस्ट्रेट को गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों के साथ ठगी करता था। इतना ही नहीं वह फर्जी मजिस्ट्रेट लिखी गाड़ी से चलता था। पुलिस ने गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया।

14 अक्टूबर को काशिफ पुत्र असलम, निवासी सा0 मुहल्ला सिधारी (पठानटोली) थाना सिधारी द्वारा थाने में शिकायत किया गया था कि जियाउल इस्लाम सिद्दीकी पुत्र शकील अहमद सिद्दीकी सा0 धकेरा तहसील लहरपुर जनपद सीतापुर ने जाहिद उर्फ गोलू को नौकरी दिलाने के नाम पर 14 लाख रूपये ले लिया। सिधारी पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया। जिसकी विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक धनराज सिंह द्वारा की जा रही है। 15 अक्टूबर को सायं 5.20 बजे वरिष्ठ उपनिरीक्षक धनराज सिंह ने अभियुक्त जियाउल इस्लाम सिद्दीकी को हाइडिल चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 95000 हजार रूपये नगद, 02 परिचय पत्र सचिवालय उत्तर प्रदेश शासन, 01 आधार कार्ड कूट रचित, 01 गाड़ी 4 पहिया, 03 कूट रचित नम्बर प्लेट, 03 मोबाईल बरामद हुया।


 पुलिस के अनुसार पूछताछ में अभियुक्त जियाउल इस्लाम सिद्दीकी ने बताया कि मैं वर्ष 2001 में संविदा पर सचिवालय लखनऊ में नौकरी करता था। वर्ष 2015 में मेरी छटनी कर निकाल दिया गया। मै उसी का लाभ उठाकर फर्जी परिचय पत्र मजिस्ट्रेट के नाम से लखनऊ सचिवालय से बनवाकर तथा गाड़ी में मजिस्ट्रेट का फर्जी बोर्ड लगाकर चलता हूँ और नौकरी आदि दिलाने के नाम पर इसी परिचय पत्र को दिखाकर लोगो से पैसा ले लेता था।

आजमगढ़ गम्भीरपुर थानाध्यक्ष के खिलाफ फैलाई गई अफवाह पंडाल के आयोजकों ने बताई घटनाक्रम की हकीकत


 आजमगढ़ गम्भीरपुर थानाध्यक्ष के खिलाफ फैलाई गई अफवाह


पंडाल के आयोजकों ने बताई घटनाक्रम की हकीकत


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ थाना गम्भीरपुर के मोहम्मदपुर बाजार में नवरात्र के पहले दिन थानाध्यक्ष द्वारा क्षेत्र में पंडाल का भ्रमण कर पंडाल आयोजकों को सरकार द्वारा दिए गए निर्देशों से अवगत और कहा कि व्यवस्था सुदृढ़ हो जिससे कि पंडाल में आने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। सड़कों के किनारे लगे हुए पंडालों में आने और जाने के मार्ग को लेकर भी दिशा-निर्देश दिया।


बता दें कि मोहम्मदपुर बाजार में एक अफवाह फैल गई कि थानाध्यक्ष द्वारा परमिशन को लेकर के पंडाल आयोजक को फटकार लगाई गई पर यह बात पूरी तरह अफवाह निकली। जब इस मामले की जानकारी ली गई तो यह बात सामने आई कि किसी भी तरह की अनहोनी के रोकथाम को लेकर थानाध्यक्ष द्वारा सिर्फ सरकार द्वारा दिये गये निर्देशों के बारे में अवगत कराया गया। वहीं कुछ लोगों द्वारा यह अफवाह उड़ाई गई कि पूजा अर्चन को लेकर रोक लगाया जा रहा है, जबकि जमीनी हकीकत में ऐसा कुछ भी नजर नहीं आया।


 इस बावत जब मोहम्मदपुर के पंडालों में जाकर आयोजकों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि थानाध्यक्ष द्वारा आकर के पंडाल के बारे में जानकारी ली गई और सरकार द्वारा दिए गए गाइडलाइन क्या-क्या हैं उसके बारे में बताया गया। थानाध्यक्ष द्वारा यह बताया गया कि बिना परमिशन के किसी भी पंडाल की व्यवस्थाओं को सुचारू से चलने में अगर कोई अनहोनी होती है तो उसका जिम्मेदार पंडाल आयोजक होगा। इस मामले में थानाध्यक्ष गम्भीरपुर स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि पंडाल के सामने लोग हाईवे पर चटाई बिछा के बैठे थे इसके लिए लोगों को इस संदर्भ में बताया कि यहां बैठना खतरे से खाली नहीं है आप लोग अंदर बैठिए और एक वैकल्पिक बाउंड्री बना लीजिए जिससे कि कोई घटना न हो।

जौनपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय व जनपद के समस्त पुलिस कर्मियों को बाल विवाह रोकने हेतु दिलाई गयी शपथ


 

जौनपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय व जनपद के समस्त पुलिस कर्मियों को बाल विवाह रोकने हेतु दिलाई गयी शपथ


उत्तर प्रदेश जौनपुर आज दिनांक-16.10.2023 को क्षेत्राधिकारी नगर, कुलदीप कुमार गुप्ता व क्षेत्राधिकारी सदर, संत प्रसाद द्वारा कार्यालय पुलिस अधीक्षक पर कार्यालय के समस्त कर्मियों को बाल विवाह रोकने हेतु शपथ दिलायी गयी।


इसी क्रम में जनपद जौनपुर के समस्त थानो में पुलिस कर्मियों को बाल विवाह मुक्त प्रदेश बनाये जाने की शपथ दिलायी गयी कि “शपथ लेता हुं कि मैं बाल विवाह के खात्मे का हरसंभव प्रयास करुंगा ताकि हर लड़की स्वतंत्र, सुरक्षित और शिक्षित हो सके”।

नवरात्रि के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं


 




Sunday, 15 October 2023

आजमगढ़ सिधारी भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद, एक गिरफ्तार कैन्टेनर में पंजाब/हरियाणा प्रान्त की बनी अवैध अंग्रेजी शराब बिहार ले जा रहा था तस्कर


 आजमगढ़ सिधारी भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद, एक गिरफ्तार


कैन्टेनर में पंजाब/हरियाणा प्रान्त की बनी अवैध अंग्रेजी शराब बिहार ले जा रहा था तस्कर


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ सिधारी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार अभियुक्त द्वारा कैन्टेनर में पंजाब/हरियाणा प्रान्त की बनी 1471 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब लादकर बिहार प्रान्त ले जाया जा रहा था। 14 अक्टूबर को थानाध्यक्ष सिधारी योगेन्द्र बहादुर सिंह को मुखबिर द्वारा सूचना दी गई कि आजमगढ़ की तरफ से 1 कैन्टेनर में पंजाब/हरियाणा प्रान्त की बनी अवैध अंग्रेजी शराब बैठौली तिराहा होते हुये बिहार प्रान्त जाने वाली है।


 सिधारी पुलिस द्वारा बैठौली तिराहे पर चेकिगं प्रारम्भ कर दी गयी। इस दौरान आजमगढ़ की तरफ से आ रही कैन्टेनर को रोककर चेक किया गया तो कैन्टेनर के अन्दर पुराने कैरेट के आड़ में अवैध शराब की अलग-अलग ब्रान्ड की 122 पेटी शराब बरामद हुई। पुलिस ने एक अभियुक्त राम अशीष पुत्र सर्वजीत नि0 ग्राम करनपुर थाना नरही जनपद बलिया को करीब बीती रात 11.45 बजे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि मैं और कन्हैया सिंह पुत्र चन्द्रपाल सिंह नि0 नवादा थाना गड़वार जिला बलिया मिलकर शराब का धन्धा करते हैं, कन्हैया सिंह के ही कहने पर इस गाड़ी से अवैध शराब मोशली हरियाणा से बिहार लेकर जा रहा था। कन्हैया मुझसे बिहार में मिलने वाला था। वहीं हम लोग इस अवैध शराब को ऊंचे दामों में बेच देते हैं। बिहार में किसको बेचा जाता है उसके बारे में सिर्फ कन्हैया ही जानता हैं।

आजमगढ़ निजामाबाद, रेवरा परवेजपुर गांव में आमने-सामने हुए 2 समुदाय, गांव में फोर्स तैनात मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर बिगड़ा मामला


 आजमगढ़ निजामाबाद, रेवरा परवेजपुर गांव में आमने-सामने हुए 2 समुदाय, गांव में फोर्स तैनात



मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर बिगड़ा मामला



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ के रेवरा परवेजपुर गांव में नवरात्र के पहले ही दिन नई जगह पर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर दो समुदाय आमने-सामने हो गए। सूचना पर पहुंचे एसडीएम निजामाबाद ने मौके से प्रतिमा को हटवा कर दूसरी जगह रखवाया। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए फोर्स तैनात है। निजामाबाद थाना क्षेत्र के रेवरा परवेजपुर गांव में एक सार्वजनिक जगह है। जहां दो समुदाय से आने वाले परिवारों की जमीनें आपस में मिलती हैं। उक्त जमीन पर रविवार को नवरात्र के पहले ही दिन कुछ लोगों ने मां दुर्गा की प्रतिमा को स्थापित कर दिया। एक पक्ष के इस कवायद का दूसरे समुदाय के लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। मामला तनातनी तक पहुंच गया और हाथापाई तक की नौबत आ गई। 


सूचना पर निजामाबाद पुलिस के साथ ही एसडीएम निजामाबाद संतरंजन मौके पर पहुंच गए। नई परंपरा की शुरुआत होने की जानकारी होते ही एसडीएम ने तत्काल स्थापित की गई प्रतिमा को मौके से हटवा दिया और गांव के ही एक व्यक्ति के घर के सामने रखवा दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के साथ बैठक कर समझाबुझा कर शांत कराया। शाम तक एसडीएम व अन्य जिम्मेदार गांव में ही थे। तनाव व विवाद को देखते हुए गांव में भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है। एसडीएम संत रंजन ने कहा कि नई जगह पर प्रतिमा की स्थापना से विवाद कीस्थिति उत्पन्न हुई थी। दोनों पक्ष से बातचीत कर मामले को शांत करा दिया गया है। माहौल पूरी तरह से शांत है। शांति व्यवस्था कायम रखने को लेकर गांव में फोर्स तैनात है।

Saturday, 14 October 2023

आजमगढ़ अहरौला धारदार हथियार से युवक की गला रेतकर हत्या आला अधिकारी सहित पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची


 आजमगढ़ अहरौला धारदार हथियार से युवक की गला रेतकर हत्या


आला अधिकारी सहित पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ अहरौला थाना क्षेत्र के अन्तर्गत अहरौला-अंबारी मार्ग पर सकतपुर बरामदपुर स्थित सड़क के किनारे अड्डी के बगल में खून से लथपथ युवक का शव मिलने पर हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना पर थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे और पुलिस अधीक्षक यातायात संजय कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गये और जांच पड़ताल शुरू कर दी।



 अहरौला थाना क्षेत्र के सकतपुर बरामदपुर सड़क से लगभग पचास मीटर की दूरी पर स्थित गिट्टी बालू के अड्डी पर सुबह लगभग साढ़े दस बजे मजदूर बालू लादने ट्रैक्टर लेकर पहुंचे थे, अड्डी से लगभग 20 मीटर की दूरी पर एक व्यक्ति पड़ा हुआ दिखाई दिया, पहले तो मजदूरों ने उसे शराब पीकर सोया हुआ जानकर अनदेखा कर दिया। बाद में जब निगाह पड़ी तो उसका पूरा शरीर खून से लथपथ था, जब लोग उसके नजदीक जाकर देखें तो हैरान रह गए क्योंकि वह हत्या कर फेंका गया किसी युवक का शव था। मजदूरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना पूरे क्षेत्र में आग की तरह फैल गई जिससे मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।


 युवक के गले पर किसी नुकीले धारदार से काटा गया था और उसके चेहरे एवं सर से काफी खून रिस रहा था, एक आंख पर चोट के निशान थे। शव को देखने से यह प्रतीत हो रहा था कि कहीं अन्यत्र उसकी हत्या करके भोर में शव यहां लाकर फेंक दिया गया है। पुलिस ने मृतक की पहचान करवाने की कोशिश की लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। मौके पर पहुंचे एसपी ट्रैफिक संजय कुमार ने घटना के खुलासे व शव के पहचान के लिए थानाध्यक्ष सहित लोगों को जिम्मेदारी सौंपी।