Thursday, 2 February 2023

आजमगढ़ पशुशाला में लगी आग, बीस मवेशियों की मौत महराजगंज क्षेत्र के नौबरार देवारा जदीद किता प्रथम गांव की घटना


 आजमगढ़ पशुशाला में लगी आग, बीस मवेशियों की मौत


महराजगंज क्षेत्र के नौबरार देवारा जदीद किता प्रथम गांव की घटना


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ महराजगंज थाना क्षेत्र के नौबरार देवारा जदीद किता प्रथम गांव में बुधवार की रात अज्ञात कारणों से पशुशाला में लगी आग के चलते अंदर बंधे बीस मवेशियों की झुलसकर मौत हो गई। इस घटना में लाखों की क्षति आंकी गई है।


नौबरार देवारा जदीद किता प्रथम (औघड़गंज) गांव निवासी इंद्रदेव यादव की छप्पर से बनी पशुशाला घर के बगल में स्थित है। रोज की भांति बुधवार की रात पशुशाला में छह भैंस,चार पड़िया तथा दस बकरियां बांधी गई थीं। देर रात करीब 11 बजे अचानक पशुशाला से उठ रही आग की लपटों को देख परिजनों के शोर मचाने पर गांव के लोग भागकर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों द्वारा आग बुझाने का प्रयास किया गया लेकिन आग बुझने का नाम नहीं ले रही थी। घटना की जानकारी अग्नि शमन विभाग को दी गई। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। लगभग दो घंटे तक हुई कोशिश के बाद आग पर काबू पाया जा सका लेकिन तब तक पशुशाला में बंधे मवेशी झुलसकर दम तोड़ चुके थे।


 गुरुवार की सुबह मौके पर पहुंचे पशु चिकित्सक द्वारा किए गए स्थलीय निरीक्षण के उपरांत मृत मवेशियों को जेसीबी की मदद से गड्ढा खोदकर दफना दिया गया। इस घटना में लाखों का नुकसान बताया जा रहा है। पीड़ित पशु मालिक ने सगड़ी तहसील प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।

आगरा दोस्त ने ही लड़की की बोली लगाकर करवाया गैंगरेप देह व्यापार में ढकेला, 3 महिला सहित 7 गिरफ्तार


 आगरा दोस्त ने ही लड़की की बोली लगाकर करवाया गैंगरेप


देह व्यापार में ढकेला, 3 महिला सहित 7 गिरफ्तार



आगरा में जिस दोस्त के लिए किशोरी ने घर छोड़ा उसी ने उसे देह व्यापार में धकेल दिया। बोली लगाकर एक रात में तीन लोगों ने किशोरी के साथ गैंगरेप किया। बाल कल्याण समिति के निर्देश पर ताजगंज थाने में गैंगरेप, देह व्यापार निवारण अधिनियम और पॉक्सो एक्ट में मुकदमा लिखा गया। ताजगंज पुलिस ने तीन महिलाओं सहित सात लोगों को दबोचा है। एक आरोपी फरार है।


ताजगंज क्षेत्र निवासी 15 वर्षीय किशोरी कुबेरपुर स्थित मीट फैक्टरी में पैकिंग का काम करती थी। फैक्टरी में समीर से दोस्ती थी। 26 जनवरी को किशोरी घर से भागकर समीर के पास पहुंची। एक रात समीर ने उसे अपने घर रखा। दूसरे दिन कुबेरपुर निवासी फरजाना नाम की महिला को सौंप दिया। फरजाना दूसरी महिला आसमां के साथ किशोरी को टेढ़ी बगिया ले गई। वहां उसे मीना नाम की महिला के सुपुर्द कर दिया। मूलत रामनगर, खंदौली निवासी मीना देह व्यापार में लिप्त है। किशोरी को उसने अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। उसे टेढ़ी बगिया के एक मकान में रखा गया। यामीन नामक युवक किशोरी की निगरानी करता था।


28 जनवरी की रात किशोरी की बोली लगी थी। कमला नगर निवासी संजीव मित्तल, आवास विकास निवासी योगेश सहित तीन लोग ग्राहक बनकर पहुंचे। तीनों ने किशोरी के साथ गैंगरेप किया। किशोरी मौका मिलते ही भाग निकली। न्यू आगरा थाने में पुलिस को आपबीती सुनाई। किशेरी को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया। पुलिस ने किशोरी के बयान दर्ज कराए हैं।

किशेरी ने पुलिस को बताया कि 28 जनवरी को मीना ने मेकअप कर कई तस्वीरें लीं। कहा, नौकरी के लिए फोटो व्हाट्सऐप पर भेजेगी। ग्राहक बनकर पहुंचे कमला नगर निवासी संजीव मित्तल ने किशोरी की सबसे महंगी बोली लगाई। पुलिस ने जांच को आरोपियों के मोबाइल जब्त किए हैं। पुलिस ने सबसे पहले किशोरी के दोस्त समीर को पकड़ा। उसके बाद फरजाना, आसमां, मीना और यामीन को दबोचा। 


आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने कमला नगर निवासी संजीव मित्तल और आवास विकास निवासी योगेश को पकड़ा। दुराचार का तीसरा आरोपित फरार है।

आजमगढ़ सरायमीर, ताबड़तोड़ एनकाउंटर में एक और इनामी को लगी गोली 24 घंटे के अंदर फरार अपराधी को पुलिस ने लिया हिरासत


 आजमगढ़ सरायमीर, ताबड़तोड़ एनकाउंटर में एक और इनामी को लगी गोली


24 घंटे के अंदर फरार अपराधी को पुलिस ने लिया हिरासत



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ ताबड़तोड़ एनकाउंटर में पुलिस ने 24 घंटे के अंदर एक और 25,000 रू के इनामी को गिरफ्तार करने का दावा किया है। मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी है जिसे इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घायल बदमाश की पहचान मिथिलेश कुमार पुत्र महेंद्र निवासी गौसपुर थाना निजामाबाद के रूप में की गई है।


बता दें कि जहानागंज पुलिस द्वारा मुठभेड़ में 1 फरवरी की सुबह बदमाश संतोष सिंह पुत्र स्व0 चन्द्र प्रकाश सिंह निवासी तिलहुवां थाना निजामाबाद को हिरासत में लिया गया था, इस दौरान पुलिस को चकमा देकर भागने वाले बदमाश सतीश सिंह उर्फ छोटू पूत्र स्व0 प्रदीप सिंह निवासी धनहुवां थाना जहानागंज और मिथलेश कुमार पुत्र महेन्द्र निवासी गौसपुर थाना निजामाबाद की गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने 25-25 हजार रू का इनाम घोषित किया था।


अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण राहुल रूसिया ने बताया कि 1 फरवरी की रात को थाना सरायमीर पुलिस को मुखबिर द्वारा पता चला कि बैटरी चोरी के विभिन्न अभियोगों में वांछित अभियुक्त मिथलेश बिना नंबर की मोटर साइकिल से हसनपुर चौराहे की तरफ जा रहा है। सरायमीर पुलिस द्वारा हसनपुर चौराहे पर चेकिंग शुरू कर दी गई। इस दौरान देखा गया कि एक अभियुक्त बिना नंबर की गाड़ी को तेजी से भगाते हुए जा रहा है, पुलिस द्वारा जब उसका पीछा किया गया है तो उसने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया, पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह लड़खड़ा कर गिर गया।


 पुलिस ने अभियुक्त मिथलेश को हिरासत में ले लिया। उसे इलाज के लिए स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया गया। अभियुक्त मिथलेश कुमार पुत्र महेन्द्र निवासी गौसपुर थाना निजामाबाद मोबाइल टावर से बैटरी व अन्य कीमती सामान चोरी करने की घटनाओं में वांछित है। अभियुक्त के पास से अवैध तमंचा कारतूस व एक बाइक बरामद की गई है।

Wednesday, 1 February 2023

आजमगढ़ महिला ने सब इंसपेक्टर और हमराहियों पर लगाये गंभीर आरोप पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंप मांगा न्याय


 आजमगढ़  महिला ने सब इंसपेक्टर और हमराहियों पर लगाये गंभीर आरोप


पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंप मांगा न्याय


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जनपद के रौनापार थानांतर्गत आराजी नौबरार करखिया किता प्रथम निबिहवा गांव निवासिनी महिला ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर एसआई और उनके हमराहियों पर घर में घुसकर परेशान करने, जानमाल की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया है।


एसपी को सौंपे गए ज्ञापन में मोसम्मी पत्नी सुरेन्द्र प्रसाद का आरोप है कि बीते 18 जनवरी 2023 को उसके घर भाई खिचड़ी लेकर आए थे, मौके पर पूर्व व वर्तमान प्रधान भी मौजूद थे। आरोप है कि रात्रि साढे नौ बजे एसआई छह पुलिसकर्मी उसे घर पर अचानक आए और दरवाजा खुलवाकर घर के अंदर घुस गए उनके साथ कोई भी महिला पुलिसकर्मी नही होने के बावजूद पूरे घर की तलाशी ली गई और कारण पूछने पर दुर्व्यवहार किया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा उसकी पुत्री को धक्का देकर चोटिल भी किया गया। पुलिस की गाड़ी और तेज आवाज सुनकर आस-पास के ग्रामीण भी जुट गए।


पीड़िता का आरोप है कि उक्त पूरे मामले का वीडियो रिकार्डिंग यूपी पुलिस, डीआईजी, डीजीपी, सीएम को भेजकर अवगत कराए जाने के बाद पुलिसकर्मियों द्वारा लगातार परिजनों को अंजाम भुगतने की धमकी दी जा रही है। पीड़िता ने बुधवार को शिकायती पत्र सौंपकर उक्त आरोपी पुलिसकर्मियों का स्थानांतरण अन्यंत्र कहीं कराकर निष्पक्ष जांच और जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

आजमगढ़ 3 सगे भाईयों को आजीवन कारावास की सजा जमीनी विवाद में गोली मारकर किया था हत्या

आजमगढ़ 3 सगे भाईयों को आजीवन कारावास की सजा


जमीनी विवाद में गोली मारकर किया था हत्या


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ हत्या के मुकदमे में सुनवाई पूरी करने के बाद अदालत ने तीन सगे भाइयों को आजीवन कारावास तथा प्रत्येक को दस दस हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई। यह फैसला अपर सत्र न्यायाधीश कोर्ट नंबर आठ धनंजय कुमार मिश्रा ने सुनाया। अभियोजन कहानी के अनुसार पुरानी मेहनगर कस्बे के निवासी दशरथ सेठ पुत्र ठाकुर प्रसाद अपने भाई जयप्रकाश के साथ 5 जुलाई 1997 को एक गांव में जेवर दे कर घर वापस आ रहे थे। दोनो भाई असौसा गांव में नहर किनारे गुजर रहे तभी लगभग दो बजे दिन में उनका स्कूटर खराब हो गया। जब दोनों भाई स्कूटर ठीक करने के लिए रुके तभी पहले से पीछा कर रहे मेहनगर कस्बे के ही अनिल सुनील तथा अजीत पुत्रगण मेवालाल वहां आ गए और उन्होंने पुरानी जमीनी विवाद की रंजिश में हमारे भाई जयप्रकाश की गोली मारकर हत्या कर दी।


 पुलिस से जांच पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों के विरुद्ध चार्जशीट न्यायालय में प्रेषित किया। अभियोजन पक्ष की तरफ से शासकीय अधिवक्ता शिवाश्रय राय तथा आनंद सिंह ने वादी मुकदमा दशरथ, डॉक्टर ए के मिश्रा, ओमप्रकाश उर्फ हरिओम, अब्दुल अजीज तथा ऋषि नारायन सिंह को बतौर साक्षी न्यायालय में परीक्षित कराया। दोनो पक्षों की दलीलों को सुनने के बाद अदालत ने आरोपी अनिल कुमार, सुनील कुमार तथा अजीत को आजीवन कारावास तथा दस दस हजार रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई।

 

आजमगढ़ जहानागंज मुठभेड़ के दौरान फरार हुए दो अपराधियों पर 25-25 हजार का ईनाम घोषित


 आजमगढ़ जहानागंज मुठभेड़ के दौरान फरार हुए दो अपराधियों पर 25-25 हजार का ईनाम घोषित



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बुधवार की सुबह जहानागंज थाना क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान फरार हुए दो अपराधियों पर 25-25 हजार रुपए पुरस्कार घोषित किया है। पुलिस की टीमें फरार अपराधियों की तलाश में जुट गई हैं।


जहानागंज थाना क्षेत्र के बुंदा (गंभीरवन) गांव में स्थित मोबाइल टावर में प्रयुक्त बैट्रियों व अन्य उपकरणों की चोरी के मामले में बीते 17 जनवरी को टावर से संबंधित ललित यादव द्वारा स्थानीय थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इस मामले में पुलिस ने तीन दिन पूर्व जहानागंज -सठियांव मार्ग पर मोबाइल टावरों पर चोरी करने वाले गिरोह के आधा दर्जन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अभियुक्तों से की गई पूछताछ के बाद पुलिस ने इस गिरोह में शामिल कुल 15 सदस्यों को गिरफ्तार कर चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त तीन चारपहिया वाहन तथा 15 लाख कीमत के चुराए गए उपकरणों की बरामदगी की। गिरफ्तारी के दौरान गिरोह का सरगना पकड़ा नहीं जा सका। बुधवार की सुबह जहानागंज थाना क्षेत्र के धनहुंआ गांव के समीप पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में गैंग लीडर संतोष सिंह निवासी ग्राम तिलहुंआ थाना क्षेत्र निजामाबाद गोली लगने से घायल होने की वजह से पकड़ा गया। इस दौरान घायल गैंग लीडर के दो साथी मौके से भागने में सफल रहे।


 पकड़े गए बदमाश से की गई पूछताछ के दौरान फरार हुए बदमाशों के बारे में पुलिस को जानकारी मिली। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने फरार बदमाशों में सतीश सिंह उर्फ छोटू पुत्र स्व0 प्रदीप सिंह निवासी धनहुंआ थाना जहानागंज तथा मिथलेश कुमार पुत्र महेन्द्र निवासी गौसपुर, थाना निजामाबाद की गिरफ्तारी के लिए दोनों पर 25-25 हजार रुपए का ईनाम घोषित कर दिया है।

आजमगढ़ मुन्ना गैंग के 6 सदस्यों को किया गया सूचीबद्ध विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में हैं संलिप्त, कोड नं0 डी-115 होगी पहचान


 आजमगढ़ मुन्ना गैंग के 6 सदस्यों को किया गया सूचीबद्ध


विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में हैं संलिप्त, कोड नं0 डी-115 होगी पहचान


आजमगढ़ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने कानून व्यवस्था को सुव्यवस्थित एवं सुदृढ़ करने के लिए तथा अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए कठोर कार्रवाई करते हुए 6 वांछित अभियुक्तों को सूचीबद्ध किया है।


 पुलिस अधीक्षक द्वारा अभियुक्त मो0 आरिफ उर्फ मुन्ना पुत्र अब्दुल मजिद निवासी चकिया हुसेनाबाद थाना निजामाबाद को जनपद में एक संगठित गैंग बनाकर व स्वयं गैंग का लीडर बनकर हत्या, हत्या के प्रयास व बलवा जैसे अपराध में संलिप्त पाते हुए उसकी गैंग को आपराधिक गैंग घोषित करते हुए सूचीबद्ध कर दिया गया। उसकी गैंग का कोड नं0 डी-115 होगा। 


इस गैंग के सदस्यों में वहाजूद्दीन पुत्र तौफीक, जिवरान पुत्र वहाजूद्दीन, फरहान पुत्र वहाजूद्दीन, सफवान पुत्र वहाजूद्दीन निवासी चकिया हुसेनाबाद, खालिद पुत्र अलीकदर निवासी फरिहा, दानिश पुत्र अब्दुल मजीद निवासी चकिया हुसेनाबाद, थाना निजामाबाद, जनपद आजमगढ़ हैं।