आजमगढ़ पवई 5 लोगों को बैठाकर जा रही बाइक की दूसरी बाइक से भिड़ंत, मासूम की मौत
शादी समारोह में शामिल होने आया था 10 वर्षीय आदर्श, हादसे में दोनों बाइकों पर सवार कई लोग घायल
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के पवई थाना क्षेत्र के शाहमर्दानपुर गांव के पास सोमवार दोपहर पवई-कलान मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि दोनों बाइकों पर सवार अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के समय एक बाइक पर पांच लोग सवार थे और किसी ने हेलमेट नहीं पहना था। दुर्घटना के बाद दूसरी बाइक पर सवार युवक मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, शाहमर्दानपुर गांव निवासी अशोक कुमार की पुत्री की शादी रविवार को थी। समारोह में शामिल होने के लिए उनके साढ़ू सूरज कुमार का परिवार भी आया था। इसी शादी में अशोक की बड़ी बेटी के ससुराल कटका, अंबेडकरनगर से मनोज निषाद भी पहुंचे थे। सोमवार दोपहर करीब एक बजे मनोज निषाद बाइक पर सूरज कुमार के 10 वर्षीय पुत्र आदर्श समेत पांच लोगों को बैठाकर पवई बाजार से शाहमर्दानपुर गांव की तरफ जा रहे थे। शीतला माता मंदिर से करीब 200 मीटर पश्चिम सामने से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक अनियंत्रित होकर उनकी बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं और उन पर सवार सभी लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। राहगीरों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने कटका गांव निवासी आदर्श को मृत घोषित कर दिया। आदर्श अपनी मौसी की बेटी की शादी में शामिल होने आया था।
बताया जा रहा है कि दूसरी बाइक पर सवार युवक भी गिरकर घायल हो गए थे। स्थानीय लोग उन्हें पास के एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां मरहम-पट्टी कराने के बाद वे मौका पाकर फरार हो गए। चर्चा है कि दूसरी बाइक पर सवार युवक पढ़ाई करने वाले थे और कहीं से परीक्षा देकर लौट रहे थे। स्थानीय लोग कुछ युवकों को पहचानने की बात भी कह रहे हैं, लेकिन उनके बारे में खुलकर जानकारी देने से बच रहे हैं।
मृतक के मामा सत्यजीत ने आरोप लगाया कि बाइक चला रहे मनोज निषाद शराब के नशे में थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष पवई ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद शादी वाले घर में खुशियां मातम में बदल गईं। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

No comments:
Post a Comment